मिशन अस्पताल में भी हो सकेगा कोविड के मरीजों का इलाज

  
Last Updated:  August 4, 2021 " 12:39 pm"

इंदौर : शहर का 130 वर्ष पुराना छावनी स्थित क्रिश्चियन मिशन अस्पताल नई साज- सज्जा और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस किया गया है। 125 बेड के इस अस्पताल में केंद्रीकृत ऑक्सीजन सप्लाई लाइन बिछाई गई है, जिससे अब कोरोना के मरीजों का इलाज भी यहां किया जा सकेगा। अस्पताल के आईसीयू, ऑपेरशन थिएटर और जनरल वार्ड का जीर्णोद्धार करने के साथ नए उपकरण भी लगाए गए हैं। प्रसूति के साथ जनरल सर्जरी, नाक, कान, गला और दंत रोगों का इलाज भी यहां किया जा रहा है। ये जानकारी मिशन अस्पताल के प्रशासक सुरेश कार्लटन ने प्रेस वार्ता के जरिए दी।

अस्पताल में जुटाई गई हैं ये सुविधाएं।

प्रशासक कार्लटन ने बताया कि दानदाताओं के सहयोग से अस्पताल का जीर्णोद्धार कर नई चिकित्सा सुविधाएं जुटाई गई हैं। 8 बेड के आईसीयू को नए सिरे से सज्जित कर वेंटिलेटर के साथ गंभीर मरीजों के इलाज के अनुकूल बनाया गया है। ऑपेरशन थिएटर को भी नया स्वरूप दिया गया है। सीजेरियन डिलेवरी के कॉम्प्लिकेटेड केस भी अब यहां हैंडल किए जा सकेंगे। 14 प्रायवेट वार्ड मरीजों के लिए सज्जित किए गए हैं। इसी के साथ जनरल वार्ड में भी मरीजों के लिए जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। अस्पताल में ओपीडी, पैथोलॉजी, अल्ट्रा सोनोग्राफी, एक्सरे और ब्लड बैंक की सुविधा भी उपलब्ध है।

कोविड के मरीजों का हो सकेगा इलाज।

प्रशासक कार्लटन ने बताया कि ऑक्सीजन की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कोरोना की पहली व दूसरी लहर में कोरोना पीड़ितों का इलाज यहां नहीं हो पाया था, लेकिन अब केंद्रीकृत ऑक्सीजन सप्लाय की व्यवस्था कर दी गई है। जम्बो ऑक्सीजन सिलेंडरों के जरिए बेड पर पाइप लाइन के माध्यम से ऑक्सीजन का इंतजाम किया गया है।24 बेड कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए रखे गए हैं। प्रशासन की अनुमति से कोरोना मरीजों का यहां इलाज किया जा सकेगा।

न्यूनतम खर्च पर इलाज।

मिशन अस्पताल में न्यूनतम खर्च पर मरीजों को इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। प्रशासक सुरेश कार्लटन के मुताबिक यहां जनरल वार्ड में एक हजार और प्राइवेट वार्ड में 2 हजार रुपए प्रतिदिन की न्यूनतम दरों पर इलाज किया जा रहा है। आईसीयू का खर्च भी 3 हजार रुपए से अधिक नहीं है।

भविष्य में ये सुविधाएं जुटाएंगे।

प्रशासक सुरेश कार्लटन के मुताबिक चर्च ऑफ नार्थ इंडिया नई दिल्ली द्वारा संचालित इस अस्पताल में निकट भविष्य में सिटी स्कैन सहित अन्य चिकित्सा सुविधाएं जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *