वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंगल गायन, वादन और शंख , झांझ ,घंटे की ध्वनि के साथ दिया गया सूर्य को अर्घ्य।
योग साधकों ने सूर्य नमस्कार कर दिया स्वस्थ जीवनशैली जीने का संदेश।
श्रीराम मंदिर राजेंद्र नगर में गुड़ी पूजन और ध्वजारोहण के साथ शुरू हुई सात दिवसीय श्रीराम कथा।
इंदौर : गुड़ी पड़वा और भारतीय नववर्ष विक्रम संवत 2082 का स्वागत समूचे शहर में हर्षोल्लास के साथ किया गया। चाणक्यपुरी चौराहे पर सूर्य को अर्घ्य देने के साथ गुड धनिया बांटकर नए वर्ष की खुशियां मनाई गई। उधर राजेंद्र नगर स्थित श्रीराम मंदिर में 51 फीट ऊंचे स्तंभ पर भगवा ध्वजारोहण के साथ 8 दिवसीय श्रीराम जन्मोत्सव पर्व की भी शुरुआत हुई।
सदगुरु अण्णा महाराज, सदगुरु बाबा साहेब तराणेकर, सदगुरु प्रवीण नाथ पानसे महाराज, विधायक मधु वर्मा, एमआयसी सदस्य अभिषेक बबलू शर्मा, पार्षद प्रशांत बडवे, मलय बलराम वर्मा, पूर्व पार्षद बलराम वर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने सूर्य को अर्घ्य देकर नए वर्ष का स्वागत किया। बड़ी संख्या में क्षेत्र के रहवासियों ने भी उगते सूर्य को अर्घ्य देकर भारतीय नववर्ष की अगवानी की। तांबे के कलश में जल, कुंकु,अक्षत ले कर हिन्दू धर्मावलंबी बड़ी आतुरता से सूर्योदय की प्रतीक्षा कर रहे थे। अर्घ्य देने सुबह 6 बजे के पूर्व ही यहां बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो चुके थे। बांसुरी वादन , शहनाई वादन के साथ ही युवा गायक सार्थक संगमनेरकर ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। ठीक 6.23 बजे जैसे ही सूर्य देवता उदित हुए, मंच से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सूर्य की पहली किरण के दर्शन करने के साथ अर्घ्य देते हुए लोगों ने नए वर्ष के आगमन की खुशियां मनाई। मंच के ठीक सामने योगाचार्य अखिल गोरे और धनश्री कुलकर्णी के मार्गदर्शन में योग साधकों ने सूर्य नमस्कार कर उपस्थित लोगों को नूतन वर्ष में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। विधायक मधु वर्मा, अण्णा महाराज, बाबा साहेब तराणेकर, प्रवीण नाथ पानसे महाराज ने उपस्थित लोगों को नए वर्ष विक्रम संवत 2082 की शुभकामना देते हुए राष्ट्र की उन्नति और विकास की भी कामना की। अतिथियों का स्वागत मलय बलराम वर्मा ने किया। संचालन पार्षद प्रशांत बडवे ने किया।
इसके बाद सुबह 8.30 बजे राजेंद्र नगर स्थित श्रीराम मंदिर में 51 फीट ऊंचे स्तंभ पर भगवा ध्वजारोहण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों द्वारा किया गया। वरिष्ठ स्वयंसेवक बाबा साहेब नवाथे ने ध्वज पूजन किया। श्रीराम मंदिर परिसर में 7 आकर्षक गुड़ी भी बांधी गई जिसे महाराष्ट्र समाज की महिला कार्यकर्ताओं ने विशेष रूप से तैयार किया था। यहां बड़ी संख्या में संघ के स्वयंसेवक एकत्र हुए थे, जिन्हें बाबा साहेब नवाथे ने संबोधित किया। परिसर में बांधी गई 7 गुड़ी को उन्होंने सूर्य रथ के 7 अश्वों का प्रतीक बताया और कहा कि ये हमें निरंतर बगैर रुके , बगैर थके कार्य करते रहने की प्रेरणा देते हैं जिससे समाज का कल्याण हो सके। ध्वजारोहण के साथ ही श्रीराम मंदिर राजेंद्र नगर में 8 दिवसीय श्रीराम जन्मोत्सव पर्व की भी शुरुआत हुई। इसके तहत सोमवार से शनिवार तक प्रतिदिन शाम 07 बजे आरती होगी बाद ने मंदिर से कथा स्थल जवाहर सभागृह तक श्री रामायण ग्रन्थ की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शाम 7.30 बजे से कोल्हापुर के प्रसिद्ध युवा कथावाचक, कीर्तनकार, वक्ता विवेक बुवा गोखले संगीतमय श्रीराम कथा प्रस्तुत करेंगे।