महिला पुलिस के कारण बनीं इंदौर पुलिस की संवेदनशील छवि

  
Last Updated:  March 8, 2022 " 09:42 pm"

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महिला पुलिस के लिये विशेष कार्यक्रम

महिला पुलिस अधिकारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण संबधी बातों पर हुई परिचर्चा।

इंदौर : 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इंदौर पुलिस द्वारा विभाग की महिला पुलिस सदस्यों के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में महिला अधिकारियों/कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को लेकर परिचर्चा भी रखी गई।

कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त इंदौर ज़ोन-3 धमेन्द्र सिंह भदौरिया, पुलिस उपायुक्त इंदौर ज़ोन-4 राजेश कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त (आसूचना/सुरक्षा)
रजत सकलेचा, पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन इंदौर
महेशचंद जैन की विशेष उपस्थिति में अति. पुलिस उपायुक्त मुख्यालय इंदौर मनीषा पाठक सोनी, सहायक पुलिस आयुक्त (महिला सुरक्षा शाखा) इंदौर नंदिनी शर्मा सहित जिला पुलिस बल इन्दौर की निरीक्षक से आरक्षक तक की महिला अधिकारी/कर्मचारीगण शामिल हुई।
कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपने कार्य से विशेष योगदान देने वाली विशिष्ठ महिलाएं- डॉ आशा बक्शी, डॉ. गिन्नी छाबड़िया, सिद्वायनी पाटनी, आयुषी कासलीवाल, वॉक प्रोडक्शन हाउस की रचना जौहरी और डॉ सुनीता वर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रही।

कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का मनीषा पाठक सोनी ने अतिथियों का परिचय करवाने के साथ उनका स्वागत किया। उन्हानें कहा कि हम सभी महिलाएं पुलिस की ड्यूटी के साथ ही अपनी व्यक्तिगत व सामाजिक जीवन में भी अपनी भूमिकाएं निभा रही हैं।

महिला पुलिस के कारण विभाग की संवेदनशील छवि बनी।

इस अवसर पर डीसीपी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि नारी अपने आप में श्रेष्ठ है, किसी भी स्थान पर नारी की मौजूदगी से ही वह स्थान शालीन व संस्कारवान बन जाता है। उन्होनें कहा कि पुलिस विभाग में महिलाओं की उपस्थिति बढ़ने से पुलिस के व्यवहार में बहुत बदलाव आया है, अब पुलिस ज्यादा शालीनता और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करते हुए नजर आती है, इसके लिये उन्होनें सभी महिला पुलिस सदस्यों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने को कभी भी कमतर न समझे। बस वे अपने कर्तव्य को पूर्ण आत्मविश्वास के साथ अंजाम दें।

नारी के बिना दुनिया की परिकल्पना संभव नहीं।

डीसीपी धमेन्द्र सिह भदौरिया ने कहा कि यदि घर में कोई लड़की या महिला न हो तो वह घर नीरस व अधूरा सा लगता है, उसीतरह से हम बिना नारी के दुनिया की परिकल्पना भी नहीं कर सकते। महिलाएं अपने घर के हर मोर्चे को बखूबी संभाल रही है, वरन बाहर आकर भी समाज के हर क्षेत्र में अपना बहुमूल्य योगदान दे रही हैं।

शोषित, पीड़ित महिलाओं की करें मदद।

डीसीपी रजत सकलेचा ने इन्दौर पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके कल्याण के लिये किए जा रहे कार्यो की प्रशंसा करते हुए, कहा कि आप सभी स्वयं के आत्मविश्वास को बढ़ाते हुए, समाज की शोषित व पीड़ित महिलाओं/बच्चियों की मदद करें, उनमें आत्मविश्वास जगायें।

शक्तिस्वरूपा है महिला पुलिस।

डीसीपी महेशचंद जैन ने उपस्थित सभी महिलाओं को मातृशक्ति बताते हुए कहा कि पुरातन समय से ही हमारे यहा महिलाओं को शक्ति स्वरूपा कहा जाता है। आप सभी पुलिस में है तो वाकई में शक्ति है, इसी आत्मविश्वास का अपने अंदर अहसास करते हुए, जीवन के पथ पर आगे बढ़ते रहे।

शार्ट फ़िल्म का किया गया प्रदर्शन।

इस कार्यक्रम में पुलिस के समक्ष आनेवाली चुनौतियों, महिला पुलिस के कार्य व सामाजिक उत्तरदायित्व की भूमिका को दर्शाती हुई एक विडियों शार्ट फिल्म ‘‘मॉं अहिल्या स्वावलम्बन डेस्क-स्वयंसिद्वा’’ का प्रदर्शन किया गया जिसका निर्माण वाक् प्रोडक्शन हाउस की रचना जौहरी एवं उनकी टीम द्वारा किया गया है। उप निरीक्षक शिवम ठक्कर द्वारा महिलाओं की पुलिस की सर्विस में विभिन्न भूमिकाओं को दर्शाते हुए बनाए एक स्लाइड शो ‘‘शक्ति’’ का भी प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम में आई महिला अतिथियों द्वारा महिला पुलिस के स्वास्थ्य और उनके कल्याण हेतु किये जा रहे कार्यों व जागरूकता विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी। डॉ. आशा बक्शी (स्त्री रोग विशेषज्ञ) ने सभी महिला पुलिस साथियों को अपने कार्य के साथ अपने स्वास्थ्य व हाईजीन आदि का ध्यान रखने हेतु महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
डॉ. गिन्नी छाबड़िया (डर्मोलाजिस्ट) ने ड्यूटी करते समय धूप व संक्रमण से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारियां दी। डॉ सुनीता वर्मा ने कहा कि वे खुद से जुड़े दूसरे लोगों के साथ ही अपने बारें में भी जरूर सोचें। अपने बारें में I am Special की सोच रखे। उन्होंने न्यूट्रीशन के बारें में भी जानकारी दी। आयुषी कासलीवाल-यंग आन्त्रप्रेन्योर ने स्वयं द्वारा तैयार व डिजाइन किए गये गिफ्ट हेम्पर सभी को दिए। वहीं एमीसीए की सिद्वायनी पाटनी ने सभी पुलिस कर्मियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो इसके लिये 3 वॉटर प्यूरीफायर इंदौर पुलिस को प्रदान किए।

उपस्थित महिला पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा भी कार्य के दौरान अपने अच्छे कार्यो व चुनौतियों के अनुभवों को आपस में साझा किया गया। हम महिलाओं के लिए किस प्रकार और बेहतर माहौल बना सकते हैं इस पर चर्चा की गयी।

इस दौरान अपने विशिष्ट कार्यो से समाज में अभिन्न योगदान देने वाले अतिथियों का स्वागत किया गया तथा सभी महिला पुलिस अधिकारियों को भी उनके द्वारा किये जा रहे उत्कृष्ट कार्यो के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन थाना प्रभारी महिला थाना ज्योति शर्मा द्वारा किया गया। आभार एडी. डीसीपी मनीषा पाठक सोनी ने माना।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *