प्रधानमंत्री मोदी भारत के लिए भगवान का सबसे बड़ा वरदान..

  
Last Updated:  September 12, 2022 " 12:55 am"

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्पों को साकार करने की दिशा में अग्रसर है मप्र।

मोदी@20 पुस्तक के अनावरण समारोह में बोले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान।

इंदौर : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के लिए भगवान का सबसे बड़ा वरदान है। वे असाधारण एवं अद्वितीय व्यक्तित्व के धनी हैं। उनके कुशल नेतृत्व में भारत ने विश्व में नई ऊँचाइयां प्राप्त की हैं, देश का मान-सम्मान अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। हर दिशा में तेजी से उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्पों को साकार करने की दिशा में मध्यप्रदेश में तेजी से कार्य हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार शाम इंदौर में आयोजित मोदी@20 पुस्तक के अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व उन्होंने इस पुस्तक का अनावरण किया। यह पुस्तक 22 विषय विशेषज्ञों, प्रसिद्ध पेशेवर, व्यक्तित्व और बुद्धिजीवियों के विचारों और अनुभवों का संकलन है।

इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, सांसद शंकर लालवानी, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मौघे, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड, रमेश मेंदोला और आकाश विजयवर्गीय, वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सतन, सावन सोनकर, गौरव रणदिवे, तेज बहादुर सिंह, राजेश सोनकर, सुदर्शन गुप्ता, गोपी नेमा और मधु वर्मा भी मौजूद थे।

प्रधानमंत्री मोदी असाधारण व्यक्तित्व के धनी।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शासन व्यवस्था के नए प्रतिमान स्थापित किये है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सह्दय, संवेदनशील, अद्वितीय एवं असाधारण व्यक्तित्व के धनी है। कुशल संगठक, प्रशासक एवं कुशल नेतृत्वकर्ता है। उनके नेतृत्व में देश का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान-स्वाभिमान बढ़ा है। उनके मुख्यमंत्रित्व काल में गुजरात के भूकंप तथा प्रधानमंत्रित्व काल में कोरोना के दौरान आपदा प्रबंधन के बेहतर कार्य सभी ने देखें हैं।भूकंप हो या कोरोना का संकट काल,हर आपदा में वे नागरिकों के साथ अपनत्व के भाव से खड़े रहे और संकट से निजात दिलाई। कोरोना के टीके बनाकर वर्तमान और भविष्य को सुरक्षित किया है। भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। भारत आज विश्व की पांचवीं आर्थिक शक्ति बन गया है। सैन्य क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। भारत की सुरक्षा को मजबूत बनाया गया है। दुश्मनों को कठोरता के साथ सबक सिखाया है। देश में औद्योगिक विकास की तरफ विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वदेशी को बढ़ावा दिया जा रहा है। सैन्य क्षेत्र में भी स्वदेशी को बढ़ावा मिल रहा है।

असंभव को संभव करके दिखाया।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दृढ़संकल्प होकर अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और उन्हें कार्यरूप में परिणित किया गया। कश्मीर से धारा-370 को समाप्त किया गया। नया कानून बनाकर तीन तलाक की कुप्रथा से मुस्लिम महिलाओं को मुक्ति दिलाई गई। उनके प्रधानमंत्रित्व काल में सभी बाधाएं हटाकर अयोध्या में विशाल राम मंदिर बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर योग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया गया है। आज विश्व के सभी देश अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। राष्ट्र भाषा हिन्दी को बढ़ावा दिया जा रहा है। स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से गंदगी और बदबू से नागरिकों को निजात मिल रही है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाव- बेटी पढ़ाओं अभियान भी श्री मोदी की देन है। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ के अनुभव भी साझा किए।

प्रधानमंत्री के संकल्पों को मप्र में
दिया जा रहा मूर्तरूप।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के संकल्पों को प्रदेश में तेजी से मुर्तरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक को सभी लोग अवश्य पढ़े और श्री मोदी जी के संकल्पों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़े।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित इस विमोचित पुस्तक में अलग-अलग क्षेत्र की विभूतियों के विचार है। उन्होंने जैसा महसूस किया, वैसा लिखा है। यह पुस्तक अवश्य पढ़ी जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि एक सामान्य नागरिक से देश के उच्च पद पर आसीन होने का प्रधानमंत्री मोदी ने बेहतर उदाहरण प्रस्तुत किया है। वे व्यापक सोच के साथ कार्य करने वाले बहुमुखी व्यक्तित्व के धनी हैं।

कार्यक्रम के प्रारंभ में पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे ने कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी देते हुए पुस्तक पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन एकलव्य सिंह गौड़ ने किया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *