लोहे के स्क्रैप से निर्मित श्रीराम मंदिर की प्रतिकृति का मुख्यमंत्री यादव ने किया अनावरण

  
Last Updated:  January 18, 2024 " 12:20 am"

विश्रामबाग में स्थापित की गई है राम मंदिर की यह प्रतिकृति।

जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा समूचा परिसर।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 22 जनवरी को दीपोत्सव मनाने का किया आह्वान।

इंदौर : बुधवार का दिन पूरे इंदौर शहर के लिए अविस्मरणीय बन गया जब जय श्रीराम की गूंज और मंत्रों के उच्चारण के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लक्ष्मण सिंह गौड़ उद्यान, विश्राम बाग में आयरन स्क्रैप से निर्मित श्रीराम मंदिर अयोध्या की प्रतिकृति का अनावरण किया। इस दौरान पूरे परिसर को 21 हज़ार दीपों से जगमगाया गया।

इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, लोक निर्माण विभाग के मंत्री राकेश सिंह, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, कृष्ण मुरारी मोघे, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, उषा ठाकुर, महेन्द्र हार्डिया,गोलू शुक्ला, मधु वर्मा और मनोज पटेल, आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, अनुसूचित जाति वित विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर,बीजेपी नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, युवा आयोग के अध्यक्ष निशांत खरे, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संभागायुक्त मालसिंह, कलेक्टर आशीष सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्षिका सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मध्य प्रदेश से अयोध्या पहुंचाए जाएंगे 5 लाख लड्डू।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मौके पर कहा कि भगवान श्रीराम हम सभी के लिए प्रेम और स्नेह की प्रतिमूर्ति है। उन्होंने जो आदर्श जीवन जिया है वह हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हमें भी उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश के विकास में अपनी भागीदारी निभानी चाहिये। 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर प्रदेश से 5 लाख लड्डू भिजवाए जाएंगे। कई हजार वर्ष पहले मालवा के ही सम्राट विक्रमादित्य द्वारा भगवान श्रीराम का मंदिर स्थापित किया गया था, उस समय भी इसी तरह पूरे देश में उत्साह का माहौल था जो हम आज देख रहे हैं।

इंदौर नगर निगम को दी बधाई।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इंदौर के 7वी बार स्वच्छता में नंबर वन आने पर नगर निगम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इंदौर सदैव ही नए-नए नवाचारों के लिए जाना जाता रहा है। उसी क्रम में लोहे के स्क्रेप से बनी श्रीराम मंदिर की यह प्रतिकृति हम सबके लिए एक यादगार सौगात है। जो लोग अयोध्या नही जा सकते वे यहां से ही अयोध्या का आनंद ले कर प्रभु श्रीराम को प्रणाम कर सकते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि 22 जनवरी को जो जहां भी हो,जिस हाल में हो, वह दीप जला कर दीपोत्सव मनाएं और उस दिन को यादगार बनाएं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर उज्जवल सोलंकी की टीम जिन्होंने तीन माह में इस मंदिर की प्रतिकृति को तैयार किया, उनको सम्मानित किया। उन्होंने श्रीराम मंदिर का अवलोकन भी किया।

बता दें कि देश का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर, अपने नवाचारों के लिए जाना जाता है। अपनी इसी छवि को नया रूप देते हुए इंदौर नगर निगम द्वारा शहर के विश्राम बाग में भव्य राम मंदिर की प्रतिकृति तैयार कराई गई है। यह प्रतिकृति 21 टन लोहे के कबाड़ से तैयार की गई है। मजदूरों द्वारा कुल 3 महीने में इस मंदिर का निर्माण किया गया है। आयरन स्क्रैप से निर्मित इस राम मंदिर को बनाने में पुराने वाहनों के चेचिस, स्ट्रीट लाइट्स के पुराने खंभे, पुराने खराब झूले, पार्कों की टूटी फूटी ग्रिल, गेट्स, चैन सॉकेट, आदि पुराने लोहे का उपयोग किया गया है। यह मंदिर अपनी भव्यता को दर्शाते हुए श्रीराम की महिमा का वर्णन करता है।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *