बीजेपी नेता का पुत्र एक दिन की पुलिस रिमांड पर

  
Last Updated:  July 28, 2025 " 12:42 am"

रीगल तिराहे पर रोके जाने के दौरान पुलिस जवानों को कार से कुचलने का किया था प्रयास।

शासकीय कार्य में बाधा डालने और ड्रग्स तस्करी में लिप्त होने का भी है आरोप।

इंदौर : बीजेपी नेता पुत्रों के नित नए कारनामें सामने आ रहे हैं।हाल ही में एक बीजेपी विधायक पुत्र के जबरदस्ती महाकाल मंदिर के गर्भगृह में घुसने और गार्ड के साथ बदतमीजी करने का मामला उजागर हुआ था।अब एक अन्य बीजेपी नेता के पुत्र के खिलाफ पुलिस जवान को कुचलने का प्रयास करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर एक दिन की रिमांड पर भी लिया गया। उसके पास मिले सफेद पाउडर से आशंका ये भी जताई जा रही है कि वह ड्रग्स के अवैध धंधे में भी लिप्त है।

मामला बीजेपी नेता और मप्र अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य कमाल खान के बेटे माज़ खान से जुड़ा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि माज़ खान ड्रग्स के अवैध धंधे में लिप्त होकर उसकी डिलीवरी देने जा रहा है। इस पर पुलिस ने रीगल तिराहा पर माज़ खान की कार को रोका, कार में उसके साथ एक युवती भी थी। कार रोकने की बजाय माज़ खान ने पुलिस जवानों की बाइक को टक्कर मारकर उन्हें कुचलने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने समय रहते बाइक से कूदकर अपनी जान बचाई लेकिन उनकी बाइक कार के पहियों फंस गई। इसके बाद भी वह पुलिसकर्मियों पर रौब झाड़ने का प्रयास करने लगा। लेकिन पुलिस ने उसको हिरासत में लेते हुए कार की तलाशी ली तो उसमें एक कागज में रखा सफेद रंग का पाउडर बरामद हुआ। ड्रग्स होने की आशंका में उसे जांच हेतु फोरेंसिक लैब भेजा गया। माज़ खान की कार जब्त कर उसे शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस जवानों की कुचलकर जान लेने का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट में पेश कर उसे एक दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। बरामद सफेद पाउडर ड्रग्स निकलने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *