मंगलवार को निगम मुख्यालय पर किया जाएगा प्रदर्शन।
जनता पर बढ़ाए गए करों का भी किया जाएगा विरोध।
इंदौर : बीजे शासित नगर निगम में व्यय भ्रष्टाचार, घोटाले, सड़कों की बदहाली, जनता पर बढ़ाया गया कर भार, किसानों के साथ हो रहे अन्याय और युवाओं के भविष्य के साथ किए जा रहे खिलवाड़ के विरोध में कांग्रेस पार्टी मंगलवार, 06 अगस्त को सुबह 10 बजे निगम मुख्यालय पर जंगी प्रदर्शन करेगी। तमाम बड़े नेता भी प्रदर्शन में शामिल होंगे।
नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चोकसे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा और जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव ने यह जानकारी दी। कांग्रेस के शहर प्रभारी अश्विनी भार्गव और जिले के प्रभारी गजेंद्र सिसोदिया भी इस दौरान मौजूद थे।
चिंटू चोकसे ने आरोप लगाया कि निगम में सत्तारूढ़ बीजेपी भ्रष्टाचार में लिप्त है। फर्जी बिल घोटाले के असल गुनाहगारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। नगर निगम की माली हालत खस्ता है। ठेकेदारों को भुगतान नहीं किया जा रहा है। विकास के कोई काम नहीं हो रहे हैं। शहर बदहाली का शिकार हो रहा है। सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं।
जनता पर बढ़ाया कर भार।
चिंटू चोकसे ने कहा कि महापौर व मंत्री की जुगलबंदी भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रही है वहीं करों में बढ़ोतरी कर जनता पर बोझ बढ़ा दिया गया है। संपत्ति कर और जलकर में भारी वृद्धि कर दी गई है। यही नहीं सिटी बसों का किराया बढ़ाकर रही सही कसर भी बीजेपी परिषद ने यूरी कर दी है।
किसानों के साथ हो रहा अन्याय।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सदाशिव यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार किसानों के साथ भी अन्याय कर रही है। उन्हें उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं दिया जा रहा है।विकास योजनाओं के नाम उनकी फसलों को रौंदकर जमीनें छीनी जा रहीं हैं। जमीन का सही मुआवजा भी किसानों को नहीं दिया जा रहा है।
युवाओं के भविष्य के साथ किया जा रहा खिलवाड़।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने कहा कि बीजेपी सरकार युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। नीट सहित तमाम परिक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। भर्ती परिक्षाओं में फर्जीवाड़ा हो रहा है। युवाओं के करियर के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
बीजेपी की नगर सरकार हो या प्रदेश सरकार, दोनों भ्रष्टाचार में लिप्त है।
कांग्रेस के शहर प्रभारी अश्विनी भार्गव ने बताया कि नगर निगम मुख्यालय पर किए जाने वाले जंगी प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा, अरुण यादव, रवि जोशी, राजेश चोकसे सहित तमाम बड़े नेता और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता व आम नागरिक भाग लेंगे। बाद में संभागायुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके जरिए करों में की गई बढ़ोतरी पर रोक लगाने की मांग की जाएगी।