डेढ़ करोड़ लोगों को शाकाहार अपनाने हेतु प्रेरित कर चुका है साधु वासवानी मिशन – दीदी कृष्णा कुमारी

  
Last Updated:  October 29, 2022 " 11:34 pm"

इंदौर : साधु वासवानी मिशन के तीन अहम बातों पर जोर देता है। आत्मिक उन्नति, बच्चों को मूल्य आधारित शिक्षा और गरीबों की सेवा। जीवन में भौतिक संसाधनों की प्राप्ति ही पर्याप्त नहीं है।अगर इसके साथ आत्मिक उन्नति भी जरूरी है। बच्चों को मूल्य आधारित शिक्षा देना उनके भविष्य को आकार देता है और गरीबों की सेवा ही नारायण सेवा है। यही हमारे गुरु का संदेश भी है। ये कहना है साधु वासवानी मिशन की प्रमुख दीदी कृष्णा कुमारी का। वे शनिवार को इंदौर प्रेस क्लब में चाय पर चर्चा कार्यक्रम में मीडियाकर्मियों से चर्चा कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि साधु वासवानी मिशन के जरिए डेढ़ करोड़ लोग शाकाहार अपनाने का संकल्प ले चुके हैं।

तरीके अलग पर मंजिल एक है।

ये पूछे जाने पर कि अलग – अलग मत, पंथ, संप्रदाय के विचारों में भिन्नता होती है, ऐसे में क्या विचारों का द्वंद नहीं होता..? इस पर दीदी कृष्णा कुमारी का कहना था कि परमात्मा तक पहुंचने के रास्ते, तरीके अलग हो सकते हैं, इसमें कोई बुराई भी नहीं है। मंजिल सभी की एक ही है।

शाकाहार को अपनाएं।

दीदी कृष्णा कुमारी के मुताबिक उनके मिशन के उद्देश्यों में शाकाहार का प्रचार करना भी शामिल है। आज विदेशों में लोग तेजी से शाकाहार को अपना रहे हैं, जबकि ये अवधारणा हमारी है। जब किसी प्राणी को मारकर हम खा जाते हैं तो उसके साथ उसके भय, तनाव, दर्द और बीमारियों को भी हम अपने अंदर डाल रहे होते हैं। अब तक मिशन के जरिए हम डेढ़ करोड़ लोगों को शाकाहार अपनाने के लिए प्रेरित कर चुके हैं।

अच्छे विचार रखें, खुशियां बांटे।

दीदी कृष्णा कुमारी ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। वे अपने विचारों को अच्छा रखें। अपना खानपान बेहतर रखें और मानव सेवा को अपनाए। दूसरों को खुशियां बांटेंगे तो हमें भी खुशियां मिलेंगी। हम जो भी करते हैं, वही लौटकर हमारे पास आता है। इसे याद रखना चाहिए।

स्कूलों में दी जाए आध्यात्मिक शिक्षा।

दीदी कृष्णा कुमारी ने कहा कि स्कूली शिक्षा में बदलाव की जरूरत है। बच्चों को मूल्य आधारित शिक्षा दी जानी चाहिए ताकि बड़े होकर वे बेहतर समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।

पीएम मोदी से हुई अध्यात्म पर चर्चा।

दीदी कृष्णा कुमारी ने बताया कि पिछले दिनों उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात हुई थी। उन्हें पांच मिनट का समय मिला था पर यह मुलाकात 40 मिनट तक चली। इस दौरान विभिन्न विषयों के साथ आध्यत्म पर भी चर्चा हुई। उनसे कई बातें सीखने को भी मिली।

दीदी कृष्णा कुमारी का इंदौर प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष अरविंद त्रिवेदी और महासचिव हेमंत शर्मा ने स्वागत किया। संचालन और आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष प्रदीप जोशी ने किया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *