घोटालों की बीजेपी सरकार को दंडित करें जनता

  
Last Updated:  October 6, 2023 " 12:00 am"

मोहनखेड़ा की महती जनसभा में बोली प्रियंका गांधी वाड्रा।

राजगढ़ : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार को इंदौर आकर हेलीकॉप्टर से धार जिले के राजगढ़ – मोहनखेड़ा पहुंची। यहां आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने मप्र में बीजेपी की शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने शिवराज सरकार को घोटालों की सरकार बताते हुए कहा कि 18 साल के घोटालों के कारण प्रधानमंत्री मोदी भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का नाम लेने में शर्म महसूस करते हैं।

कमलनाथ सरकार ने विकास कार्य किए।

प्रियंका ने अपने संबोधन में कहा की पिछले चुनाव में मप्र की जनता ने जनादेश कांग्रेस को दिया था। 15 माह की कमलनाथ सरकार ने कई विकास कार्य किए लेकिन उनकी सरकार गिरा दी गई। उन्होंने कहा कि व्यापम से लेकर कई घोटाले शिवराज सरकार ने बीते 18 साल में किए। भगवान कृष्ण ने शिशुपाल की 100 गलतियां माफ करने के बाद उसे दंडित किया था। मप्र की जनता भी बीजेपी सरकार को उसके कारनामों के लिए दंडित करें। जो नेता अपने आपको भगवान समझने लगे हैं उनको कुर्सी से उतारने का समय आ गया है।

बीजेपी सरकार वाले राज्यों में क्यों नहीं पड़ते ईडी के छापे ।

प्रियंका ने ईडी द्वारा विपक्षी दलों के नेताओं पर ईडी की कार्रवाई को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बीजेपी शासित राज्यों में बीजेपी के नेता और मंत्रियों पर ईडी के छापे क्यों नहीं पड़ते। प्रधानमंत्री मोदी जितनी बार कांग्रेस का नाम लेते हैं, उतना विकास को लेकर दिखाएं। उन्होंने जातिगत जनगणना की पैरवी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जातिगत जनगणना का विरोध क्यों कर रहे हैं, इसका खुलासा करें।

चुनाव के समय महिलाओं की याद आई।

प्रदेश की बीजेपी सरकार द्वारा चलाई जा रही लाडली बहना और अन्य योजनाओं को लेकर तंज कसते हुए प्रियंका ने कहा कि बीजेपी को सिर्फ चुनाव के समय ही महिलाओं और नौजवानों की याद क्यों आती है..? प्रियंका ने कहा की कांग्रेस की सरकार बनते ही सारी गारंटियां जो कांग्रेस ने दी हैं, उन्हें निभाया जाएगा।

जनसभा को पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी संबोधित किया। प्रदेश भर से आए कांग्रेस के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी बड़ी तादाद में यहां पहुंचे थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *