एमटीएच में बदतर हालत देख नाराज संभागायुक्त ने उप अधीक्षक को हटाने के दिए निर्देश

  
Last Updated:  August 3, 2023 " 10:18 pm"

एमटीएच का किया सघन निरीक्षण।

अस्पताल के हर विभाग में मिली तमाम खामियां।

आधा दर्जन से अधिक डॉक्टरो को नोटिस देने के निर्देश, सफाई कंपनी को भी लगाई फटकार।

इंदौर : संभागायुक्त मालसिंह ने गुरुवार को एमटीएच अस्पताल का दो घंटे तक सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एक-एक विभाग के दस्तावेजों को देखा। लगभग हर विभाग में खामियां पाने पर उन्होंने जिम्मेदारों को नोटिस देने के निर्देश दिए, वहीं अस्पताल की उप अधीक्षक डॉ. अनुपमा दवे को हटाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान डीन डॉ. संजय दीक्षित व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

संभागायुक्त प्रात: 9 बजे ही एमटीएच अस्पताल पहुँच गए। सबसे पहले उन्होंने ओपीडी कक्ष का निरीक्षण किया। वहां डॉक्टर और स्टॉफ उपलब्ध नही थे। पैथॉलाजी लैब की इंचार्ज डॉ. अनुपमा दिघे भी ड्यूटी पर उपस्थित नही थी।

माइक्रोबॉयोलाजी लैब का निरीक्षण करते हुए कई खामियां पाई गई। इसपर संभागायुक्त ने यहां ड्यूटी चार्ट लगाने व सिस्टम सुधारने को कहा। डॉ. अंजू महोरा और डॉ. नेहा भी 10 बजे उपस्थित नहीं थी। संभागायुक्त मालसिंह ने बायोकेमिस्ट्री रजिस्टर चेक किया। सैंपल देने में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। नियमानुसार हर आधे घंटे में संबंधितों तक सैंपल भेजना होता है।

1400 एंट्रिया पेंडिंग।

संभागायुक्त ने आयुष्मान ऑफिस के निरीक्षण के दौरान रजिस्टर और कंप्यूटर से जानकारी निकाली तो 1400 के पेंडिंग होने की बात सामने आई। उन्होंने सोनोग्राफी सिस्टम को लेकर बारीकी से पूछताछ की। गलत जानकारी देने पर कम्प्युटर ऑपरेटर को डांट लगाई। पैथॉलाजी लैब में टूटी हुई कुर्सियां मिली तो उन्हे हटाने को कहा। सैंपलों की अपूर्ण जानकारी पर कार्रवाई करने का कहा। जननी सुरक्षा योजना की जानकारी के संबंध में संतोषजनक जवाब नही मिलने पर उन्होंने प्रभारी पर कार्रवाई के निर्देश दिए। डिलीवरी के बाद मिलने वाली राशि के बारे में उन्होंने पाया की पोर्टल पर इंट्री नही की गई।

13 जुलाई के बाद नहीं दिया किसी बच्चे को दूध।

उन्होंने जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों के नाश्ते और भोजन के बारे में जानकारी ली। कुछ शिकायतें मिलने पर उन्होंने दुरूस्त करने के निर्देश दिए। स्टोर रूम प्रभारी डॉ. सुनीता द्वारा दवाइयों की जानकारी नही देने व उपयोगिता का हिसाब नही देने पर उन पर कार्रवाई के निर्देश दिए। डॉक्टर कक्ष में कागज फाइले मिलने पर उन्हे हटाने को कहा। मिल्क बैंक में रजिस्टर देखा। इस दौरान पता चला की 13 जुलाई के बाद किसी भी बच्चे को दूध नही दिया गया। लैब में ताले ही लगे हुए हैं। परिवार नियोजन विभाग में डॉक्टर नही थे। संभागायुक्त ने अस्पताल का सघन दौरा किया। उन्होंने सभी खामियां शीघ्र ठीक करने के निर्देश भी दिए।

उप अधीक्षक को हटाने के निर्देश।

संभागायुक्त मालसिंह ने एमटीएच के निरीक्षण के दौरान अस्पताल की उप अधीक्षक डॉ.अनुपमा दवे से व्यवस्थाओं, मरीजों की स्थितियों, खामियों सहित अन्य जानकारी चाही तो वे समाधानकारक जवाब नही दे सकी। उनका व्यवहार भी अनुकूल नहीं था। मरीजों की परेशानियों की बारे में भी नही बता सकी। संभागायुक्त ने नाराजगी जताते हुए उन्हे अस्पताल से हटाने के निर्देश डीन डॉ. संजय दीक्षित को दिए।

इन डॉक्टरों को नोटिस देने के निर्देश।

अस्पताल निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों के अनुपस्थित पाए जाने और सही जानकारी नही देने पर डॉ. रिया, डॉ. पारूल चौरसिया, डॉ. अनुपम डिके,डॉ. नेहा, डॉ. अंजू माहोरे, डॉ.अमित, डॉ. सुनीता देची तथा डॉ. दीपक तिवारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सफाई-पीने के पानी की व्यवस्था बदतर।

संभागायुक्त ने अस्पताल निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था बेहद खराब पाई। हर मंजिल के शौचालय गंदे थे। नल-फर्शियां टूटी हालत में थी। दीवारों और शौचालय में गंदगी पसरी हुई थी। सफाई कंपनी के इंचार्ज अमित को उन्होंने डांट लगाते हुए कहा कि ऐसी गंदगी से मरीजों को परेशानी होती है।व्यवस्था नही सुधारी तो कंपनी पर कार्रवाई की जाएगी। पीने के पानी की व्यवस्था भी ठीक नहीं थी। अस्पताल अधीक्षक इस बारे में ठीक से जानकारी नही दे सके। मरीजो को अपने स्तर पर ही पीने के पानी की व्यवसथा करने की जानकारी भी मिली। संभागायुक्त ने तीन दिन में दोनों इंतजाम ठीक करने के निर्देश दिए।

मैं रात को भी आउंगा।

संभागायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी मरीज को परेशानी नही होना चाहिए। शासन द्वारा जो सुविधाएं दी जा रही हैं, वो सब मरीजों को मिलना चाहिए। प्रबंधन ये न समझे की मैं आज आ गया हूँ तो अब नही आऊंगा। ध्यान रहे मैं एक-दो दिन बाद कभी भी दिन में या रात में भी अस्पताल में आ सकता हूं। जो अव्यवस्थाएं और खामियां मिली हैं,उन्हे शीघ्र दुरूस्त करें। मैनेजमेंट सुधारें। अगली बार आने पर सुधार दिखना चाहिए नही तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *