मप्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में पूरी मदद करेगी केंद्र सरकार, जरूरत के अनुसार उपलब्ध कराएंगे वैक्सीन- डॉ. हर्षवर्धन

  
Last Updated:  March 14, 2021 " 04:14 pm"

मुख्यमंत्री शिवराज से केन्द्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने सीएम आवास पर की मुलाकात।

मप्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए पूरी मदद का दिया भरोसा।

भोपाल : केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा है कि मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए केन्द्र सरकार पूर्ण सहयोग देगी। रविवार सुबह मुख्यमंत्री निवास पहुंचे डॉ. हर्षवर्धन ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आश्वस्त किया कि वे मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में भारत सरकार द्वारा दिए जाने वाले सहयोग में कोई कमीं नहीं रखेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने डॉ. हर्षवर्धन से आग्रह किया कि जबलपुर के कैंसर इंस्टीट्यूट को केन्द्र सरकार से 75 प्रतिशत अंशदान दिया जाए। वर्तमान में यह अंशदान 60 प्रतिशत है जिसे बढ़ाया जाना चाहिए।
इसी के साथ मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश में 3 नए मेडिकल कॉलेज दमोह, सिवनी और छतरपुर को प्रारंभ करने के लिए औपचारिक अनुमोदन और सहयोग का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने डा हर्षवर्धन को बताया कि उन्होंने अपने पूर्व कार्यकाल में निरंतर नए मेडिकल कॉलेज प्रारंभ करने की पहल की थी। वर्ष 1964 के बाद लंबी अवधि तक नए कॉलेज नहीं खुले थे। सागर में नए मेडिकल कॉलेज से यह श्रृंखला शुरु हुई। वर्तमान बजट में भी नौ नए चिकित्सा महाविद्यालय प्रारंभ करने का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने केन्द्रीय मंत्री से भोपाल के गैस पीड़ितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी चर्चा की और अतिरिक्त सुविधाएं देने का आग्रह किया। उन्होंने गैस पीड़ितों के लिए संचालित अस्पताल के व्यवस्थित संचालन में भी केन्द्र के सहयोग का आग्रह किया।

अगले सप्ताह से कोविड वैक्सीन के 10 लाख डोज़ की जरूरत।

मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री को जानकारी दी कि मध्यप्रदेश में समस्त पात्र नागरिकों को आगामी 35 टीकाकरण दिवसों में कोविड का प्रथम डोज दिए जाने की योजना है। इसके लिए लगभग 81 लाख प्रथम डोज की आवश्यकता होगी। अब तक राज्य को कोविशील्ड की कुल 28 लाख तथा को-वैक्सीन की कुल 3.84 लाख डोज प्राप्त हुई है। आज दिनांक तक 15 लाख वैक्सीन डोज़ लगाए जा चुके हैं। आगामी सप्ताह से प्रति सप्ताह 8 से 10 लाख वैक्सीन डोज की आवश्यकता है ताकि निर्धारित समयावधि में टीकाकरण का कार्य जून के प्रथम सप्ताह तक पूर्ण किया जा सके। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वस्त किया कि मध्यप्रदेश को आवश्यकतानुसार डोज उपलब्ध करवाएं जाएंगे।

इसके पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन के मुख्यमंत्री निवास आगमन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा भी बैठक में उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *