मप्र को मलखंभ में 2 और भारोत्तोलन में एक स्वर्ण पदक मिला

  
Last Updated:  February 9, 2023 " 03:30 pm"

खेलो इंडिया यूथ गेम्स (मप्र) 2022 (राउंडअप।

मलखंभ में लड़को के वर्ग में मिले दो स्वर्ण, लड़कियों के वर्ग में आया रजत।

भारोत्तोलन में मप्र के वालुरी अजय बाबू ने कुल 297 किग्रा के साथ सोना जीता।

टेनिस में मप्र के दक्ष के अलावा पहल खराडकर/अमिशी शुक्ला की जोड़ी फाइनल में पहुंची।

कबड्डी में मप्र के लड़के पदक की दौड़ से बाहर।

इंदौर : महाकाल की नगरी उज्जैन के माधव सेवा न्यास में जारी मलखंभ के मुकाबलों में मेजबान मध्य प्रदेश ने बुधवार को दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किए। लड़कों के व्यक्तिगत ऑल राउंड इवेंट में प्रणव ने 26.50 अंक के साथ स्वर्ण जीता जबकि मध्य प्रदेश की टीम ने रैंकिंग (लड़के एवं लड़कियां संयुक्त) का स्वर्ण 207.20 अंकों के साथ जीता। लड़कियों के व्यक्तिगत आल राउंड इवेंट में मप्र की सिद्धी गुप्ता ने रजत जीता। इसी तरह मध्य प्रदेश के वेलुरू अजय बाबू ने 81 किग्रा वर्ग में सोना जीता। वेलुरू ने स्नैच-135 किग्रा, क्लीन एंड जर्क-162 किग्रा, कुल- 297 किग्रा के साथ पहला स्थान हासिल किया। टेनिस में मप्र के दक्ष के अलावा पहल खराडकर/अमिशी शुक्ला की जोड़ी भी फाइनल में पहुंच गई है।

अभय प्रशाल में जारी कबड्डी मुकाबलों में हालांकि मेजबान मप्र के लड़कों को अपने अंतिम ग्रुप मैच में हार मिली। महाराष्ट्र ने उसे 50-37 से हराकर पदक की दौड़ से बाहर कर दिया। दिल्ली के लड़के कबड्डी फाइनल में पहुंच गए हैं। दिल्ली ने सेमीफाइनल में राजस्थान को 36-34 से हराया। लड़कियों के सेमीफाइनल मैच में हरियाणा ने बिहार को 70-15 के भारी भरकम अंतर से हराया, जबकि महाराष्ट्र ने हिमाचल प्रदेश को 44-31 से हराया। फाइनल में अब हरियाणा का सामना महाराष्ट्र से होगा। लड़कों के फाइनल में हरियाणा का सामना दिल्ली से होगा। हरियाणा ने दूसरे सेमीफाइनल में महाराष्ट्र को 50-35 से हराया।

इसी तरह, लड़कों के फुटबाल का फाइनल केरल और कर्नाटक के बीच खेला जाएगा। कर्नाटक ने पंजाब को 3-2 से हराया जबकि केरल ने मेघालय को 5-3 से हराया।

इंदौर टेनिस क्लब में लड़कों के एकल टेनिस में मेजबान टीम के दक्ष प्रसाद ने प्रणव कार्तिक (तमिलनाडु) को 5-7, 6-2,6-2 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है, जहां उनका सामना नंबर-1 गुजरात के आर्यन शाह से होगा। लड़कियों के युगल फाइनल में पहल और अमिशी का सामना ओडिशा की सोहिनी.एस मोहंती/आराध्या वर्मा से होगा।

बास्केटबाल कॉम्प्लेक्स में जारी भारोत्तोलन में लड़कियां के वर्ग में 59 किग्रा में निकिता कमलाकर (महाराष्ट्र) ने बाजी मारी। सोनम सिंह (उत्तर प्रदेश) दूसरे और बी. हरिका (आंध्र प्रदेश) तीसरे स्थान पर रहीं। इसी तरह 64 किग्रा वर्ग में भावना (हरियाणा) ने सोना जीता जबकि एल. कोविक्षा (पुडुचेरी) रजत जीतने में सफल रहीं। सुषमा देवी (उत्तर प्रदेश) तीसरे स्थान पर रहीं। लड़कों के मुकाबलों में 73 किग्रा में शिवा चौधरी (दिल्ली) ने पहला जबकि प्रबल प्रोतीम गोगोई (असम) ने दूसरा स्थान पाया। साईराज परदेसी (महाराष्ट्र) को तीसरा स्थान मिला। लड़कों के 81 किग्रा में लालरुआतफेला (मणिपुर) ने रजत और नकुल गोस्वामी (उप्र ने कांस्य जीता।

मलखंभ में लड़कों के व्यक्तिगत आलराउंड इवेंट में शार्दूल (महाराष्ट्र) 26.10 अंकों के साथ दूसरे और राकेश वेरडा (छत्तीसगढ़) 25.90 तीसरे स्थान पर रहे। टीम रैंकिंग का रजत महाराष्ट्र (205.60) को और कांस्य छत्तीसगढ़ (201.25) को मिला। सिद्धी ने लड़कियों के इवेट में 17.30 अंकों के साथ दूसरा स्थान पाया जबकि इस स्पर्धा का स्वर्ण महाराष्ट्र की समीक्षा सुराडकर ने जीता। कांस्य महाराष्ट्र की ही तनश्री जाधव को मिला।

इंदौर टेनिस क्लब में टेनिस में लड़कों के एकल सेमीफाइनल में आयर्न शाह (गुजरात) ने माइकल डेविड (कर्नाटक) को 6-0, 6-2 से हराया। इसी तरह मेजबान मप्र के दक्ष प्रसाद ने एक अन्य सेमीफाइनल में प्रणव कार्तिक (तमिलनाडु) को 5-7, 6-2,6-2 से हराया। लड़कियों के एकल सेमीफाइनल में तेजस्वी डबास (दिल्ली) ने सोनल पाटिल (महा) को 6-4,6-4 से हराया जबकि सुनीथा मुरुरी (कर्नाटक) ने मधुरिमा सावंत (महा) को 6-2, 7-5 से हराया। लड़कों के युगल सेमीफ़ाइनल में रेथिन प्रणव आरएस / गगन राकेश विमल (तमिलनाडु) ने तनिष्क जाधव / निशित रहाणे (महाराष्ट्र) को 7-6 (5), 6-4 से हराया जबकि प्रणव कार्तिक / कार्तिक केएस कविन (तमिलनाडु) ने दीपम मलिक / रियान शर्मा (दिल्ली) को 6-4, 7-5 से हराया। लड़कियों के युगल सेमीफाइनल में सोहिनी.एस मोहंती/आराध्या वर्मा (ओडिशा) ने हन्ना नागपाल/सौमृता वर्मा (उत्तर प्रदेश) को 7-5, 7-5 से हराया। इसी तरह पहल खराडकर/अमिशी शुक्ला (मध्य प्रदेश) ने तेजस्वी डबास/लक्ष्मी गौड़ा (दिल्ली) को 1-6, 6-3, 10-7 से हराया।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *