इंदौर पहुंचे कोरोना वैक्सीन ‘कोविशील्ड’ के डेढ़ लाख से अधिक डोज, इंदौर-उज्जैन संभाग के हैल्थवर्कर्स को लगाई जाएगी ये वैक्सीन
Last Updated: January 13, 2021 " 06:16 pm"
इंदौर : कोरोना वायरस से दो- दो हाथ कर उसे परास्त करने वाला ब्रह्मास्त्र याने वैक्सीन बुधवार शाम इंदौर पहुंच गई। पुणे से इंडिगो की फ्लाइट से वैक्सीन 13 बक्सों में इंदौर लाई गई। एयरपोर्ट से विशेष टीका रथ में रखकर ये बक्से एमटीएच कम्पाउंड स्थित रीजनल वैक्सीन सेंटर ले जाए गए। यहां निर्धारित तापमान में इन्हें रखा गया है। यहां से ये वैक्सीन इंदौर- उज्जैन संभाग के अलग- अलग जिलों में भेजी जाएगी।
पहली खेप में आए हैं वैक्सीन के 1 लाख 52 हजार डोज।
रीजनल डायरेक्टर स्वास्थ्य विभाग डॉ. अशोक डागरिया ने बताया कि 13 बक्सों में कुल 1लाख 52 हजार कोरोना वैक्सीन के डोज इंदौर आए हैं। ये सीरम इंस्टीट्यूट पुणे की ‘कोविशील्ड’ वैक्सीन है। इंदौर संभाग के 8 और उज्जैन संभाग के 7 जिलों में इस वैक्सीन के डोज निर्धारित संख्या में भेजे जाएंगे। डॉ. डागरिया ने बताया कि वैक्सीन को 2 से 8 डिग्री तापमान में संरक्षित कर रखा गया है।
पहले चरण में हैल्थवर्कर्स को लगेंगे वैक्सीन के डोज।
रीजनल डायरेक्टर डॉ. डागरिया ने बताया कि सबसे पहले हैल्थवर्कर्स को ये वैक्सीन लगाई जाएगी। टीकाकरण दो चरणों में होगा। पहला डोज 16 जनवरी से प्रारम्भ हो रहे टीकाकरण में दिया जाएगा उसके 28 दिन बाद दूसरे चरण का वैक्सिनेशन होगा।