55 करोड़ की लागत से बनेगा 6 लेन ब्रिज।
इंदौर : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा फूटी कोठी चौराहे बनाए जा रहे 6 लेन फ्लाईओवर का भूमि पूजन और शिलान्यास किया।
55 करोड़ की लागत से बनेगा फ्लाईओवर।
बता दें कि फूटी कोठी चौराहा पर 55 करोड़ ₹ की लागत से बनने वाला यह 6 लेन फ्लाईओवर 625 मीटर लंबा एवं 24 मीटर चौड़ा होगा। इसकी निर्माण एजेंसी मैसर्स पाथ इंडिया लिमिटेड होगी, इसके बन जाने से एक ओर जहां धार रोड से आने वाला ट्रैफिक सीधे एबी रोड और कैसरबाग ब्रिज की ओर जा सकेगा वही रिंग रोड की ओर से आने वाला ट्रैफिक जो राजीव गांधी चौराहे से धार रोड की ओर जाना चाहता है वह बिना किसी बाधा के धार रोड की ओर जा सकेगा।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने मुख्यमंत्री चौहान को उनके द्वारा समय-समय पर की गई घोषणाओं के शीघ्र क्रियान्वयन करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया, और कहा कि आपके द्वारा घोषित 11 फ्लाईओवर बनाने की दिशा में लगातार कार्य चल रहा है। इंदौर में विकास के नित नए प्रतिमान स्थापित हो रहे हैं। आप की प्रेरणा से हम विकास को और अधिक गति देने में सफल रहे हैं।
महूनाका चौराहा पर भी बनें ब्रिज।
कार्यक्रम में क्षेत्र की विधायक मालिनी गौड़ ने महू नाका चौराहा पर भी फ्लाईओवरबनाने हेतु आग्रह किया। इसके लिए मास्टर प्लान में आवश्यक सुधार करने हेतु भी उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने द्वारकापुरी और प्रजापत नगर को वैध करने की घोषणा करने का अनुरोध मुख्यमंत्री से किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने इन बस्तियों को वैध करने बाबत घोषणा भी की, लेकिन यह भी कहा कि इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करके ही इन्हें वैध किया जा सकेगा।
संत सेवालाल के नाम पर होगा फूटी कोठी ब्रिज।
मुख्यमंत्री चौहान ने अपने उद्बोधन में फूटी कोठी पर बनने वाले इस फ्लाईओवर का नाम संत श्री सेवालाल के नाम पर करने की घोषणा की।उन्होंने इंदौर के विकास में कोई भी कठिनाई नहीं आने देने के संबंध में अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
कार्यक्रम में मंत्री मध्य प्रदेश शासन तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, महापौर पुष्यमित्र भार्गव पूर्व महापौर कृष्ण मुरारी मोघे, विधायक मालिनी गौड़, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष मधु वर्मा, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, पूर्व विधायक गोपी नीमा सहित इंदौर नगर निगम के एमआईसी सदस्य एवं पार्षद गण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।