भोपाल : मप्र में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद नगरीय निकाय चुनाव का भी ऐलान कर दिया गया है। निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 133 और दूसरे चरण में 214 नगरीय निकायों में चुनाव होंगे। निकाय चुनाव ईवीएम से होंगे। 3 जिलों में निकायों का कार्यकाल पूरा नहीं होने से चुनाव नहीं हो रहे हैं।
पहले चरण का मतदान 6 जुलाई को। इंदौर में इसी दिन होगी वोटिंग।
राज्य निर्वाचन आयुक्त बीपी सिंह ने बुधवार को भोपाल में आयोजित पत्रकार वार्ता में नगरीय निकाय चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 11 नगर निगम, 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषदों के चुनाव होंगे। मतदान 6 जुलाई को होगा। इंदौर नगर निगम के चुनाव भी पहले चरण में 6 जुलाई को होंगे। इस दौरान मेयर और 85 वार्डों के पार्षदों के लिए मतदान होगा।
13 जुलाई को दूसरे चरण का होगा मतदान।
राज्य निर्वाचन आयुक्त बीपी सिंह ने बताया कि दूसरे चरण में 13 जुलाई को 5 नगर निगम, 40 नगर पालिका और 169 नगर परिषदों के लिए वोट डाले जाएंगे।
11 जून से भरे जाएंगे नामांकन।
निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि नामांकन फार्म भरने का सिलसिला 11 जून से प्रारंभ हो जाएगा जो 18 जून तक चलेगा। 20 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 22 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसी दिन प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह का आवंटन भी कर दिया जाएगा।
17 व 18 जुलाई को होगी मतगणना।
राज्य निर्वाचन आयुक्त के मुताबिक 6 और 13 जुलाई को मतदान के बाद पहले चरण के चुनाव की मतगणना 17 जुलाई और दूसरे चरण की 18 जुलाई को होगी।
3 जिलों में अभी चुनाव नहीं होंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त बीपी सिंह ने बताया कि तीन जिले अलीराजपुर, मंडला और डिंडोरी में फिलहाल निकाय चुनाव नहीं होंगे, क्योंकि वहां के स्थानीय निकायों का कार्यकाल अभी शेष है।









