कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे का यूपी पुलिस ने किया एनकाउंटर..

  
Last Updated:  July 10, 2020 " 08:10 am"

कानपुर : जैसी आशंका जताई जा रही थी यूपी एसटीएफ ने कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे का शुक्रवार(10 जुलाई) अलसुबह एनकाउंटर कर दिया। कानपुर के भौंती के पास इस एनकाउंटर को अंजाम दिया गया। विकास दुबे को एक दिन पहले ही मप्र पुलिस ने उज्जैन से गिरफ्तार किया था। यूपी एटीएस की टीम के उज्जैन पहुंचने के बाद विकास को उसके हवाले कर दिया गया था। यूपी एटीएस उसे अपने वाहन में लेकर गुरुवार को ही रवाना हो गई थी, तभी से ये आशंका जताई जा रही थी कि गैंगस्टर विकास का एनकाउंटर हो सकता है। शुक्रवार सुबह ये आशंका सच साबित हो गई।

वाहन पलटने के बाद हुआ एनकाउंटर…!

यूपी (कानपुर) पुलिस के मुताबिक 5 लाख के इनामी गैंगस्टर विकास दुबे को मप्र पुलिस की हिरासत से अपने कब्जे में लेकर यूपी एसटीफ कानपुर लेकर आ रही थी। शुक्रवार अलसुबह कानपुर नगर के समीप भौंती के पास उनकी कार पलटी खा गई, जिससे आरोपी विकास दुबे और पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस बीच आरोपी विकास एक घायल पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने लगा।इसपर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे सरेंडर करने के लिए कहा। बजाय सरेंडर के विकास दुबे ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में विकास दुबे घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। यूपी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी गैंगस्टर विकास दुबे के एनकाउंटर में मारे जाने की पुष्टि की।

8 पुलिसकर्मियों की हत्या कर हुआ था फरार।

गैंगस्टर विकास दुबे और उसके साथियों ने बीती 2 जुलाई को उसके घर दबिश देने पहुंचे पुलिस दल पर हमला कर दिया था। ताबड़तोड़ की गई फायरिंग में 8 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। तभी से यूपी पुलिस विकास दुबे के पीछे लगी हुई थी। उसके 5 साथियों को बीते 4- 5 दिनों में ही पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था। शुक्रवार तड़के विकास दुबे को भी मौत के घाट उतार दिया गया। उसकी पत्नी और बेटा भी पुलिस की गिरफ्त में हैं।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *