प्रदेश के पहले मल्टी लेयर सहित चार फ्लाईओवर और दो रेलवे ओवरब्रिज का मुख्यमंत्री ने किया भूमिपूजन

  
Last Updated:  October 1, 2023 " 07:32 pm"

लवकुश चौराहा पर आयोजित कार्यक्रम में किया 1483 करोड़ रूपये लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण।

इंदौर : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि धन के अभाव में इंदौर का विकास अवरूद्ध नहीं होगा। धन की कोई कमी नहीं है। इंदौर दुनिया के सबसे अच्छे शहरों में स्थान बना रहा है। विकास के मामले में लगातार आगे बढ़ रहा है। बीमारू राज्य से हमने प्रदेश को बाहर निकाला है। आज चहुंओर विकास ही विकास हो रहा है। इंदौर में विकास की गति नहीं रूकेगी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर के लवकुश चौराहा पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।

मल्टी लेयर फ्लाईओवर सहित चार फ्लाईओवर और दो रेलवे ओवरब्रिज का भूमिपूजन।

उन्होंने इस कार्यक्रम में इंदौर के विकास के लिए 1483 करोड़ रूपये लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन/लोकार्पण किया। इसमें मुख्य रूप से इंदौर के पहले मल्टी लेयर फ्लायओवर का भूमिपूजन भी शामिल है। इसे मिलाकर कुल चार फ्लायओवर और दो रेलवे ओवरब्रिज का भूमिपूजन किया गया। उन्होंने लगभग 80 करोड़ रूपये लागत की 7 सड़कों का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, पूर्व मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, आईडीए के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, उपाध्यक्ष गोलू शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पहले डबल डेकर ओवर ब्रिज का भूमिपूजन किया। इस दौरान कुल 1483 करोड़ रूपये लागत के 18 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 83.48 करोड़ रूपये लागत के 9 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कुल 447.13 करोड़ रूपये लागत के 4 फ्लायओवर एवं 2 रेल्वे ओवर ब्रिज का भी भूमिपूजन किया। इनमें लवकुश मल्टी लेयर फ्लायओवर लागत 175.00 करोड़ रूपए, देवास नाका चौराहे पर सिक्स लेन फ्लायओवर लागत 74.49 करोड़ रूपए, सत्यसांई चौराहे पर फ्लायओवर लागत 62.45 करोड़ रूपए, आईटी पार्क चौराहा पर फ्लायओवर लागत 63.33 करोड़ , रेल्वे ओवरब्रिज पोलोग्राउण्ड के समीप लागत 35.93 करोड़ और बाणगंगा के समीप गौरी नगर उज्जैन मार्ग पर रेल्वे ओव्हर ब्रिज निर्माण कार्य लागत 35.95 करोड़ रूपये शामिल है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री चौहान द्वारा महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में अधोसंरचना उन्नयन हेतु कुल 192.24 करोड़ रूपए लागत के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया गया। जिसमें 321 बिस्तर का नवीन केंसर अस्पताल भवन, 50 बिस्तर की सीसीएचबी यूनिट, 1000 सीटेड ऑडिटोरियम, विभिन्न चिकित्सा विभागों हेतु नवीन भवन का निर्माण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 5 में 5.24 करोड़ रूपये लागत से किए जाने वाले बाह्य विद्युतीकरण कार्य का भी भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-2, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-5 तथा सांवेर और महू में बनने वाले कुल चार सीएम राइज स्कूल के भवनों का भी भूमिपूजन किया। इन निर्माण कार्यों की कुल लागत 105.59 करोड़ रूपए है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-5, सांवेर तथा देपालपुर में कुल 475.45 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले विभिन्न सीसी रोड निर्माण कार्यों का भी भूमिपूजन किया गया।

इन कार्यों का किया गया लोकार्पण।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा कुल 83.48 करोड़ रूपये लागत के 9 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया। जिनमें योजना क्रमांक 169 बीए 166 एवं 139 में कुल 70 करोड़ रूपये की लागत से बनी सड़कें, प्रधानमंत्री सड़क योजना अंतर्गत सांवेर क्षेत्र में कुल 6.03 करोड़ रूपये लागत से निर्मित इंदौर-उज्जैन से पुवार्दा जुनार्दा रोड, शाहदा से लोहगल तथा रामूखेड़ी से खुड़ैल रोड का कार्य शामिल हैं। इस प्रकार कुल 79.53 करोड़ रूपये लागत की 7 सड़कों का लोकार्पण किया गया। इससे तीन लाख से अधिक लोग लाभांवित होंगे।

बड़ा गणपति में 2.20 करोड़ रूपये लागत से निर्मित 50 बिस्तर के सीनियर कन्या छात्रावास भवन तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मल्हार आश्रम में 1.75 करोड़ रूपये की लागत से बने नवीन शाला भवन का लोकार्पण भी किया गया। मल्हार आश्रम में 320 छात्र-छात्राओं की क्षमता वाला सर्वसुविधायुक्त भवन जिसमें कम्प्यूटर रूम, लायब्रेरी, लेबोरेटरी, टायलेट ब्लॉक के साथ 8 क्लास रूम का निर्माण किया गया है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *