पूर्व न्यायमूर्ति सप्रे ने इंदौर के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का किया निरीक्षण

  
Last Updated:  July 30, 2025 " 04:37 pm"

ब्लैक स्पॉट्स के सुधार के कार्य गति देकर शीघ्र पूर्ण किये जाएं।

सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष हैं पूर्व न्यायमूर्ति सप्रे।

इंदौर : सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे ने अपने इंदौर प्रवास के दौरान अधिकारियों की बैठक लेने के बाद शहर के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण किया। उन्होंने ब्लैक स्पॉट्स पर चल रहे सुधार कार्यों और ब्लैक स्पॉट्स को समाप्त करने के कार्यों को देखा। उन्होंने इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने बायपास पर निर्माणाधीन ओव्हर ब्रिजों के निर्माण को शीघ्र पूर्ण करने, सड़कों की मरम्मत व गड्ढों को तुरंत भरने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिये।

न्यायमूर्ति सप्रे ने अपने भ्रमण की शुरूआत तेजाजी नगर ब्लैक स्पॉट्स से की। यहां उन्होंने दुर्घटनाओं, मृतकों की संख्या, दुर्घटनाओं के कारण आदि की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यहां ब्लैक स्पॉट समाप्त करने के कार्य तेज गति से पूरे किए जाएं व चौराहे से अतिक्रमण हटाएं जाएं। इसके बाद वे रालामण्डल, बेस्ट प्राइज के सामने बन रहे ओव्हर ब्रिज के समीप ब्लैक स्पॉट के निरीक्षण के लिये पहुंचे। उन्होंने उक्त दोनों ब्रिजों के निर्माण को तेज गति के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने सर्विस रोड के सुधार के लिये भी निर्देशित किया। न्यायमूर्ति सप्रे ने सड़कों की तुरंत मरम्मत, सड़कों के निर्माण में समय सीमा और गुणवत्ता का ध्यान रखने आदि के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत गुणवत्तापूर्ण हो, यह सुनिश्चित किया जाए, सड़कों की मरम्मत तुरंत करायी जाए, सड़कों के निर्माण का मूल्यांकन कराया जाए। लापरवाही पाये जाने पर संबंधित ठेकेदारों के विरूद्ध कार्रवाई की जाए। निर्माण कार्यों में देरी और किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाए।

इसके बाद न्यायमूर्ति सप्रे ने होटल ग्रेंड शेरेटन के सामने के ब्लैक स्पॉट को देखा और आवश्यक सुधार के निर्देश दिये। इस मौके पर डीसीपी ट्राफिक अरविंद तिवारी, एडीएम रोशन राय सहित राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, पीडब्ल्यूडी, सड़क विकास प्राधिकरण और नगर निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *