जोश – खरोश के साथ मनाई गई छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती

  
Last Updated:  February 20, 2024 " 09:48 am"

विभिन्न स्थानों से निकली वाहन रैलियां।

जय भवानी – जय शिवाजी के नारे हुए गुंजायमान।

शिवाजी प्रतिमा पर दी गई पुष्पांजलि।

इंदौर : हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की 394 वी जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस मौके पर विभिन्न स्थानों से वाहन रैलियां निकाली गई,भगवा ध्वज लहराए गए और जय भवानी – जय शिवाजी के नारों से माहौल को गुंजायमान किया गया। नेहरू स्टेडियम के समीप स्थित छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित कई नेता, प्रबुद्धजन और वाहन रैलियों के साथ पहुंचे समाज बंधुओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

सर्व मराठी भाषी संघ के बैनर तले तीन पुलिया स्थित जिजाऊ माता प्रतिमा स्थल से स्वाति काशिद की अगुवाई में वाहन रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा पारंपरिक वेशभूषा धारण कर शामिल हुए। सिर पर भगवा साफा बांधे और हाथों में भगवा झंडे लहराते महिला – पुरुष व युवा, छत्रपति शिवाजी की जय और जय भवानी – जय शिवाजी का नारा लगाते हुए चल रहे थे। महापुरुषों की वेशभूषा धारण किए बच्चे रैली में आकर्षण का केंद्र बनें रहे। मार्ग में कई मंचों से रैली का स्वागत किया गया। रैली के शिवाजी प्रतिमा स्थल पहुंचने के बाद भगवा ध्वज के साथ ढोल – ताशा पथक ने दमदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों में जोश भर दिया। अंत में महापौर भार्गव सहित तमाम लोगों ने शिवाजी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

दूसरी रैली मराठा नवनिर्माण सेना के बैनर तले लव – कुश आवास विहार से निकाली गई। चंद्रकांत कुंजीर के नेतृत्व में निकली इस वाहन रैली को संतश्री अण्णा महाराज व अन्य अतिथियों ने भगवा ध्वज फहराकर रवाना किया। बड़ी संख्या में मातृशक्ति भी इस वाहन रेली में शामिल हुई। भगवा ध्वज लहराते और जय भवानी – जय शिवाजी का नारा बुलंद करते हुए यह रैली भी विभिन्न मार्गों से होती हुई शिवाजी प्रतिमा स्थल पहुंची, जहां प्रतिमा पर माल्यार्पण कर छत्रपति शिवाजी को नमन किया गया।

एक अन्य रैली शाम को चिमनबाग मैदान से निकाली गई। नीलम पंवार के नेतृत्व में निकली इस रैली में भी बड़ी संख्या में समाज के बंधु – भगिनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। दो पहिया और चार पहिया वाहनों के साथ ई – रिक्शा में सवार होकर लोग छत्रपति शिवाजी महाराज की जय का नारा लगा रहे थे। मार्ग में कई मंचों से फूल बरसाकर रैली का स्वागत किया गया। एमजी रोड, आरएनटी मार्ग, एमवायएच रोड होते हुए यह रैली भी शिवाजी प्रतिमा स्थल पहुंच कर समाप्त हुई जहां प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर छत्रपति शिवाजी को नमन किया गया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *