इंदौर : जिला प्रशासन के आदेश पर सोमवार से मध्यक्षेत्र को छोड़ शेष शहर में लेफ्ट- राइट का नियम समाप्त कर दिया गया।इसपर मध्यक्षेत्र के अलावा पूरे शहर में बाजार व दुकाने आम दिनों की तरह खुले रहे। मध्यक्षेत्र के व्यापारियों ने इसे भेदभावपूर्ण करार देते हुए इसका विरोध किया। कलेक्टर के बुलावे पर वे उनसे मिलने और अपनी बात रखने कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। व्यापारियों के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर मनीष सिंह की चर्चा चल ही रही थी कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल और विधायक संजय शुक्ला भी व्यापारियों की बैठक में शामिल होने वहां पहुंच गए। कलेक्टर ने उन्हें बैठक में शामिल होने की अनुमति नहीं दी तो वे अन्य नेताओं के साथ कलेक्टर कक्ष के बाहर धरना देकर बैठ गए। उनका कहना था कि वे व्यापारियों के हित में कलेक्टर से बात करना चाहते थे लेकिन कलेक्टर मनीष सिंह ने उनसे मिलने से इनकार किया इसलिए वे उनके कक्ष के बाहर धरना दे रहे हैं। मामला गर्माता देख पुलिस बल भी बुला लिया गया। व्यापारियों के साथ मीटिंग के बाद कलेक्टर मनीष सिंह बाहर आए और धरने पर बैठे कांग्रेसी नेताओं से चर्चा की। विधायक संजय शुक्ला और शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने उनके समक्ष मध्य क्षेत्र के व्यापारियों के साथ भेदभाव का मामला उठाते हुए शहर के अन्य क्षेत्रों की तरह मध्य क्षेत्र में भी लेफ्ट- राइट का नियम खत्म करने की मांग की। मध्य क्षेत्र के व्यापारियों को भी सप्ताह में 6 दिन दुकानें खोलने की अनुमति दी जानी चाहिए। कलेक्टर मनीष सिंह ने कोरोना संक्रमण को लेकर मध्य क्षेत्र के अधिक संवेदनशील होने की बात कहते हुए अपने निर्णय का बचाव किया। कुछ देर चली चर्चा के बाद कांग्रेसी नेताओं ने कलेक्टर के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया।
कांग्रेसी नेताओं ने कलेक्टर कक्ष के बाहर दिया धरना, मध्य क्षेत्र में भी लेफ्ट- राइट का नियम खत्म करने की मांग की
Last Updated: July 28, 2020 " 05:45 am"
Facebook Comments









