बीजेपी ने हर वर्ग के साथ धोखा किया, जनता उनके संकल्प पत्र पर नहीं करेगी भरोसा

  
Last Updated:  November 12, 2023 " 04:24 pm"

भाजपा का घोषणा नहीं, जुमला, घपला और घोटाला पत्र है।

लाड़ली बहना को नहीं मिलेगा मौका, 3000 रु. महीना की घोषणा निकली धोखा।

आज समूचा प्रदेश एक स्वर में कह रहा है- “भाजपा को हराईये, बेरोजगारी महंगाई, भ्रष्टाचार पर विजय पाईये” ।

बीजेपी के संकल्प पत्र पर बोले कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला।

इंदौर : कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बीजेपी द्वारा जारी संकल्प पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बीजेपी का घोषणा पत्र नहीं, जुमला, घपला और घोटाला पत्र है। बीजेपी के 18 वर्ष के शासनकाल में हर वर्ग का विकास बाधित हुआ है। स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं, किसानों को उपज का सही दाम नहीं मिल रहा, युवाओं को काम नहीं मिल रहा, आदिवासियों का सम्मान नहीं रहा और प्रदेश की भाजपा सरकार को भ्रष्टाचार के अलावा और कोई काम नहीं रह गया है। प्रदेश के हर वर्ग के साथ उन्होंने विश्वासघात किया है। लोग उनके घोषणा पत्र पर भरोसा क्यों करेंगे..?

दाम नहीं किए दो गुना दर्द दिया सौ गुना।

सुरजेवाला ने कहा कि द्वापर में कंस – शकुनि हुए, कलियुग में शिवराज, किसानों को मारी गोलियाँ, दंश दिए हजार ! फसलों के दाम मांगने पर किसानों के सीने में गोलियाँ दाग देने वाली सरकार के मुँह से 2,700 रु. क्विंटल गेहूँ और 3100 रु. धान देने की बात महज जुमला है। कांग्रेस पार्टी ने जब प्रदेश के किसानों को वादा किया कि हम गेहूँ के दाम 2,600 रु. देंगे और धान के 2,500 रु. देंगे, फिर उसे 3,000 रु तक कर देंगे, तब भाजपा ने भयवश यह दाम देने का स्वांग रचा। कांग्रेस पार्टी ने 27 लाख किसानों का 2 लाख रु. तक का कर्जा माफ किया और सरकार बनते ही भाजपा सरकार ने कांग्रेस की कर्जमाफी योजना रोक दी थी, उसे पुनः चालू करेंगे।

किसानों के मुआवजे में भ्रष्टाचार।

भाजपा के 18 सालों के शासनकाल में 20,000 से अधिक किसानों ने आत्महत्या की। भाजपा सरकार के पाप की पराकाष्ठा देखिए कि किसानों के मुआवजे तक में भ्रष्टाचार किया और उसे नोएडा में अपने चहेतों के खातों में ट्रांसफर कर दिया।
हम चुनौती देते हैं, भाजपा और मोदी सरकार को कि अगर उनमें ईमानदारी का एक पैसा भी शेष है, तो देश भर में गेहूँ का MSP 2700 रुपया घोषित करें और धान का MSP 3100 रुपया घोषित करें।

महिलाओं को दिया धोखा, महंगाई की आग में झोंका।

सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि सीएम शिवराज सिंह प्रदेश के हर जिले में घोषणा करते रहे कि लाड़ली बहना को 3000 रु. महीना दूंगा, मगर नड्डा जी ने जो घोषणा पत्र जारी किया, उसमें यह बात सामने आई कि शिवराज जी प्रदेश की बेटियों को धोखा दे रहे थे, और सत्ता की भूख मिटाने के लिए 3000 रु. का झूठ बोल रहे थे। आज भाजपा कह रही है, कि हम गैस का सिलेंडर 450 रु में देंगे। कांग्रेस शासन काल में 400 रु. का सिलेंडर 1150 रु. में करने वाली भाजपा को चुनाव के वक्त बहनें याद आने लगी हैं। सच्चाई यह है कि महंगाई की वजह से प्रदेश के 82 लाख गैस कनेक्शनों में से 44 लाख उज्जवला बहनों ने पिछले वर्ष एक भी गैस का सिलेंडर नहीं लिया। 18 लाख बहनों ने पूरे साल सिर्फ एक गैस का सिलेंडर लिया। मध्यप्रदेश में भाजपा शासनकाल में 58,000 बलात्कार हुए, 67,000 बेटियों के अपहरण हुए, पिछले 3 साल में मध्य प्रदेश की 2 लाख बेटियाँ गायब हैं। 18 साल तक बेटियों के आर्थिक और सामाजिक सरोकारों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अब इन्हें बेटियों की याद आ रही है।

कांग्रेस बेटियों को ये देगी :-

सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी 1500 रु. प्रति माह बेटियों को देगी, उसके जन्म से विवाह तक 2,51,000 रु. देगी। विवाह पर 101,000 रु. देगी, विधवा पुनर्विवाह पर 1,51,000 रु. देगी। बेटियों को समृद्ध करेगी।

आदिवासी देश की शान, भाजपा ने किया अपमान।

सुरजेवाला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने आदिवासी भाईयों को 4,000 रु. प्रति बैग तेंदू पत्ते के दाम देने का आश्वासन दिया है जबकि यह वादा कांग्रेस पार्टी पहले ही अपने आदिवासी भाईयों से कर चुकी है। भाजपा के लोग आदिवासी भाईयों पर पेशाब करके उन्हें अपमानित कर रहे हैं। भाजपा के मंडल अध्यक्ष सार्वजनिक रूप से उन्हें चप्पलों से पीट रहे हैं। भाजपा को घोषणापत्र में वादों की अपेक्षा पहले आदिवासी भाईयों से क्षमा याचना करनी चाहिए। भाजपा ने आदिवासी परिवारों के 3,22,000 वन पट्टे निरस्त किए हैं। आदिवासी भाईयों को कोरोना की महामारी में मध्य प्रदेश सरकार ने जो अनाज बाँटा, वो जानवरों के खाने लायक भी नहीं था, यह केंद्र सरकार की जाँच रिपोर्ट में खुलासा हुआ।

युवाओं का भविष्य किया तार-तार छीन लिए रोजगार।

सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को 4,50,000 रोजगार का वादा कर रही है, मगर भाजपा सरकार ने 18 सालों में युवाओं को क्या दिया, यह सबको जानना चाहिए। 23 प्रवेश और भर्ती परीक्षा घोटाले में 1 करोड़ युवाओं के भविष्य को बेच दिया, भाजपा विधायक और मंत्रियों के कॉलेजों से पटवारी भर्ती घोटाला कर 15-15 लाख रु. में 10 लाख युवाओं के भविष्य को बेच दिया। 900 नर्सिंग कॉलेजों में घोटाला करके 1,50,000 बच्चों के भविष्य को दाँव पर लगा दिया। 10,000 करोड़ रु का डीमैट घोटाला तो इतना बड़ा था कि सुप्रीम कोर्ट में सीबीआई ने हलफनामा दिया कि यह घोटाला व्यापम से भी बड़ा है। हम इसकी जाँच नहीं कर सकते। भाजपा के 18 साल के शासनकाल में 18,000 युवा आत्महत्या करने को मजबूर हो गए। रोजगार कार्यालय में 39 लाख बेरोजगार दर्ज हैं। सरकार ने खुद बताया है कि 2020 से 2023 के बीच सिर्फ 21 लोगों को नौकरियाँ दी गई।

बच्चों के भविष्य से चोट, अब चाहिए इन्हें वोट।

भाजपा अपने घोषणा पत्र में कह रही है, कि पहली से 12वीं तक स्कूल की शिक्षा मुफ्त देंगे, जबकि सच्चाई यह है कि मध्य प्रदेश के शासकीय स्कूलों को 18 सालों में भाजपा सरकार ने जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पहुँचा दिया है। 2015 से अब तक स्कूलों में 9 लाख एनरोलमेंट कम हो गए हैं। 40,000 शिक्षकों को स्थायी रूप से निकाल दिया गया है। 29,000 शासकीय स्कूल बंद कर दिए गए हैं, और 26,000 स्कूलों में आज तक बिजली का कनेक्शन भी नहीं दिया गया है। कांग्रेस पार्टी प्रतिबद्ध है कि हम पहली से 80 तक हर बच्चे को 500 रु महीना देंगे, 9वीं से 10वीं के बच्चों को 1,000 रु महीना और 11वीं से 12वीं के बच्चों को 1500 रु. प्रति माह देंगे। भाजपा अपने घोषणा पत्र में लिख रही है कि स्कूली बच्चों को पौष्टिक नाश्ता और पोषण आहार देंगे, जबकि सच्चाई यह है कि कैग ने बताया कि भाजपा सरकार ने बच्चों के पोषण आहार में इतना बड़ा घोटाला किया कि जिन ट्रकों में पोषण आहार ले जाना बताया गया, वो नंबर स्कूटी और मोटर सायकल के निकले। मध्य प्रदेश में 45 लाख स्कूली बच्चों की ड्रेस में भाजपा सरकार ने घोटाला किया।

प्रदेश को भ्रष्टाचार और गरीबी की आग में झोंका।

नीति आयोग ने बताया कि मध्य प्रदेश के नागरिकों की समृद्धि को भाजपा ने वेंटिलेटर पर डाल दिया है। भाजपा सरकार कह रही है कि प्रति व्यक्ति आय को दोगुना करेंगे। विडंबना देखिए कि प्रदेश में 80 लाख परिवारों के पास बीपीएल कार्ड हैं, 82 लाख उज्जवला के कनेक्शन का मतलब है कि 82 लाख परिवार मध्य प्रदेश में गरीबी रेखा के नीचे रह रहे हैं। पिछले वर्ष नीति आयोग ने मल्टी डायमेंशनल पॉवर्टी इंडेक्स में बताया कि विश्व का सबसे गरीब जिला मध्य प्रदेश का अलीराजपुर हैं, जहाँ 71 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा के नीचे रहते हैं। मध्य प्रदेश के आदिवासी जिलों में झाबुआ, मंडला, डिंडोरी, बालाघाट में 60 प्रतिशत लोग गरीबी रेखा के नीचे रहने को मजबूर हैं। महाकाल लोक में भ्रष्टाचार करके जो भगवान को नहीं छोड़ते, वो इंसान पर क्या रहम खाएंगे।

अबकी दिवाली कांग्रेस वाली।

सुरजेवाला का कहना है कि अबकी दिवाली कांग्रेस वाली होगी। ये दिवाली दीवाली बेटियों वाली होगी। उन्हें1500 रु प्रतिमाह का साथ और 500रु. में गैस की सौगात मिलेगी।

अबकी दीवाली किसानों वाली।

सुरजेवाला के मुताबिक कांग्रेस किसानों के लिए 2600 रु. क्विंटल गेहूँ, 2500 रु धान, 5Hp की मुफ्त मोटर का इंतजाम करेगी।

अबकी दीवाली बच्चों वाली।

कांग्रेस स्कूल के बच्चों को 500 रु. से 1500 रु. प्रतिमाह देगी।

अबकी दीवाली मुफ्त बिजली वाली।

कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में 100 यूनिट माफ. 200 यूनिट हाफ का वादा किया है।

अबकी दीवाली पुरानी पेंशन वाली।

सुरजेवाला ने बताया कि अबकी दिवाली पुरानी पेंशन वाली और सेहत वाली होगी। अस्पतालों में 25 लाख तक का इलाज मुफ़्त होगा।

पत्रकार वार्ता मे राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे, पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कुलदीप सिंह नागरा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्डा, कार्य. अध्यक्ष विशाल गोलू अग्निहोत्री, प्रदेश प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला, अमीनुल खान सूरी, अमित चौरसिया, आनंद जैन कासलीवाल उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *