किसानों के साथ संवाद के लिए सदैव तत्पर है केंद्र सरकार, कांग्रेस का बर्ताव गैर जिम्मेदाराना- मुरलीधर राव

  
Last Updated:  January 31, 2021 " 07:58 pm"

26 जनवरी की घटना के पीछे है राजनीतिक षड्यंत्र।

कांग्रेस को उसके अपने ही नेता म्यूज़ियम पार्टी बनाने पर तुले हैं।

अगले 25 साल पंचायत से पार्लियामेंट तक फहराएगा बीजेपी का परचम।

नगरीय निकाय चुनाव के साथ आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में राजनीतिक रोडमैप बनाने पर हुई चर्चा।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कही ये बात।

इंदौर : दिल्ली में हुई 26 जनवरी की घटना के बारे में गहराई से सोचा जाए, तो इसके पीछे बड़ा राजनीतिक षडयंत्र नजर आता है। कांग्रेस इसकी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। व्यक्ति शाश्वत नहीं होता। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन व्यवस्थाएं शाश्वत होती हैं। इन व्यवस्थाओं के प्रति जो सम्मान, समर्थन और प्रतिबद्धता कांग्रेस की होना चाहिए, वह नहीं है। कांग्रेस का षडयंत्रकारी व्यवहार, भ्रम फैलाना, गलतफहमी पैदा करना और देश को नीचा दिखाने का यह तरीका गलत है। भाजपा वर्षों तक विपक्ष में रही, लेकिन कभी ऐसा नहीं किया। अब हम कांग्रेस के षडयंत्रकारी चेहरे को देश की जनता के सामने उजागर करेंगे। जनता को उसके गैर जिम्मेदाराना बर्ताव के बारे में बताएंगे। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहि। वे रविवार को प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा के साथ संयुक्त पत्रकार वार्ता में अपनी बात रख रहे थे।

किसानों से संवाद और सुझाव के लिए केन्द्र सरकार सदैव तैयार।

श्री राव ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों और कृषि आंदोलन के बारे में सकारात्मक सोच रखती है। सरकार इस मुद्दे पर किसानों से संवाद और सुझावों पर चर्चा के लिए तैयार है। सिर्फ दिल्ली की सीमा पर आंदोलन कर रहे किसानों से ही नहीं, पूरे देश के किसानों से चर्चा के लिए तैयार है। अगर उनके सुझाव उचित हों, तो सरकार उनके अनुरूप परिवर्तन के लिए भी तैयार है।

दूसरों के कंधे पर बंदूक रखकर चला रहीं विपक्षी पार्टियां।

श्री राव ने कहा कि देश के अधिकांश किसान भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के समर्थन में हैं, लेकिन यह प्रचारित किया जा रहा है कि कृषि कानूनों के खिलाफ पूरे देश के किसान सड़कों पर हैं। इसके लिए विपक्ष अभियान चला रहा है। जो पार्टियां सड़कों पर मुकाबला नहीं कर सकतीं, जीत नहीं सकतीं, वो दूसरों के कंधों पर बंदूक रखकर चलाने का प्रयास कर रही हैं। श्री राव ने कहा कि भाजपा इसे भलीभांति जानती है। पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर किसानों से मिल रहे हैं। सभाएं और बैठकें कर रहे हैं। सभी मुद्दों पर बात कर रहे हैं। ये सिलसिला जारी रहेगा।

पत्थरबाजों के नेता दिग्विजय सिंह।

श्री राव ने कहा कि मध्यप्रदेश में सभी किसान भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार से संतुष्ट हैं। पार्टी आगे भी किसानों के साथ संवाद जारी रखेगी। पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में भी इस पर चर्चा हुई है। श्री राव ने कहा कि किसानों के साथ सिर्फ भाजपा ही है, कांग्रेस की किसानों के बीच कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जब से भाजपा सरकार आयी है, तब से कृषि वृद्धि दर में लगातार तेजी आयी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस शून्यता की ओर जा रही है। कांग्रेस के नेतागण ही कांग्रेस को म्यूजियम पार्टी बनाने में लगे हुए हैं। श्री राव ने कहा कि कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह देश विरोधी गतिविधियों में लगे लोगों और पत्थरबाजों के नेता हैं। पार्टी का अध्यक्ष कोई भी हो, नेतृत्व दिग्विजय सिंह ही करते हैं। श्री राव ने कहा कि कांग्रेस एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका भी नहीं निभा पा रही है।

अगले 25 साल पंचायत से पार्लियामेंट तक फहराएंगे बीजेपी का परचम।

श्री राव ने कहा कि नगर निकाय चुनाव प्रत्यक्ष चुनाव हैं और इसे हम पूरे आत्मविश्वास से लड़ेंगे। पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में इस पर भी चर्चा हुई है। श्री राव ने कहा कि इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी नया बेंच मार्क बनाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत अब कांग्रेस के लिए मृगमरीचिका बन जाएगी। उसे अपना निशान भी ढूंढना पड़ेगा। श्री राव ने कहा कि नए पदाधिकारियों के साथ चर्चा में राजनीतिक रोडमैप तैयार करने तथा हर क्षेत्र में लक्ष्य निर्धारित करने पर भी चर्चा हुई है। माइक्रो मैनेजमेंट के साथ हम यह काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों की नई टीम अगले 25 सालों तक पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का परचम फहराने तथा प्रदेश को श्रेष्ठ प्रदेश बनाने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि आदिवासी, अनुसूचित जाति, जनजाति, किसान और युवा हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं। इसके लिए हम वरिष्ठ नेताओं के अनुभव लेते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करेंगे। बैठक में इस संबंध में भी चर्चा हुई है।

जिम्मेदारियों और भूमिकाओं पर हुई बैठक में चर्चा।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पदाधिकारियों की बैठक में विभिन्न विषयों पर चर्चा की गयी। भाजपा के सभी पदाधिकारी जिन्हें नई जिम्मेदारी मिली है, वह पार्टी को सशक्त बनाने और हर बूथ को मजबूत करने के काम में जुटेंगे। उन्होंने कहा कि इस बैठक में पदाधिकारियों की भूमिका को लेकर विस्तृत चर्चा हुई है।भारतीय जनता पार्टी जिन क्षेत्रों में कमजोर है, वहां उसे सशक्त बनाने में पदाधिकारियों की क्या भूमिका हो सकती है, इस पर विचार किया गया है। श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी के नाते हमारी भूमिका क्या है और किस पैमाने पर हमें काम करना है, इसको लेकर भी चर्चा हुई है। संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी ने जो जिम्मेदारी हमें दी है, उसमें हमारी भूमिका क्या होगी, इस विषय पर विस्तृत चर्चा की गई है।

हमारा व्यवहार बताता है भाजपा कैडर बेस्ड पार्टी है।

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, यह सिर्फ कहने के लिए नहीं है। हमारे कार्य, हमारा व्यवहार और हमारे निर्णयों में यह सभी बातें साफ दिखती हैं कि हम कैडर बेस्ड पार्टी हैं। इसी आधार पर काम करते हुए आने वाले चुनाव में पार्टी ने जो लक्ष्य तय किए हैं, उन्हें कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पूरा करेंगे। श्री शर्मा ने कहा कि हम नगरीय निकाय चुनाव तो जीतेंगे ही साथ ही 2023 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भी रोडमैप तैयार कर हर बूथ पर काम में जुटेंगे। गरीबों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने और उन्हें केन्द्र एवं राज्य सरकारों की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता काम करेगा।
पत्रकार वार्ता में बीजेपी के नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे और जिला अध्यक्ष राजेश सोनकर भी मौजूद रहे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *