कार्यकर्ताओं को विजय का संकल्प दिलाने के साथ गृहमंत्री शाह ने किया बीजेपी के चुनाव अभियान का आगाज

  
Last Updated:  July 30, 2023 " 08:50 pm"

कांग्रेस पर चुन चुन कर साधे निशाने।

सीएम शिवराज ने कमलनाथ पर वल्लभ भवन को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाने का लगाया आरोप।

कार्यकर्ताओं से कहा युद्ध का हो गया है आगाज, इस बार न हो कोई चूक।

इंदौर : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को इंदौर के कनकेश्वरी गरबा मैदान में आयोजित संभागीय बूथ अध्यक्ष व कार्यकर्ता सम्मेलन में उपस्थित हजारों कार्यकर्ताओं को विजय का संकल्प दिलाकर बीजेपी के विधानसभा चुनाव अभियान का आगाज किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, अश्विनी वैष्णव और भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और अन्य वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि इस दौरान मौजूद रहे।

पीएम मोदी ने ऐतिहासिक तीर्थ स्थानों का जीर्णोद्धार किया।

इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मालवा की महारानी लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के ऐतिहासिक तीर्थ क्षेत्रों का जीर्णोद्धार करवाया और उन्हें संरक्षित किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने दुनिया में भारत का झंडा बुलंद किया है। देश – विदेश में उन्हें जो सम्मान मिल रहा है वो उनका नहीं देश के एक सौ तीस करोड़ लोगों का सम्मान है।

धारा 370 को कांग्रेस ने 70 सालों तक पाला – पोसा।

गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जम्मू – कश्मीर में धारा 370 को उसने 70 सालों तक पाल – पोस कर रखा। पीएम मोदी की सरकार ने इसे हटाकर जम्मू – कश्मीर को मुख्यधारा में लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि ये कांग्रेस ही थी जिसने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में हमेशा रोड़े अटकाए। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद पीएम मोदी ने भूमिपूजन कर राम मंदिर निर्माण के काम को आगे बढ़ाया। कांग्रेस के राज में देश में आए दिन धमाके होते थे और उनकी सरकार कुछ नहीं कर पाती थी। ये पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार है जिसने उड़ी व पुलवामा हमले के बाद दुश्मन देश में घुसकर आतंकियों के ठिकानों पर सर्जिकल व एयर स्ट्राइक की और उन्हें नेस्तनाबूत किया। देश को सुरक्षित करने का काम मोदी सरकार ने किया।

गरीबों के मसीहा हैं पीएम मोदी।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सही मायने में गरीबों के मसीहा हैं। उन्होंने 80 करोड़ से अधिक लोगों तक राशन पहुंचाया। कोरोना की वैक्सीन के दो डोज लोगों को मुफ्त लगवाए। प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए करोड़ों गरीबों को आशियानें दिलवाए। आयुष्यमान योजना के जरिए लोगों के इलाज की व्यवस्था की। किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को आर्थिक मदद मुहैया करवाई।लाखों बहनों को उज्ज्वला योजना के जरिए मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए। केवल मप्र में ही 80 लाख शौचालय मोदी – शिवराज की डबल इंजन सरकार ने बनवाए।

बीमारू राज्य को विकसित राज्य बनाया।

अमित शाह ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कमलनाथ को बिना नाम लिए मिस्टर बंटाढार व करप्शननाथ संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मिस्टर बंटाढार ने मप्र को बीमारू राज्य बना दिया था। ये मोदी – शिवराज की डबल इंजन की सरकार के विकास कार्यों का ही कमाल है की मप्र आज विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा है। आज मप्र की औद्योगिक विकास दर 24 फीसदी है। कृषि विकास दर 18 फीसदी से ज्यादा है। मिस्टर बंटाढार और करप्शननाथ प्रदेश का बजट महज 23 हजार करोड़ का छोड़ गए थे। बीजेपी की शिवराज सरकार ने इसे 2 लाख 23 हजार करोड़ तक पहुंचाया। कांग्रेस के शासन में उपज की खरीदी सिर्फ 4 लाख टन होती थी। शिवराज सरकार ने इसे बढ़ाकर 70 लाख टन तक पहुंचाया। अब मेडिकल के छात्र हिंदी में भी पढ़ाई कर सकते हैं। पूर्व में कांग्रेस की केंद्र सरकार मप्र को वित्तीय मदद देने में भी भेदभाव करती थी। उस समय मप्र को महज 2 लाख करोड़ मिलते थे। आज मोदी सरकार साढ़े सात लाख करोड़ की मदद मुहैया करवा रही है।

हाथ उठाकर दिलवाया विजय का संकल्प।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि डबल इंजन की सरकार मप्र को नंबर वन राज्य बनाएगी। उन्होंने कहा कि मप्र में बीजेपी का संगठन बहुत मजबूत है। इसे कुशाभाऊ ठाकरे और राजमाता सिंधिया ने अपने खून – पसीने से सींचा है। शाह ने कहा कि सरकार नेता नहीं, कार्यकर्ता बनाते हैं। 2023 में प्रचंड बहुमत से मप्र में सरकार बनाना है वहीं 2024 में प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटें जीतकर नरेंद्र भाई मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने सम्मेलन में उपस्थित हजारों बूथ अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं को दोनों हाथ ऊपर उठाकर भारत माता के जयकारे के साथ विजय का संकल्प दिलाया।

अमित शाह की मौजूदगी विजय का मार्ग प्रशस्त करेगी।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति चुनाव में विजय का मार्ग प्रशस्त करेगी।उन्होंने कहा,युद्ध के नगाड़े बज गए हैं। संघर्ष का आगाज हो गया है। कार्यकर्ताओं को पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में डट जाना है। उन्होंने कहा, आज मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। शिवराज ने सवाल किया कि कांग्रेस के जमाने में कोविड़ आता तो वैक्सीन आती क्या..? पहले भी कांग्रेस ने मप्र का कबाड़ा किया है। प्रदेश सड़क, बिजली, पानी से महरूम था।

कमलनाथ ने जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी।

सीएम शिवराज ने पूर्व सीएम कमलनाथ पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने कई जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर जानता को उनके लाभों से वंचित कर दिया। संबल योजना बंद कर दी। जल जीवन मिशन प्रारंभ नहीं होने दिया। किसान सम्मान निधि के लिए किसानों की सूची नहीं भेजी। केंद्र की योजनाएं लागू नहीं की। बच्चों से लैपटॉप छीन लिए। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के बेटियों को पैसे तक नहीं दिए। बुजुर्गों के लिए चलाई जा रही तीर्थ दर्शन बंद कर दी थी। उन्होंने वल्लभ भवन को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था।कमलनाथ की सरकार दलाल और कमीशंखोरों की सरकार थी।

इस बार कोई चूक न हो।

सीएम शिवराज ने कहा कि पीएम के सपनों को साकार करना है तो बीजेपी की सरकार फिर से आना जरूरी है। तीन माह बचे हैं। कार्यकर्ता दिन रात काम करने का संकल्प लें। द्वार द्वार जाएं और रिकॉर्ड बहुमत से बीजेपी की सरकार बनाएं। इस बार कोई चूक नहीं होनी चाहिए।

सम्मेलन को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, रतलाम – झाबुआ के सांसद गुमान सिंह डामोर सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

इसके पूर्व दोपहर करीब साढ़े तीन बजे गृहमंत्री अमित शाह सम्मेलन स्थल पर पधारे।कार्यकर्ताओं ने खड़े होकर ताली बजाते हुए उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री शिवराज भी उनके साथ थे। ढोल ताशे की गूंज ने कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। अमित शाह जिंदाबाद के साथ मोदी – मोदी के नारों से सम्मेलन स्थल गूंजता रहा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा,राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव, केन्द्रीय रेल मंत्री एवं प्रदेश चुनाव सह प्रभारी अश्विन वैष्णव,प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, प्रदेश उपाध्यक्ष नागरसिंह चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम महाजन, प्रदेश मंत्री संगीता सोनी प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा सूरज कैरो, राष्ट्रीय महामंत्री अनुसूचित जनजाति मोर्चा एवं सांसद गजेन्द्र पटेल, प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जनजाति मोर्चा कलसिंह भाबर, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, औद्योगिक नीति एवं निवेश मंत्री राज्यवर्धनसिंह दत्तीगांव, पर्यटन, संस्कृति एवं आध्यात्म मंत्री उषा ठाकुर, पशुपालन, सामाजिक न्याय मंत्री प्रेमसिंह पटेल, वन मंत्री विजय शाह, इंदौर महानगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, इंदौर ग्रामीण अध्यक्ष डॉ. राजेश सोनकर, धार जिला अध्यक्ष मनोज सोमानी, झाबुुआ जिला अध्यक्ष भानू भूरिया, अलीराजपुर जिला अध्यक्ष संतोष मकुपरवाल, खरगौन जिला अध्यक्ष राजेन्द्रसिंह राठौर, बड़वानी जिला अध्यक्ष ओम सोनी, खंडवा जिला अध्यक्ष सेवादास पटेल, बुरहानपुर जिला अध्यक्ष मनोज लधवे, संभाग प्रभारी राघवेन्द्र गौतम, संभाग सह प्रभारी डॉ. तेजबहादूरसिंह चौहान, राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी, सांसद बुरहानपुर ज्ञानेश्वर पाटिल,सांसद इंदौर शंकर लालवानी, सासंद धार छतरसिंह दरबार, विधायक रमेश मेंदोला, आकाश विजयवर्गीय
मालिनी गौड़, महेन्द्र हार्डिया, विधायक धार नीना वर्मा, विधायक बड़वाह, जिला खरगौन सचिन बिरला, विधायक मंधाता, जिला खंडवा नारायण पटेल, विधायक खंडवा देवेन्द्र वर्मा, विधायक पंधाना, जिला खंडवा राम डांगोरे, विधायक नेमा, जिला बुरहानपुर सुमित्रा देवी कासडेकर, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, महापौर, खंडवा श्रीमती अमृता अमर यादव, महापौर, बुरहानपुर, श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, अध्यक्ष, इंदौर विकास प्राधिकरण, जयपालसिंह चावड़ा, युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे, म.प्र.राज्य सहकारी अनूसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर म.प्र. राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष प्रताप करोसिया, मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम उपाध्यक्ष नरेन्द्रसिंह तोमर, म.प्र. राज्य कृषि विपणन बोर्ड उपाध्यक्ष मधु दादू,वन विकास निगम के अध्यक्ष माधवसिंह डाबर, इंदौर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गोलू शुक्ला मंच पर उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *