मुम्बई: बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के विधायक पुत्र आकाश विजयवर्गीय का निगम अधिकारी को बैट मारने को लेकर हुआ हंगामा अभी थमा भी नहीं था कि महाराष्ट्र में कांग्रेस के विधायक नितेश राणे की शर्मसार करनेवाली करतूत सामने आई है।
अधिकारी को कीचड़ से नहलाया।
महाराष्ट्र के पूर्व सीएम और रसूखदार नेता नारायण राणे के पुत्र नितेश राणे अपने विधानसभा क्षेत्र कणकवली के पास से गुजरने वाले मुम्बई- गोवा राजमार्ग का जायजा लेने समर्थकों के साथ पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान राजमार्ग और उसपर बने एक पुल पर गड्ढों की बहुतायत देखकर नितेश राणे गुस्से में आ गए। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारी { इंजीनियर } प्रकाश शेडेकर को कीचड़ से नहला दिया। बाद में रस्सी से बांधकर नितेश राणे के समर्थकों ने उक्त अधिकारी के साथ बदसलूकी भी की।
नितेश की करतूत से गरमाई सियासत।
नितेश राणे की इस करतूत से महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है। सत्तारूढ़ बीजेपी और सहयोगी दलों ने विधायक नितेश राणे की करतूत को शर्मनाक बताते हुए उनपर कार्रवाई की मांग की है।
एनजीओ भी चलाते हैं नितेश राणे।
विधायक नितेश राणे 2014 में 25 हजार मतों से चुनाव जीते थे। वे स्वाभिमान संगठन के नाम से अपना एनजीओ चलाते हैं। मुम्बई युवक कांग्रेस के नितेश महासचिव भी रहे हैं।उनके पिता शिवसेना में रहते महाराष्ट्र के सीएम बने थे। 2005 में उन्होंने शिवसेना छोड़कर कांग्रेस जॉइन कर ली थी। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में वे कैबिनेट मंत्री रहे।









