राज्यसभा सदस्य बाल योगी उमेश नाथ महाराज का नागरिक अभिनंदन

  
Last Updated:  May 7, 2024 " 12:15 am"

संस्था संघमित्रा एवं शहर की 250 से अधिक संस्थाओं ने किया नागरिक अभिनंदन।

नगरीय प्रशासन मंत्री विजयवर्गीय और महापौर भार्गव ने शॉल, श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर किया सम्मान।

हरियाणा में भाजपा की सफलता के मुकुट में गुरुजी हीरे की तरह हैं : विजयवर्गीय।

गुरुजी के जाति पंथ संप्रदाय तोड़ो – राष्ट्र को जोड़ो अभियान देश में समरसता का मील का पत्थर है-महापौर।

इंदौर : राज्यसभा सदस्य एवं वाल्मीकि धाम उज्जैन के पीठाधीश्वर बाल योगी उमेश नाथ महाराज का संस्था संघमित्रा के साथ ही शहर की 250 से अधिक संस्थाओं एवं संगठनों ने नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माननीय कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में रवींद्र नाट्य गह में शॉल, श्रीफल, मां अहिल्या की प्रतिमा एवं अभिनंदन पत्र देकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, संस्था संघमित्रा, 250 से अधिक सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, व्यापारिक संस्थाओं एवं संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित थे।

लोकतंत्र के महायज्ञ में सभी अवश्य करें मतदान।

अपने सम्मान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए राज्यसभा सांसद सदस्य बालयोगी उमेश नाथ महाराज ने कहा कि मनुष्य पृथ्वी पर जन्म लेता है तो उसका मनुष्य योनि आने पर ही अभिनंदन हो जाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1996 से मैं सामाजिक समरसता एवं जाति, पंथ, संप्रदाय तोड़ो राष्ट्र को जोड़ों के संकल्प के साथ काम कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि यह नागरिक अभिनंदन मेरा नहीं बल्कि पूरे संत समाज का सम्मान है।

मतदान अवश्य करें।

राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेश नाथ महाराज ने कहा कि लोकसभा के निर्वाचन में उत्साह पूर्वक मतदान करें। यह लोकतंत्र का महोत्सव है।

साढ़े 500 साल के संघर्ष के बाद एवं देश के महापुरुषों, तपस्वी, जगतगुरु एवं धर्म प्रेमियों द्वारा श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि के नाम से इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नामकरण किया गया है यह वाल्मीकि समाज के लिए गौरव की बात है।

संकट के समय जो साथ दें, उसका साथ कभी न छोड़े।

बाल योगी उमेश नाथ महाराज ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के पूर्व आयोजित बैठक में मुझसे पूछा गया कि श्रीराम मंदिर का निर्माण किस प्रकार से होगा इसके लिए आप कोई प्रस्ताव दें। इसपर मैंने कहा कि श्रीराम जी के वनवास के दौरान निषाद राज, मां शबरी, केवट एवं अन्य ने उनका साथ दिया था, उन सभी का भी अयोध्या में मंदिर निर्माण किया जाए, क्योंकि संकट के समय जो मित्र साथ दे उनका साथ कभी नहीं छोड़ना चाहिए।

हरियाणा में भाजपा की सफलता के मुकुट मे गुरुजी हीरे की तरह हैं – मंत्री विजयवर्गीय।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वर्ष 2004 के सिंहस्थ में जब मैं सिंहस्थ प्रभारी था, उस दौरान वाल्मीकि धाम उज्जैन में मेरी गुरुजी बालयोगी उमेशनाथ महाराज से सर्वप्रथम भेंट हुई थी, गुरुजी सकारात्मक सोच एवं सामाजिक समरसता के प्रतीक है।विजयवर्गीय ने कहा कि जब मैं हरियाणा का प्रभारी था, प्रधानमंत्री ने हरियाणा में बहुमत को लेकर चिंता जाहिर की थी, इस बारे में जब मैंने बाल योगी उमेश नाथ महाराज से फोन पर चर्चा की तो उस समय वह राजस्थान डूंगरपुर में किसी कार्यक्रम में थे, उन्होंने वहीं से हरियाणा में वाल्मीकि समाज एवं अन्य समाज के लोगों से चर्चा की। उसी का परिणाम था कि भाजपा को हरियाणा में इतना अच्छा बहुमत मिला।हरियाणा में मिले बहुमत रूपी मुकुट में गुरुवर एक हीरे के समान हैं, जिनके बिना यह मिशन संभव नहीं था। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने गुरुवर को देश के सर्वोच्च सदन राज्यसभा में मनोनीत किया, यह मालवा और मध्य प्रदेश ही नहीं देश के लिए भी गौरव की बात है। ‌ गुरुजी वाल्मीकि समाज के ही नहीं सर्व समाज के एक महान संत है, स्वच्छता में इंदौर को लगातार नंबर वन लाने में वाल्मीकि समाज का बहुत बड़ा योगदान है।

जाति,पंथ संप्रदाय तोड़ो – राष्ट्र को जोड़ो अभियान देश में समरसता का मील का पत्थर है – महापौर।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि जाति, पंथ, संप्रदाय तोड़ो राष्ट्र को जोड़ो का अलख जगाने वाले और देश को समरसता का पाठ पढ़ने वाले बालयोगी उमेश नाथ महाराज के राज्यसभा सदस्य मनोनीत होने पर संस्था संघमित्र एवं शहर के विभिन्न समाज, सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, व्यापारिक एवं विभिन्न संगठनों द्वारा गुरुजी का नागरिक अभिनंदन किया गया। गुरुजी का सामाजिक समरसता के तहत जाति पंथ संप्रदाय तोड़ो – राष्ट्र को जोड़ो अभियान देश में समरसता का मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि जातिगत जनगणना देश के हित में नहीं है।

भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे ने भी कार्यक्रम में अपने विचार रखे।कार्यक्रम में बड़ी तादाद में समाजसेवी, प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि और वाल्मीकि समाज बंधु मौजूद थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *