बीजेपी के लिए शुभंकर साबित हुए वीडी शर्मा

  
Last Updated:  April 7, 2024 " 04:38 pm"

🔹कीर्ति राणा🔹

खजुराहो लोकसभा सीट से इंडी गठबंधन की प्रत्याशी मीरा यादव (सपा) का नामांकन रद्द होना भाजपा अपने लिए चुनाव से पहले ही प्रदेश की सभी सीटों पर जीत का खाता खुल जाना मान रही है, वहीं प्रधानमंत्री मोदी के ‘इस बार चार सौ पार’ के संकल्प को हकीकत में बदलने के लिए जुटे मप्र के कार्यकर्ताओं की नजर में ‘वीडी भाईसाहब’ एक बार फिर पार्टी के लिए शुभंकर हो गए हैं।सपा प्रत्याशी का नामांकन पत्र रद्द होने से उत्साहित भाजपा कार्यकर्ता मान रहे हैं कि विधानसभा चुनाव की तरह ही अब वीडी शर्मा जी लोकसभा चुनाव में भी प्रदेश की शेष 28 सीटों पर ऐतिहासिक जीत के शिल्पकार बनेंगे।

2019 के लोकसभा चुनाव में खजुराहो संसदीय क्षेत्र से जीते वीडी शर्मा ने तब कांग्रेस प्रत्याशी-पूर्व महारानी कविता सिंह नातीराजा को हराया था।सपा के वीर सिंह पटेल तीसरे नंबर पर रहे थे।इस बार इंडिया गठबंधन के तहत कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की सीमा से लगी खजुराहो सीट अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी को दी थी।यह सीट सपा के लिए पहले दिन से ही अशुभ बन गई थी। पहले अखिलेश यादव ने यहां से मनोज यादव को प्रत्याशी घोषित किया था लेकिन 48 घंटे बाद ही उनकी जगह मीरा यादव को प्रत्याशी घोषित कर दिया था।मीरा यादव निवाड़ी की पूर्व विधायक रह चुकी हैं। वह 2008 में यहां से विधायक चुनी गई थीं।सपा ने 2023 के विधानसभा चुनाव में भी मीरा दीपक यादव को निवाड़ी से उम्मीदवार बनाया था। जिसमें वह 32670 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रही थीं।मीरा को प्रत्याशी घोषित करने के बाद डेमेज कंट्रोल के तहत मनोज यादव को सपा का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है।मीरा यादव झांसी क्षेत्र से ताल्लुक रखती हैं।उन्हें इस बार प्रत्याशी बनाए जाने के बाद माना जा रहा था शर्मा विरुद्ध यादव के बीच मुकाबला रोचक हो सकता है लेकिन मीरा यादव का नामांकन पत्र खारिज होने के बाद प्रदेश की 29 में से यह सीट भाजपा के लिए वॉकओवर साबित हो गई है।शुक्रवार को नाम निर्देशन पत्र की समीक्षा की आखिरी तारीख और समय तीन बजे तक था।समाजवादी पार्टी प्रत्याशी मीरा यादव अपने समर्थकों के साथ पन्ना कलेक्ट्रेट ऑफिस पहुंची थीं।बताया जाता है कि नामांकन फॉर्म में प्रत्याशी के हस्ताक्षर नहीं होने, वोटर लिस्ट की प्रमाणित कॉपी नहीं होने के कारण जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार ने फॉर्म निरस्त कर दिया था।पन्ना जिला अधिकारी के अनुसार, मीरा यादव का फॉर्म इसलिए रिजेक्ट किया गया है कि उन्होंने निर्धारित जगह पर हस्ताक्षर नहीं किए थे इसके साथ ही उन्होंने फॉर्म के साथ पुरानी वोटर लिस्ट की नामावली संग्लन की थी। नियमानुर फॉर्म में उम्मीदवार को दो जगह हस्ताक्षर करने पड़ते हैं लेकिन मीरा यादव ने एक ही जगह साइन की। वहीं, उन्होंने अपने नामांकन फॉर्म में विधानसभा चुनाव वाली नामावली संलग्न कर दी थी।

इस सीट पर भाजपा को मिली अप्रत्याशित जीत से उत्साहित कार्यकर्ता याद कर रहे हैं बीते विधानसभा चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष शर्मा की भूमिका को।तब सरकार के मुखिया शिवराज सिंह और संगठन के मुखिया वीडी शर्मा ने कंधे से कंधा मिलाकर मेहनत की थी। भाजपा नेतृत्व से लेकर आम कार्यकर्ता तक इन दोनों नेताओं में गहरी होती खाई को समझते तो थे लेकिन पांचवी बार भाजपा को सत्ता में लाने के लिए सब मौन धारण किए हुए थे।शिवराज सिंह के प्रति बदलते रुख से प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने भी समझ लिया था कि दिल्ली दरबार ने वीडी शर्मा को मप्र में की 29 सीटों पर रणनीति तय करने का दायित्व सौंप कर शुभंकर का ठप्पा भी लगा दिया है।

जहां तक 53 वर्षीय वीडी भाईसाब की संगठन दक्षता का सवाल है तो 1993 से 2014 तक अभाविप के क्षेत्रीय, प्रादेशिक और राष्ट्रीय दायित्व के बाद 2013 में उन्हें भाजपा में प्रवेश मिल गया।चार साल (2016-20) तक भाजपा के प्रदेश महामंत्री रहे और 2019 में उन्हें पार्टी ने खजुराहो से चुनाव लड़ाया था, तब वो त्रिकोणी मुकाबले में लड़ कर जीते थे। अब वे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की हैसियत से प्रदेश की सभी सीटों पर महाजीत के लिए जुटे हुए हैं। खजुराहो सीट पर तो उन्हें इस बार बिना लड़े ही जीत के आसार बन गए हैं।बसपा समेत बाकी बचे 15 प्रत्याशियों में इंडी गठबंधन किसी को भी समर्थन देने की स्थिति में नहीं है।

अब खजुराहों में 14 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में।

लोकसभा निर्वाचन अंतर्गत शुक्रवार को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा में पांच अभ्यर्थियों का नामांकन पत्र रद्द हो जाने के बाद खजुराहो संसदीय क्षेत्र से अब 14 अभ्यर्थी चुनावी मैदान में शेष रह गये हैं।अभ्यर्थी सोमवार, 8 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवारी से नाम वापस ले सकेंगे।
चुनावी मैदान में शेष रह गये अभ्यर्थियों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार विष्णुदत्त शर्मा एवं बहुजन समाज पार्टी के अभ्यर्थी कमलेश कुमार शामिल हैं। 12 निर्दलीयों में मोहम्मद इमरान, कपिल गुप्ता भारतीय, केशकली, गिरन सिंह, नंदकिशोर, पंकज मौर्य(कुशवाहा), पन्ना लाल त्रिपाठी, एड., फिरोज खां, बिटइया अहिरवार, आरबी प्रजापति (राजा भइया) पूर्व आईएएस, लक्ष्मी प्रसाद और पेंटर सुनमान सिंह लोधी हैं।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *