बीजेपी महिला मोर्चे की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथि का दावा, महिला सशक्तिकरण के लिए काम करनेवाली बीजेपी एकमात्र पार्टी

  
Last Updated:  August 29, 2021 " 09:12 pm"

इंदौर : बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथि श्रीनिवासन इंदौर प्रवास के दौरान भाजपा कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता के जरिए पत्रकारों से भी चर्चा की। उन्होंने पहले अपनी बात रखते हुए कहा कि मध्यप्रदेश महिला मोर्चा बीजेपी संगठन में सशक्त रोल निभा रहा हैं। संगठन को आगे बढ़ाने के लिए बूथ लेवल तक महिला मोर्चा कार्यकर्ता काम कर रही हैं।

बीजेपी महिला सशक्तिकरण के लिए काम करनेवाली एकमात्र पार्टी।

वनाथि श्रीनिवासन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को टिकट देकर चुनाव लड़ने का ही नहीं बल्कि उन्हें बराबरी से केंद्रीय मंत्रिमंडल में मंत्री बनाकर उनका सम्मान भी करती है। भाजपा देश की एकमात्र राजनीतिक पार्टी है जो राजनीतिक रूप से महिला सशक्तिकरण के लिए 50% आरक्षण प्रदान कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनकी सरकार द्वारा शुरू की गई सारी योजनाओं से महिलाओं को सबसे अधिक लाभ हुआ। जब भी प्रधानमंत्री कोई नई पहल शुरू करने पर विचार करते हैं तो वह महिला सशक्तिकरण के बारे में सोचते हैं, केंद्रीय मंत्रिमंडल में 11 महिलाएं मंत्री हैं। हमारी बेटियां इस देश के लिए पदक जीत रही हैं ।

महिला मोर्चा केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में सक्रिय।

बीजेपी महिला मोर्चे की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी की केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार ने मिलकर महिलाओं के उत्थान के लिए कई योजनाएं संचालित की हैं।
हर जगह महिलाओं को अधिकार मिला है । उज्जवला योजना, आवास योजना की जानकारी महिला मोर्चा द्वारा आम महिलाओं तक पहुंचाई जा रही हैं। लाडली लक्ष्मी योजना और सुकन्या योजना मध्यप्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल हैं। केंद्र सरकार ने कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन का वितरण किया है।

पेट्रोल- डीजल की कमाई से हो रहे बुनियादी विकास कार्य।

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पेट्रोलियम पदार्थों के बढ़ते दामों को लेकर कहा कि 80 फ़ीसदी पेट्रोल- डीजल का आयात किया जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार से तेल की कीमतें तय होती हैं। सरकार को पेट्रोलियम पदार्थों से जो भी आय होती है, उसका उपयोग बुनियादी विकास कार्यों में होता है।

घरेलू गैस महंगी होने की बात से जताई सहमति।

महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथि श्रीनिवासन ने माना कि रसोई गैस महंगी होने का असर गृहिणियों के बजट पर पड़ा है। हालांकि उनका कहना था कि जल्द ही कीमतें कम होने लगेंगी।हम लोगों को बता रहे हैं कि कोरोना काल से अर्थव्यवस्था को बड़ा नुकसान हुआ है। ये चुनौतीपूर्ण समय है। जल्दी ही हम इससे उबरने में कामयाब होंगे।

पत्रकार वार्ता में वनाथि श्रीनिवासन के साथ भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, राष्ट्रीय महामंत्री महिला मोर्चा सुखप्रीत कौर, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया, महिला मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी नेहा बग्गा, प्रवक्ता दिव्या गुप्ता, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी दीपक जैन एवं इंदौर के मीडिया प्रभारी देवकीनंदन तिवारी उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *