तुलसी नगर को वैध कराना पहली प्राथमिकता – पार्षद संगीता जोशी

  
Last Updated:  August 2, 2022 " 05:28 pm"

इंदौर : तुलसी नगर में रोड, बिजली, सड़क सहित सभी आधारभूत संरचनाओं के विकास के लिए निगम द्वारा वैधता प्रदान करने हेतु उचित कारवाई करवाना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। यह बात वार्ड क्रमांक 37 की नव नियुक्त पार्षद संगीता महेश जोशी ने तुलसी नगर के भ्रमण के दौरान कही। यहां स्थित सरस्वती मंदिर एवं अनन्तेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित सम्मान समारोह में रहवासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि तुलसी नगर की अवैधता से लेकर कॉलोनी की सड़क, ड्रेनेज सहित सभी समस्याओं से वे अवगत हैं। प्रारंभिक स्तर पर जो भी कार्य उनके द्वारा किया जा सकता है, इसकी शुरुआत वे तुलसी नगर सहित वार्ड 37 की अन्य कॉलोनियों में कर चुकी हैं। वार्ड पार्षद संगीता जोशी ने कहा कि तुलसी नगर को वैध करने की कारवाई को लेकर वो स्थानीय विधायक महेन्द्र हार्डिया तथा पूर्व लोक सभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से मिल चुकी हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि तुलसी नगर को शासन स्तर पर वैध करने हेतु आवश्यक कारवाई कर दी गई है। अब जो भी कार्य होना है वो नगर निगम स्तर पर होगा। इस हेतु उचित कार्रवाई वर्तमान नगर निगम परिषद के गठन के बाद की जाएगी। जोशी ने कहा कि वो रहवासियों के सहयोग से वार्ड 37 को सभी समस्याओं से मुक्त कर इसे शहर का सबसे विकसित वार्ड बनाने का भरसक प्रयत्न करेंगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कॉलोनी के रहवासी उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *