एक जनवरी को नया साल, नई सरकार के नारे के साथ कांग्रेस मनाएगी संकल्प दिवस

  
Last Updated:  December 24, 2022 " 09:11 pm"

*हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लेकर कांग्रेस कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न।

इंदौर : 26 जनवरी से पूरे प्रदेश में कांग्रेस द्वारा हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत की जा रही है, जिसको लेकर कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल द्वारा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक सज्जन सिंह वर्मा, संगठन प्रभारी महेंद्र जोशी,विधायक संजय शुक्ला, म. प्र कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेश चौकसे,इंदौर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे,दीपक पिंटू जोशी,देवेंद्र सिंह यादव आदि ने संबोधित किया।

नया साल – नई सरकार के नारे के साथ कांग्रेस मनाएगी संकल्प दिवस।

बैठक को सम्बोधित करते हुए मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि नए साल में नए जोश के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारी में कांग्रेस पार्टी जुटने जा रही है। नया साल-नई सरकार नया साल-कमलनाथ सरकार को लेकर पहली जनवरी को कांग्रेस संकल्प दिवस मनाएगी। इस संकल्प दिवस पर भाजपा सरकार को प्रदेश से उखाड़ फेंकने का संकल्प सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिलाया जाएगा।

सिर्फ नारे लगाने से सत्ता नहीं मिलेगी।

सज्जन वर्मा ने कहा कि हम सिर्फ नारे लगा कर सरकार नहीं बना सकते, उसके लिए सबसे जरूरी है की हम मतदाता सूची का सूक्ष्म निरीक्षण करे। मतदाता सूची की गड़बड़ी को नहीं पकड़ा तो हमारी मेहनत व्यर्थ हो जाएगी। बूथ की लड़ाई तभी जीत सकते हैं जब हम मतदाता सूची पर ध्यान दे। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के साथ हमे इसका विशेष ध्यान रखना है। 85 वार्डो में चुनाव लडे निगम प्रत्याशियों को अपनी जिम्मेदारी निभाना है। कांग्रेस ने आप पर विश्वास कर वार्ड में आपको अपना प्रतिनिधि तय किया है। अब उस वार्ड में यह आपकी जवाबदारी है कि हमारा यह अभियान घर घर तक पहुंचे।

इंदौर संगठन प्रभारी महेंद्र जोशी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की ऐतिहासिक सफलता के लिए आप सब का धन्यवाद। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को लेकर शहर से ब्लॉक से मंडलम,सेक्टर फिर बूथ लेवल तक जाना है। 26 जनवरी को शुरू होने वाले इस अभियान में हमे जनता के दिलो से जुड़ना है उनकी समस्याओं को समझना है। बढ़ती हुई महंगाई,बेरोजगारी,भाजपा सरकार के भ्रष्टचार के विषयो को जनता तक पहुंचना है। हमारे नेता राहुल गांधी बारिश,गर्मी ठंड का सामना करते हुए रोजाना 25 किलोमीटर पैदल चल रहे है। हमे भी जनता से सीधा संवाद स्थापित कर जन जागरण अभियान चलाते हुए जनता को कांग्रेस से जोड़ना है। तीन चरणों में चलने वाले इस अभियान में आप सब को अपनी सामूहिक जवाबदारी तय करना होगी। मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठ की इस अभियान में ज्यादा जवाबदारी है।

नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा की कोरोना को देखते राज्य सरकार को भारतीय प्रवासी सम्मेलन स्थगित करना चाहिए। अगर राज्य सरकार इस पर कोई निर्णय नहीं लेती तो एक दिन के इंदौर बंद का आह्वान करना चाहिए यह कांग्रेस की नही इंदौर की जनता की मांग है। पूर्ववर्ती कमल नाथ सरकार ने कोरोना की आमद को देखते हुए आइफा अवार्ड निरस्त किया था कांग्रेस के लिए देश और प्रदेश की जनता की जान की हिफाजत पहली प्राथमिकता है। वही भाजपा के लिए जनता की जान से बढ़कर इवेंट है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने कहा की जिस तरह हम सब ने अपनी सामूहिक जवाबदारी को समझते हुए भारत जोड़ो यात्रा का ऐतिहासिक स्वागत करते हुए इंदौर की जनता को यात्रा में भागीदार बनाते हुए आम जन के मुद्दो को उठाया था। उसी तरह हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को हर घर तक हमे पहुंचना है। हमारी मेहनत तभी सार्थक होगी जब हम 2023 में कमलनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।
बैठक में मुख्य रूप से गिरधर नागर, स्वप्निल कोठरी,अरविंद बागड़ी,अमन बजाज,पार्षद अनवर कादरी, सच सलूजा,अंसाफ अंसारी, सोनिला मिमरोट,राजू भदौरिया, अनिल यादव,अनवर दस्तक, देवेंद्र सिंह यादव,धर्मेंद्र मौर्य,शहर कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया,संजय बाकलीवाल,विवेक खण्डेलवाल,इम्तियाज बेलिम,धर्मेंद्र गेंदर,युवा कांग्रेस अध्यक्ष रमीज खान,सन्नी राजपाल,किरण जिरेती,मनीषा शिरढोनकर,चंदू अग्रवाल,महेंद्र रघुवंशी,बद्री शर्मा,अरविंद जोशी,सुदामा चौधरी,दिलीप कोशल,रवि गुरनानी,निलेश पटेल,निलेश सेन,पुखराज राठौर,सुधीर लोट,राजेश मेवाती,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *