देश के समक्ष खड़ी चुनौतियों के समाधान के लिये शासन और समाज के साथ आना जरूरी : अतुल लिमये

  
Last Updated:  October 29, 2026 " 05:36 pm"

आरएसएस के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों का समापन समारोह संपन्न।

इन्दौर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इन्दौर विभाग का चरैवेती एकत्रीकरण शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों के समापन के रूप में डेली कॉलेज परिसर में आयोजित किया गया। इस एकत्रीकरण में इन्दौर विभाग के पाँच जिलों के स्वयंसेवकों ने भाग लिया। सह सरकार्यवाह अतुल लिमये ने समारोह में अपने विचार रखे।

लिमये ने कहा कि संघ की 100 वर्षों की यात्रा स्वयंसेवकों के अथक परिश्रम की विजय यात्रा है। संघ ने इन 100 वर्षों में व्यक्ति निर्माण की एक अनुपम शाखा पद्धति को विकसित किया। शाखा से देश और समाज के लिए जीवन जीने वाले स्वयंसेवकों की एक मालिका खड़ी हुई, साथ ही आदर्श समाज जीवन जीने वाले व्रती परिवारों की एक लंबी श्रृंखला इस देश में खड़ी हुई है। संगठन तंत्र के साथ ही समाज जीवन में परिवर्तन करने वाली विभिन्न रचनायें जागरण श्रेणी में खड़ी की। सभी समाज को अपनाकर चलने वाला हमारा सेवा विभाग है, प्रचार विभाग ने राष्ट्रीय विचारों के प्रचार-प्रसार की विभिन्न रचनायें खड़ी की है। तीन लाख गाँवों तक जागरण पत्रिकाओं और राष्ट्रीय विचारों को प्रसारित करने के लिये विश्व संवाद केंद्र चल रहे हैं। समाज जीवन की सज्जन शक्ति को राष्ट्रीय कार्य से जोड़ने के लिए संपर्क विभाग सतत प्रयत्नशील है। साथ ही समाज जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए छ: विषयों की गतिविधियों की रचना खड़ी हुई है। समाज के आचरण में परिवर्तन लाने के लिए स्वयंसेवक पंच परिवर्तन का संकल्प लेकर कार्य कर रहे हैं। हमारी अभिनव कार्यशाली में सामूहिकता, अनुशासन और व्यक्ति निरपेक्षता का प्रमुख स्थान है।

लिमये ने कहा हमें देश और समाज के समक्ष खड़ी समस्याओं और चुनौती दोनों पर कार्य करना है। चुनौतियों पर कार्य करने के लिए शासन और समाज दोनों को साथ आना होगा, इसलिए समाज जीवन में कार्यरत 10 लाख से अधिक सामाजिक, धार्मिक, आर्थिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक संस्थाओं के बीच संवाद और समन्वय का कार्य करना है। उनकी क्षमता और कुशलता के अनुसार कार्य और प्रशिक्षण देने वाली रचना और कार्यशाली भी हमें विकसित करना है। संपूर्ण समाज को साथ में लेकर कार्य करने का स्वभाव विकसित करना है, इस सेतु संगठनात्मक अभिनिवेश से बचना भी है। व्यवस्था में परिवर्तन के लिए हिंदू जीवन मूल्यों और धर्म आधारित व्यवस्थाओं को खड़ा करना हैँ। समाज में संस्कार देने वाली व्यवस्था खडी करना है। संपूर्ण समाज में संगठन की व्याप्ति के साथ समाज में परिवर्तन और संपर्क करने के लिए जागरण श्रेणी तथा समस्याओं के समाधान हेतु गतिविधियों को मजबूत करना है। हमारा कार्य कठिन और परिश्रम साध्य है, तथापि हमने वीर व्रत धारण किया है। हम उपेक्षा, विरोध उत्साह और सहयोग को प्राप्त करते हुए अपने कार्य को प्रभावी से आगे बढ़कर विजयी बनाना है।

चरैवेती एकत्रीकरण का प्रारंभ ध्वजारोहण और संघ प्रार्थना से हुआ। बाद में सभी स्वयंसेवकों ने सामूहिक योग प्रदर्शन किया। इन्दौर विभाग के कार्यवाह रित्नेश रघुवंशी ने शताब्दी वर्ष में इन्दौर विभाग में हुए कार्यक्रमों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मंच पर मालवा प्रांत के प्रांत संघचालक डॉ. प्रकाश शास्त्री, विभाग संघचालक डॉ. मुकेश मोढ और मुख्य अतिथि ख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी प्रशांत शाह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रशांत शाह ने राष्ट्र निर्माण में संघ के अनुशासन और देशभक्ति के महत्व को प्रतिपादित किया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *