गुजरात से उठी लहर मप्र से होकर दिल्ली तक पहुंचेगी – शर्मा

  
Last Updated:  December 28, 2022 " 05:23 pm"

गुजरात विधानसभा चुनाव में लगे मध्यप्रदेश के प्रवासी कार्यकर्ताओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न।

इंदौर : गुजरात विधानसभा चुनाव में लगे मध्यप्रदेश भाजपा के प्रवासी कार्यकर्ताओं की बैठक मंगलवार को नखराली ढाणी में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, गुजरात संगठन महामंत्री रत्नाकर भाई, प्रदेश महामंत्री भार्गव भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, श्याम महाजन, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।

2023 में प्रत्येक बूथ पर इतिहास रचना है।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव में हमारी ऐतिहासिक विजय हुई है, जिसमें मध्यप्रदेश के अनुभवी प्रवासी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस विजय को कार्यकर्ताओं के परिश्रम की जीत बताया था। अब जिस प्रकार हमने गुजरात में बूथों पर इतिहास रचने का काम किया है, उसी तरह मध्यप्रदेश 2023 विधानसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर इतिहास रचने का काम करना है। गुजरात चुनाव प्रयोगशाला थी, हमने वहां बूथों को मजबूत करने के लिए विशेष प्रयोग किए थे, उन्हीं अच्छे प्रयोगों को मध्यप्रदेश में भी उपयोग मे लिया जाएगा। गुजरात चुनाव में गए प्रवासी कार्यकर्ताओ की बूथ पर काम करते हुए जो स्किल डेवलप हुई है, उसका लाभ हमें मध्यप्रदेश में मिलेगा।

गुजरात से उठी लहर मप्र होकर दिल्ली तक पहुंचेगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि गुजरात एक प्रयोगशाला बनी है, जहाँ संगठन के बल पर चुनाव जीता जा सका है। कार्यकर्ताओं को गुजरात जाकर सीखना चाहिए, कि पन्ना समिति तक संगठन को सक्रिय कैसे किया जाता है। उन्होंने कहा कि गुजरात से जो लहर उठी है, वो 2023 मे मध्यप्रदेश से होकर 2024 में दिल्ली तक पहुंचेगी। गुजरात की तरह ही प्रत्येक बूथ पर 51प्रतिशत वोट शेयरिंग के साथ कार्यकर्ता अबकि बार 200 पार का संकल्प लेकर अपने अपने क्षेत्रों में जाए।

जनजातीय सीटों के लिए बनाई थी विशेष कार्ययोजना।

गुजरात प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर ने कहा कि गुजरात में लगातार 6 बार हमारी सरकार थी, सातवीं बार सरकार बनाने की चुनौती हमारे साथ थी, लेकिन मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओ के सहयोग और समन्वय के साथ हमने बूथ संरचना को मजबूत कर बूथ पर फोकस करते हुए पन्ना समिति तक संगठन को सक्रिय किया, जनजातीय क्षेत्रों के लिए हमने विशेष कार्ययोजना बनाई थी, उस कार्ययोजना के माध्यम से हम ने इन क्षेत्रों में 6 यात्राएं निकाली जिसके फलस्वरुप 23 मे से 21 सीटों पर भाजपा को जीत मिली है। मध्य प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने वहां बूथ पर पसीना बहाकर परिश्रम की पराकाष्ठा की है, मैं उन सब का आभार व्यक्त करता हूं।

बैठक में मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी एवं प्रवासी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बैठक का संचालन जीतू जिराती ने किया। आभार श्याम महाजन ने माना।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *