कमलनाथ के नेतृत्व में ही 2023 का चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, सिंधिया की वजह से बीजेपी को होगा नुकसान- लक्ष्मण सिंह

  
Last Updated:  July 27, 2021 " 09:19 pm"

इंदौर : प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की जरूरत नहीं है। कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस अच्छा काम कर रही है। 2023 का चुनाव कांग्रेस उन्हीं के नेतृत्व में लड़ेगी और जीतेगी। ये बात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक लक्ष्मणसिंह ने कही। वे इंदौर प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उनके सवालों के जवाब दे रहे थे।

संगठन को कर रहें मजबूत।

लक्ष्मण सिंह का कहना था कि कमलनाथ की वरीयता को देखते हुए पार्टी का शीर्ष नेतृत्व भी उनकी सेवाएं लेता रहता है लेकिन वे मप्र में बने रहेंगे। लगातार संगठन को मजबूत करने की ओर वे ध्यान दे रहे हैं। कांग्रेस उनकी अगुवाई में खंडवा लोकसभा और तीन विधानसभा उपचुनाव जीतने के साथ 2023 का विधानसभा चुनाव भी जीतेगी।

महापुरुष (सिंधिया ) खुद को बॉस समझते हैं।

ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसते हुए उन्हें महापुरुष संबोधित कर लक्ष्मण सिंह ने कहा उन्हें कांग्रेस में पूरा सम्मान दिया गया था। उनके 13-14 समर्थक विधायकों को कमलनाथ ने मंत्री पद से नवाजा था। सिंधिया के साथ दिक्कत ये है कि वे किसी को बॉस नहीं मानते। वे खुद को ही बॉस समझते हैं। कमलनाथ उनके लिए अपनी कुर्सी नहीं छोड़ सकते थे। लक्ष्मण सिंह ने दावा किया कि ग्वालियर- चंबल संभाग में कांग्रेस एकजुट होकर लड़े तो सिंधिया का अस्तित्व खत्म कर सकते हैं।

बीजेपी को उठाना पड़ेगा नुकसान।

लक्ष्मण सिंह ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया का अड़ियल रवैया बीजेपी में ज्यादा दिन नहीं चलेगा। उनके बीजेपी में जाने से समर्पित कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। यह आक्रोश चुनाव के समय खुलकर प्रकट होगा और पार्टी में टकराव बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि 2023 के चुनाव में बीजेपी को सिंधिया की वजह से खासा नुकसान उठाना पड़ेगा।

बीजेपी के शासन काल में बिकता है नकली यूरिया।

लक्ष्मण सिंह ने आरोप लगाया कि यूरिया की कृत्रिम कमी पैदा की जाती है और उसकी आड़ में नकली खाद धड़ल्ले से बेचा जाता है। बीजेपी के शासन काल में यही गोरखधंधा चल रहा है।

महंगी बिजली खरीदकर थमा रहे हजारों के बिल।

एक सवाल के जवाब में विधायक लक्ष्मण सिंह ने कहा बीजेपी सरकार महंगे दामों में बिजली खरीदकर घाटा पाटने के लिए उपभोक्ताओं को हजारों के बिल थमा रही है, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में लोगों को बेहद सस्ती बिजली मिल रही थी।

शराब नीति में हो परिवर्तन।

जहरीली शराब से होने वाली मौतों को लेकर लक्ष्मण सिंह का कहना था कि जब तक कुछ ही लोगों के हाथों में कारोबार सिमटा रहेगा, ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। जरूरत शराब नीति में परिवर्तन की है। सरकार को ओपन लाइसेंस पालिसी लागू करना चाहिए। इससे अवैध शराब बिकनी बन्द हो जाएगी और इंदौर में हुए गोलीकांड जैसी घटनाओं पर भी अंकुश लग सकेगा।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *