अब तक कुल 81 बच्चे अस्पताल में किए गए भर्ती।
33 बच्चों को इलाज के बाद दी गई छुट्टी, 48 का उपचार जारी।
इंदौर : पंचकुइया स्थित अनाथ आश्रम युगपुरुष धाम बौद्धिक विकास केंद्र में मानसिक दिव्यांग बच्चों के बीमार होने का सिलसिला अभी भी थमा नहीं है। शुक्रवार को भी सात बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय में भर्ती किया गया। अब तक आश्रम से 81 बच्चों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनमें से गुरुवार को 12 और शुक्रवार 21 बच्चों को तबीयत में सुधार होने पर डिस्चार्ज किया गया। स्वस्थ हुए बच्चों को सामाजिक न्याय विभाग और अन्य संस्थाओं के आश्रमों में भेजा जा रहा है। सूत्रों के अनुसार शनिवार को आश्रम को खाली करवाकर पूरी तरह साफ – सफाई की जाएगी। महिला व बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी रामनिवास बुधोलिया ने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार आ रहा है। अस्पताल से ठीक हुए बच्चों को सामाजिक न्याय विभाग के मूक बधिर आश्रम और अन्य दिव्यांग बच्चों की अन्य संस्था में शिफ्ट कर रहे हैं। शनिवार को आश्रम के अन्य बच्चों को भी शिफ्ट कर दिया जाएगा।
15 में बच्चों में हैजा की पुष्टि।
चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय की अधीक्षक डा. प्रीति मालपानी ने बताया कि आश्रम से आए बच्चों की सेहत में सुधार हो रहा है। शुक्रवार को भी कुछ बच्चे उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद भर्ती हुए हैं। करीब 15 बच्चों में हैजा की पुष्टि हुई है। तीन की हालत गंभीर बनीं हुई है।
फिजिकल एकेडमी के 40 विद्यार्थियों की छुट्टी।
उधर चितावद स्थित फिजिकल एकेडमी के 70 विद्यार्थियों को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया था। अधिकांश विद्यार्थियों में हैजा के लक्षण मिले हैं। शुक्रवार को इनमें से 15 छात्राएं और 25 छात्रों की छुट्टी कर दी गई है, वहीं 10 नए विद्यार्थियों को भर्ती किया है। अस्पताल अधीक्षक डा. अशोक यादव ने बताया सभी विद्यार्थियों की हालत में सुधार है।