जैन समाज ने उत्साह के साथ मनाया भगवान महावीर का जन्म कल्याणक महोत्सव

  
Last Updated:  April 21, 2024 " 06:52 pm"

दिगंबर व श्वेतांबर जैन समाज ने निकाली शोभायात्राएं ।

भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा व जियो और जीने दो के संदेश का किया गया प्रचार – प्रसार।

इंदौर : भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव रविवार को जैन समाज ने हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस मौके पर श्वेतांबर व दिगंबर जैन समाज की शोभायात्राएं निकली, जिनमें हजारों समाज बंधु और मातृशक्तियाँ शामिल हुए।इस दौरान भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा परमो धर्म व जियो और जीने दो के सिद्धांतों का प्रचार – प्रसार भी किया गया।

दिगंबर जैन समाज ने निकाली भव्य स्वर्ण रथ यात्रा।

दिगंबर जैन समाज ने महावीर जयंती के मौके पर इतवारिया बाजार स्थित कांच मंदिर से भव्य स्वर्ण रथ यात्रा निकाली। यात्रा में जैन संतों के साथ समाज के महिला – पुरुष और युवा पारंपरिक परिधान पहनकर बड़ी संख्या में शामिल हुए। हाथों में प्रेरक संदेश लिखी तख्तियों के जरिए भगवान महावीर स्वामी के दर्शन को लोगों तक पहुंचाया जा रहा था। भजनों की सुमधुर लहरियों पर मातृशक्तियां नाचते – गाते भक्तिमय उल्लास को प्रदर्शित कर रहीं थी। विभिन्न जैन तीर्थस्थलों और भगवान महावीर के जीवन के सफर पर केंद्रित झांकियां आकर्षण का केंद्र बनीं हुई थीं। भगवान महावीर स्वामी का स्वर्ण रथ श्रद्धालु हाथों से खींचते हुए चल रहे थे। मार्ग में बड़ी संख्या में लगे मंचों से स्वर्ण रथ यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जा रहा था। गर्मी में पसीने से लथपथ होने के बावजूद लोगों की आस्था में कोई कमी नजर नहीं आई। विभिन्न दिगंबर जैन संगठनों की ओर से जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं के लिए जगह – जगह पेयजल, नींबू पानी, छांछ आदि की व्यवस्था की गई थी। स्वर्ण रथ यात्रा इतवारिया बाजार से मल्हारगंज, गोराकुण्ड, खजूरी बाजार, राजवाड़ा, यशवंत रोड़, जवाहर मार्ग होते हुए पुनः इतवारिया बाजार पहुंचकर समाप्त हुई।

श्वेतांबर जैन समाज की भी निकली शोभायात्रा।

इसके पूर्व सोमवार सुबह श्वेतांबर जैन समाज ने भी महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के तहत भव्य शोभायात्रा निकाली। इस शोभायात्रा में भी बड़ी संख्या में जैन संत, समाज बंधु और मातृशक्तियों ने शिरकत की। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी शोभायात्रा में शामिल हुए।

राजवाड़ा से प्रारंभ हुई शोभायात्रा को सुबह आठ बजे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और मंत्री तुलसी सिलावट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कांग्रेस प्रत्याक्षी अक्षय बम और विधायक गोलू शुक्ला भी शोभायात्रा में शामिल हुए। अक्षय बम ने मंत्री विजयवर्गीय के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया।

गौवंश बचाने का दिया संदेश।

भगवान महावीर के जयघोष के साथ शोभायात्रा में शामिल महिलाएं हाथों में गौवंश बचाने की तख्तियां लिए चल रही थी। भगवान महावीर के जीवन पर आधारित झांकी के अलावा एक झांकी स्वच्छता का संदेश भी दे रही थी।

राजवाड़ा से शुरू हुई शोभायात्रा खजूरी बाजार, मल्हारगंज, टोरी होते हुए जैन मंदिर इतवारिया बाजार पर समाप्त हुई। जुलूस में भजन मंडलियां और रथ भी शामिल थे। शोभायात्रा का मार्ग में लगे मंचों से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। गर्मी के मौसम को देखते हुए पानी और शीतल पेय का इंतजाम भी रखा गया था।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *