पांच करोड़ रुपए की लागत से निर्मित हाथीपाला पुल का लोकार्पण

  
Last Updated:  July 17, 2024 " 01:17 am"

महापौर ने हाथीपाला पुल से जवाहर मार्ग और बैंक ऑफ़ बड़ौदा से गाड़ी अड्डा तक मार्ग निर्माण की भी घोषणा की।

शहर में बनेंगे 21 से अधिक बड़े छोटे पुल- सांसद।

पुल निर्माण से नागरिकों को मिलेगी अच्छी कनेक्टिविटी- विधायक शुक्ला।

इंदौर : शहर के यातायात को बेहतर बनाने की कड़ी में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी और विधायक राकेश गोलू शुक्ला ने 5 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित हाथीपाला पुल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नेमा, महापौर परिषद के सदस्य मनीष शर्मा मामा, निरंजन सिंह चौहान, अश्विनी शुक्ल, पार्षद श्रीमती रंजना पिंपले, श्रीमती रूपा पांडे, गजानन गावड़े, सुरेश टाकलकर, श्रीमती पंखुड़ी जैन डोसी, मृदुल अग्रवाल, भावना चौधरी, पूर्व पार्षद कैलाश यादव, आलोक दुबे एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

दो सड़कों के निर्माण की भी घोषणा की।

लोकार्पण समारोह में बोलते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि हाथीपाला पुल के निर्माण हेतु पिछले वर्ष भूमि पूजन किया गया था, पुल के आकार लेने के बाद अब इसका लोकार्पण किया जा रहा है। महापौर भार्गव ने हाथी पाला पुल से जवाहर मार्ग और बैंक ऑफ़ बड़ौदा से गाड़ी अड्डा तक के मार्ग निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहर में 400 करोड़ की लागत से 23 मास्टर प्लान सड़कों का निर्माण किया जाना है इसके टेंडर एवं अन्य कार्य प्रगति पर हैं। वर्षा काल के बाद इनका निर्माण प्रारंभ किया जाएगा।

जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौड़ ने बताया कि इन्दौर शहर के विधानसभा क्षेत्र क्र. 03 के मध्य क्षेत्र में प्रमुख मार्ग पर पूर्व निर्मित हाथीपाला पुल लगभग 70 वर्ष पुराना होने से जर्जर हो गया था। पुल की कुल चौड़ाई भी केवल 20 फीट होने से वाहनों के आवागमन में कठिनाई होती थी।इसी बात को देखते हुए इस नए
हाथीपाला पुल का निर्माण किया गया है। नया पुल 4 लेन का होकर इसकी कुल लम्बाई 125 फीट एवं चौड़ाई 60 फीट है। पुल के दोनों ओर 4 फीट चौड़ाई के फुटपाथ व सेन्ट्रल मिडियन का निर्माण कार्य एवं पुल के दोनों ओर लगभग 180 फीट लम्बाई में एप्रोच रोड का निर्माण किया गया है।इस पुल के निर्माण से जूनी इन्दौर, सरवटे बस स्टैंड, चंद्रभागा, जवाहर मार्ग, चंपाबाग, साउथ तोड़ा आदि स्थानों से शहर के मध्य क्षेत्र तक आवागमन में नागरिकों को सुविधा होगी। इससे यातायात भी सुगम होगा।

सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि महापौर व उनकी टीम ने इंदौर को पर्यावरण संरक्षण के क्रम में नई सौगात दी है। इसके साथ इंदौर के रेलवे स्टेशन को एयरपोर्ट की तर्ज पर नया और विशाल स्टेशन बनाने की कार्य योजना तैयार की गई है। शहर में 21 बड़े एवं छोटे पुल पुलिया का निर्माण किया जाना है। इंदौर विकास कार्य की श्रृंखला में अन्य विकसित शहरों से तेज गति से कार्य कर रहा है।

विधायक राकेश गोलू शुक्ला ने कहा कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव के नेतृत्व में शहर के विधानसभा तीन में विभिन्न विकास कार्य किये जा रहे हैं। उसी कड़ी में रुपए 5 करोड़ की लागत से निर्मित हाथी पाला पुल का लोकार्पण किया गया है। पुल निर्माण से इस क्षेत्र से जवाहर मार्ग की ओर जाने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *