मप्र में 20 नवंबर को प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा

  
Last Updated:  November 8, 2022 " 08:11 pm"

भारतवासियों का आर्शीवाद पाने का अभियान है, भारत जोड़ो यात्रा।

पूरे उत्साह से यात्रा से जुड़ रहे लोग, तमाम ऐतिहासिक स्थलों पर जाएंगे राहुल गांधी।

मध्यप्रदेश की संस्कृति और धरोहरों से ओत-प्रोत होगी भारत जोड़ो यात्रा।

समूचे भारत को एक सूत्र में पिरोने और एकता व भाईचारे को मजबूत बनाएगी यह यात्रा – कमलनाथ।

इन्दौर : पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने इन्दौर में भारत जोड़ो यात्रा के संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि ‘एकजुट भारत’ के जज्बे से ओत-प्रोत होकर भारत जोड़ो यात्रा को प्रारंभ किया गया है। यह यात्रा देश में एक जन अभियान का रूप ले चुकी है । उन्होंने कहा कि हम सब भारतीय हैं, क्योंकि भारत देश के नागरिक हैं। हमारे लिये देश की एकता और अखंडता सर्वोपरि है। इसे सुनिश्चित करने के लिए देश में भाईचारे को बढ़ावा देना हम सब का प्रथम कर्तव्य एवं दायित्व है।

वर्तमान शासक नफरत और भेदभाव को दे रहे बढ़ावा।

कमलनाथ ने कहा कि आज देश में ऐसी परिस्थितियां हैं कि भारत को ‘‘संविधान की भावना’’ के विपरीत शासित किया जा रहा है। राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए भाईचारे के स्थान पर वैमनस्यता और भेदभाव को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रतिदिन लोकतंत्र की हत्या हो रही है एवं जनता के वोट को नोटों से कुचला जा रहा है । लोकसभा और विधानसभाओं में जनहित के मुद्दों पर आवाज उठने नहीं दी जा रही। संवैधानिक संस्थाओं पर अनैतिक दबाव है। विभिन्न संगठनों का दुरूपयोग विपक्ष एवं स्वतंत्र संस्थाओं को कुचलने के लिए किया जा रहा है। अभिव्यक्ति की आजादी को समाप्त किया जा रहा है। भारत की संस्कृति, भारतीय समाज और भारतीय अर्थव्यवस्था को खंडित करने का काम किया जा रहा है।

चरम पर है महंगाई।

आज देश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है । पेट्रोल, डीजल, बिजली, खाद्य सामग्री और घरेलु गैस की कीमतों से देश को लूटा जा रहा है। देश और प्रदेश की सरकारें लाखों-करोड़ों के कर्ज में डूबी हुई है। अर्थव्यवस्था धराशायी होने की और बढ़ रही है । रूपया रोज कमजोर हो रहा है । देश में मजदूर और किसान की सुध लेने वाला कोई नही है । बहन-बेटियों बच्चों और अपवंचितों पर अपराध शिखर पर है, उनके अधिकारों का हनन हो रहा है। बीजेपी की सरकारें जनता को गुमराह कर केवल खुद की ब्रांडिंग के लिए इवेन्ट आयोजित करने में लगी है।

ये सरकार ‘‘सूट-बूट और लूट’’ की सरकार है।

श्री नाथ ने मोदी सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा यह सूट – बूट और लूट की सरकार है जिसने आम आदमी का जीना दुभर कर दिया है। देश की ऐसी परिस्थितियों में जरूरी हो गया था कि आमजन के बीच जाकर देश की एकता और अखण्डता, देश के संविधान, देश के लोकतंत्र एवं संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती के लिए और जन-जन के मुद्दों को राष्ट्रीय फलक पर रखते हुए जनता के बीच जाया जाए ताकि हमारा भारत ‘एकजुट भारत’ की राह पर निरंतर बढ़ सके । यही उद्देश्य राहुल गांधी द्वारा प्रारंभ की गई भारत जोड़ो यात्रा का है।

हजारों किमी की पद यात्रा ऐतिहासिक कदम।

कमलनाथ ने राहुल गांधी के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक की हजारों किलोमीटर की यह पद यात्रा ‘एक ऐतिहासिक कदम’ है जो लगभग 150 दिवसों में 12 राज्यों से होकर सम्पूर्ण भारत को जोड़ने के लक्ष्य को प्राप्त करेगी।

कमलनाथ ने बताया कि वे भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिये कर्नाटक गये थे। यात्रा को जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है।
श्री नाथ ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा को प्रारंभ हुए 60 दिन से अधिक हो गए हैं। यात्रा ने लगभग 2000 कि.मी. से अधिक का सफर तय कर लिया है । इस 2000 कि.मी. की यात्रा में हमने देखा कि पूरा देश ‘‘एकजुट भारत’’ के पावन उद्देश्य में कदम से कदम मिलाकर जुड़ गया है।

मप्र में यात्रा को लेकर भारी उत्साह।

कमलनाथ ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा को लेकर अत्यधिक उत्साह है। प्रदेश की आम जनता राहुल गांधी के साथ यात्रा में चलने को लेकर उत्साहित है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के साथ यात्रा की तैयारी को अंतिम स्वरूप दे रहे हैं।

कमलनाथ ने बताया कि सम्पूर्ण मध्यप्रदेश भारत जोड़ो यात्रा में सम्मिलित होना चाहता था। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से 15 से अधिक उपयात्रायें चल रही हैं। ये सभी उपयात्राऐं राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में अलग-अलग स्थानों पर जुड़ जाएंगी।

महापुरुषों से जुड़े स्थानों और ऐतिहासिक धर्मस्थलों पर जाएंगे राहुल।

कमलनाथ ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी मध्यप्रदेश की धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विरासतों एवं जननायकों से जुड़े स्थानों पर पहुचेंगे । यात्रा में ओंकारेश्वर और महाकालेश्वर ज्योर्तिलिंग के दर्शन, मां नर्मदा आरती, दरगाह-ऐ-हकीमी, गुरूद्वारा बुरहानपुर, संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू, संविधान दिवस का कार्यक्रम, देवी अहिल्या बाई को श्रद्धा सुमन व आराध्य टंट्या भील की जन्मस्थली पर श्रद्धासुमन अर्पित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को यात्रा में प्रस्तावित किया गया है।

कमलनाथ ने मध्यप्रदेश की जनता को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया और भारत की संस्कृति को अक्षुण्ण रखने के इस महाभियान को सफल बनाने की अपील की ।

इन जिलों से गुजरेगी यात्रा :-

भारत जोड़ो यात्रा का 20 नवंबर की रात प्रदेश में प्रवेश होगा, 21 को विश्राम के बाद 22 नवंबर को बुरहानपुर से भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में प्रारंभ होगी।

मध्यप्रदेश में यात्रा बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर मालवा जिले से होकर गुजरेगी।

कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक इंदौर में राजवाड़ा स्थित देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ नुक्कड़ सभा भी प्रस्तावित है।

मध्यप्रदेश में यात्रा करीब 382 किलोमीटर का मार्ग पूर्ण करेगी ।
• 17-18 मध्यप्रदेश उपयात्रायें मुख्य भारत जोड़ो यात्रा में आकर जुड़ेंगी ।

भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर, 2022 को कन्याकुमारी से प्रारंभ हुई। करीब 3500 किमी का सफर करीब 150 दिनों में पूर्ण कर कश्मीर पहुंचेगी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *