लव – कुश ब्रिज के निर्माण से एमआर -10 पर सुगम होगा यातायात

  
Last Updated:  July 8, 2023 " 01:46 pm"

इन्दौर : आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा लंबित विकास कार्यों का सतत निरीक्षण कर उनमें तेजी लाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने लवकुश चौराहे पर निर्माणाधीन एम.आर.-10 मार्ग के समानांतर फ्लाय ओव्हर का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालिक अधिकारी आर.पी. अहिरवार, वरिष्ठ इंजीनियर, पी.एम.सी. एवं निर्माण कम्पनी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

आईडीए अध्यक्ष चावड़ा ने बताया कि ₹ 56.68 करोड़ की लागत से बनने वाले तथा मेट्रो के समानांतर एमआर 10 से सुपर कॉरिडोर को जोड़ने वाले इस 3-3 लेन फ्लाईओवर के दाएं भाग की लंबाई 642.10 मीटर तथा बायें भाग की लम्बाई 698.30 मीटर होगी। अब तक 60 पाइल कास्टिंग तथा 11 पाइल केप कास्ट होने के साथ 3 पिलर कास्ट हो चुके हैं। पुल निर्माण में आ रहे 358 वृक्षों में से 201 वृक्षों को सुरक्षित रूप से प्रत्यारोपित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि सुपर कॉरिडोर क्षेत्र बहुत तेजी से विकसित हो रहा है। प्राधिकरण द्वारा अपनी महत्वाकांक्षी योजना स्टार्ट अप पार्क का विकास भी किया जाना प्रस्तावित है। इस क्षेत्र में कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों द्वारा अपनी व्यवसायिक गतिविधियां शुरू किए जाने का लक्ष्य है। भविष्य में कई गतिविधियां जिनका सीधा संबंध इंदौर के विकास से जुड़ा हुआ है यहां पर विकसित होंगी इन सब को देखते हुए इस फ्लाईओवर का अत्यधिक महत्व हो जाता है। इसके बन जाने से एमआर10 पर निर्बाध गति से यातायात सुगम हो सकेगा।

निरीक्षण के दौरान निर्माण की गति बढाने बाबद निर्देश दिए गए। उज्जैन मार्ग के समानांतर बनने वाले हाई लेवल ब्रिज की प्रगति की भी समीक्षा की गई। चावड़ा ने बताया कि इसका भूमि पूजन भी मुख्यमंत्री से शीघ्र ही कराए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसकी लागत लगभग ₹ 150.00 करोड़ होगी। इसके बन जाने से आगामी सिंहस्थ में उज्जैन पहुंच मार्ग और सुगम हो सकेगा।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *