इंदौर : कोरोना महामारी से निपटने के लिए सरकार के प्रयासों में व्यक्ति हो या संस्थाएं अपनी- अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दे रहे हैं। इंदौर दुग्ध संघ ने भी कोरोना के खिलाफ लड़ी जा रही जंग में अपना योगदान दिया है। दुग्ध संघ के अध्यक्ष मोती सिंह पटेल ने दूध उत्पादक किसानों और दुग्ध संघ के अधिकारी- कर्मचारियों से एकत्रित 84 लाख से अधिक राशि का चेक कोरोना से निपटने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रदान किया।
संभागायुक्त को भेंट किया चेक।
इंदौर दुग्ध संघ के अध्यक्ष मोती सिंह पटेल, सीईओ एएन द्विवेदी के साथ शुक्रवार को संभागायुक्त कार्यालय पहुंचे। उन्होंने संभागायुक्त आकाश त्रिपाठी से मिलकर उन्हें 84 लाख 87 हजार 568 रुपए का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए सौंपा।
47 हजार दूध उत्पादक किसानों ने दिया अंशदान।
दुग्ध संघ के अध्यक्ष मोती सिंह पटेल ने बताया कि इंदौर जिले के दुग्ध संघ से जुड़े करीब 47 हजार किसानों ने कोरोना महामारी से निपटने के लिए सहयोग का हाथ बढ़ाया। इसी के साथ दुग्ध संघ के अधिकारी- कर्मचारियों ने भी अपना एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए दिया है। उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर अपने परिवार की ओर से भी 51 हजार रुपए की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में दी है।
श्री पटेल ने बताया कि कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ रहे कर्मवीर योद्धाओं जैसे डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टॉफ, कोरोना संक्रमित इलाकों में काम कर रहे कर्मचारी और पुलिसकर्मियों के लिए पीपीई किट खरीदने और लॉकडाउन के चलते रोजगार गंवाने वाले मजदूरों की मदद की मंशा से उपरोक्त राशि उन्होंने एकत्रित कर मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रदान की है।