इंदौर ने जो संकल्प लिया है, हमेशा पूरा किया है : मुख्यमंत्री

  
Last Updated:  June 17, 2024 " 06:26 pm"

मुख्यमंत्री यादव ने 51 लाख पौधारोपण अभियान का किया शुभारंभ।

अभियान के स्लोगन, मोनो, गीत, वीडियो एवं वेबसाइट का किया लोकार्पण।

जल गंगा संवर्धन अभियान तहत रोपा जाने वाला हर पेड़ होगा मां के नाम ।

मुख्यमंत्री का ऐलान, पौधारोपण के लिए नगर निगम और वन विभाग को मिलेंगे 10 -10 करोड रुपए।

इंदौर को पितृ पर्वत की तरह हरियाली से आच्छादित करेंगे : नगरीय मंत्री।

इंदौर संकल्प के साथ आने वाली पीढ़ी को देगा शुद्ध हवा और हरियाली -महापौर।

इंदौर 1 दिन में एक स्थान पर 11 लाख पेड़ लगाकर बनाया जाएगा विश्व रिकॉर्ड।

इंदौर : जल गंगा संवर्धन और वन्दे जलम अभियान के तहत इंदौर में पर्यावरण संरक्षण के क्रम में 51 लाख पौधारोपण का प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में शुभारंभ किया। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, समस्त विधायक गण, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के प्रताप करोसिया, सभापति मुन्ना लाल यादव, महापौर परिषद सदस्य राजेंद्र राठौड़, अभिषेक शर्मा,अश्विनी शुक्ला, जीतू यादव, पार्षद गण, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, मंत्री विजयवर्गीय और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पौधारोपण करते हुए 51 लाख पौधारोपण अभियान के गीत, वीडियो, सोशल मीडिया एप, स्लोगन एवं वेबसाइट का भी लोकार्पण किया।

अब पर्यावरण संरक्षण में भी इंदौर रहेगा आगे।

मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कहा इस मौके पर कहा कि इंदौर स्वच्छता में तो नंबर वन है ही, स्वास्थ्य के प्रति भी सजग है। इससे बढ़कर अब इंदौर पर्यावरण संरक्षण के क्रम में भी बाजी मारने जा रहा है। इंदौर ने हमेशा जो संकल्प लिया है उसे पूरा किया है।

एक पेड़ अपनी मां के नाम में 51 लाख पौधारोपण के इस अभियान को सार्थक करने के लिए मुख्यमंत्री यादव ने नगर निगम और वन विभाग को 10 -10 करोड रुपए देने की भी घोषणा की।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश की जल संरचनाओं के संरक्षण एवं विकास के लिए अद्भुत अभियान चलाया गया। इससे हमें कुएं, बावड़ी,तालाब के महत्व को समझने के लिए प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है। जल के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। इसी भाव को लेकर प्रधानमंत्री द्वारा नल जल अभियान चलाया गया था।

वर्षा जल संरक्षण से बढ़ेगा भू जल स्तर।

मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि जल संरक्षण एवं वर्षा जल का संरक्षण बहुत आवश्यक है। उन्होंने एक पेड़ भूजल स्तर को बढ़ाने में कैसे काम करता है, उसके बारे में भी बताया।

पितृ पर्वत की तरह इंदौर को भी हरा – भरा बनाएंगे।

नगरीय प्रशासन मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर में बढ़ते तापमान को देखते हुए पितृ पर्वत में रहते हुए मैंने देखा कि इंदौर के इस हालत में सुधार की आवश्यकता है। हमने संकल्प लिया कि पितृ पर्वत की तरह ही इंदौर को भी हरा भरा बनाएंगे
इस काम में नगर निगम इंदौर, जिला प्रशासन एवं फॉरेस्ट विभाग द्वारा सक्रिय सहयोग दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में इंदौर में एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा जिसमें एक ही दिन में एक समय पर लाखों की तादाद में पौधारोपण किया जाएगा क्योंकि मुझे विश्वास है कि इंदौर के जागरूक नागरिक इस काम का सामर्थ रखते हैं।

स्वच्छता की तर्ज पर पर्यावरण में भी इंदौर बनेगा नंबर वन।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर स्वच्छता में नंबर वन है और हरियाली के इस संकल्प के साथ नंबर वन बनने के लिए अग्रणी है। महापौर भार्गव ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में 5.51 करोड़ पौधे लगाने का अभियान प्रारंभ किया है, इसी क्रम में इंदौर 51 लाख पौधों का रोपण करने जा रहा है। हमारे इस संकल्प से आने वाली पीढ़ी को शुद्ध हवा और पर्यावरण से आच्छादित इंदौर की सौगात मिल सकेगी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *