विकास कार्यों में आधुनिक तकनीक और वाहनों में गैर परंपरागत ऊर्जा का हो इस्तेमाल – गडकरी

  
Last Updated:  August 1, 2022 " 09:25 pm"

इंदौर व प्रदेश को मिली 2 हजार 300 करोड़ रुपये लागत की सड़क परियोजनाओं की बड़ी सौगात।

केन्द्रीय मंत्री श्री गडकरी एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर में किया 5 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और वन वे साइड एमिनिटी का लोकार्पण।

इंदौर : केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को इंदौर में आयोजित एक गरिमामय समारोह में मध्यप्रदेश को लगभग 2 हजार 300 करोड़ रुपये लागत की 5 सड़क परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 119 किलोमीटर लंबी 5 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास एवं वन वे साइड एमिनिटी का लोकार्पण किया। स्कीम नंबर 78 स्थित निजी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर, लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेश धाकड़, सांसद शंकर लालवानी, देवास के सांसद महेन्द्र ‍सिंह सोलंकी, नवनिर्वाचित महापौर पुष्यमित्र भार्गव, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, अंत्याव्यवसायी निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, विधायक मालिनी गौड़, रमेश मेंदोला, आकाश विजयवर्गीय, महेन्द्र हार्डिया, जीतू पटवारी, मनोज चौधरी, देवेन्द्र वर्मा, बीजेपी नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता व जीतू जिराती, आईडीए के पूर्व अध्यक्ष मधु वर्मा सहित अन्य जनप्रिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम में सड़क परिवहन तथा राजमार्ग राज्य मंत्री श्री वी.के. सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल हुए। यह कार्यक्रम सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा आयोजित किया गया।

स्वराज को सुराज में बदलना हमारा मिशन : गडकरी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि स्वराज को सुराज में बदलना हमारा मिशन है। चौतरफा विकास हम सबकी जिम्मेदारी है। इंदौर ही नहीं मध्यप्रदेश और पूरे देश में अधोसरंचनाओं का निर्माण तेजी से हो रहा है। यह हमारा जनता के प्रति उत्तरदायित्व है। जनता ने हमें इसी के लिए चुना है। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण, इससे जुड़े अधोसंरचनात्मक विकास और परिवहन संबंधी परियोजनाओं में नई और उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे जहां एक ओर लागत में बड़ी कमी आ रही है, वहीं दूसरी ओर गुणवत्ता में भी सुधार हो रहा है। उन्होंने निर्माण की क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर देते हुए इसके लिए विशेषज्ञों की मदद लेने, बेस्ट प्रेक्टिसेस का अध्ययन करने का आह्वान किया।

वाहनों में ईंधन के रूप में करें गैर परंपरागत ऊर्जा का प्रयोग।

गडकरी ने पर्यावरण सुधार की ओर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रदूषण से मुक्ति के लिए वाहनों में ईधन के गैर परम्परागत स्त्रोत का उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे सस्ता ईधन प्राप्त होगा, वहीं पर्यावरण सुधरेगा तथा यात्रियों को भी कम किराया देना होगा। इसके लिए इलेक्ट्रिक, बायो गैस, बायो डीजल, ग्रीन हाईड्रोजन, बायो मिथेनॉल आदि गैर पारम्परिक स्त्रोतों से संचालित वाहनों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब दुनिया बदल रही है तो ट्रांसपोर्ट सेक्टर को भी तेजी से बदलना होगा। किसान को ऊर्जा दाता बनाना होगा। यह प्रयास करने की जरूरत है कि हम ऊर्जा का आयात करने वाला देश नहीं बल्कि निर्यात करने वाला देश बनाए। नए विजन के साथ कार्य करें।

मप्र में 2024 तक 4 लाख करोड़ के विकास कार्य मप्र में होंगे।

श्री गडकरी ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा सड़कों और इससे जुड़ी अधोसरंचनाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। मध्यप्रदेश मे भी इस दिशा में तेजी से काम हो रहे हैं। 2014 के बाद अकेले मध्यप्रदेश में ही ढाई लाख करोड़ रूपये लागत के विकास कार्य स्वीकृत, निर्मित तथा निर्माणाधीन हैं। हमारा लक्ष्य इसे बढ़ाकर 2024 तक चार लाख करोड़ रूपए करने का है। जाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आग्रह पर मध्यप्रदेश में सड़क संबंधी विभिन्न विकास परियोजनाओं को मंजूरी देने की भी घोषणा की। इसमें प्रमुख रूप से 20 फ्लाईओवर 14 जगहों पर रोपवे संबंधी कार्य भी शामिल हैं।

परिवहन सेवा के लिए हो केबल कार का इस्तेमाल।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में गौरवशाली, वैभवशाली तथा समृद्धशाली देश का निर्माण हो रहा है। देश में हो रही विकास तथा प्रगति के कार्य किसी चमत्कार से कम नहीं है। मध्यप्रदेश में भी विजन के साथ कार्य किए जा रहे हैं। केन्द्र शासन से भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इंदौर विकास का इंजन है। आने वाले दस सालों में यह शहर बैंगलोर और हैदराबाद को पीछे छोड़ देगा। उन्होंने कहा कि हमारा सपना है कि परिवहन सेवा के लिए अब आसमान का उपयोग भी किया जाए। इसके लिये उन्होंने इंदौर में केबल कार के संचालन और पार्किंग के लिए मल्टीलेवल प्लाजा बनाने तथा बसपोर्ट की आवश्यकता जताई।

बीहड़ों से निकलेगा हाइवे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के पिछड़े हुए चम्बल जैसे बीहड़ क्षेत्र के विकास का काम भी केन्द्र सरकार के सहयोग से हाथ में लिया गया है। बीहड़ों को समतल कर वहां हाइवे का निर्माण किया जाएगा। हाइवे के आसपास उद्योग – धंधे विकसित होने से रोजगार बढ़ेगा और डकैती जैसी समस्या का पूरी तरह निदान हो सकेगा।

उद्योग, व्यापार तथा रोजगार बढ़ेगा : वी.के. सिंह

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री वी.के. सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के 52 जिले नेशनल हाईवे से जुड़ गए हैं। केन्द्र सरकार से प्रयासों से यात्रियों को अब बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। इंदौर की भी कनेकटिविटी बढ़ रही है। सड़कों का तेजी से विकास हो रहा है। इससे परिवहन सुधार में तो फायदा मिलेगा ही, वहीं दूसरी ओर धार, पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा। सड़को के निर्माण से उद्योग, व्यापार तथा रोजगार बढ़ेगा।
कार्यक्रम को लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत भाषण देते हुए सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि आज इंदौर के इतिहास में एक नया अध्याय लिखा गया है। इंदौर को एक बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने इंदौर के विकास के लिए बनाए गए विजन डाक्यूमेंट के अनुसार विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत करने का आग्रह केन्द्रीय मंत्री गडकरी से किया।

इन परियोजनाओं का किया गया शिलान्यास व लोकार्पण।

कार्यक्रम में इंदौर व प्रदेश के अन्य जिलों से जुड़ी 5 सड़क परियोजनाओं का केंद्रीय मंत्री गडकरी के हाथों शिलान्यास एवं वन वे साइड एमिनिटी का लोकार्पण किया गया।

इंदौर खलघाट खंड NH-3 मॉडल पर वन वे साइड एमिनिटी निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।

इंदौर के तेजाजी नगर से बलवाडा (इंदौर-बुरहानपुर खंड NH-347BG) पर 4 लेन का निर्माण कार्य।

इंदौर राघोगढ़ (इंदौर हरदा खंड NH-47) पर 4 लेन का निर्माण।

राऊ सर्कल (इंदौर) पर 6 लेन फ्लाईओवर का निर्माण।

DPS – राऊ सर्कल (इंदौर) पर 6 लेन पर सर्विस रोड का पुनः निर्माण।

तेजाजी नगर से बलवाडा खंड (NH-3478G) पर मौजूदा सड़क का सुदढीकरण कार्य।

प्रदर्शनी का अवलोकन।

केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में सड़क अधोसरंचनाओं के विकास को लेकर कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। एनएचए के अधिकारियों और प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग मप्र नीरज मण्डलोई ने परियोजनाओं की जानकारी श्री गडकरी को दी।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *