151 फीट ऊंची गुड़ी का होगा पूजन।
अन्नपूर्णा से दशहरा मैदान तक निकली कलश यात्रा में नाचते गाते झूमते शामिल हुई महिलाएं।
यज्ञशाला एवं रामलला मंदिर का निर्माण कार्य लगभग पूरा।
इंदौर : दशहरा मैदान स्थित ‘अवध लोक’ पर 9 से 17 अप्रैल तक आयोजित श्रीराम जन्मोत्सव महायज्ञ एवं मेले के दिव्य अनुष्ठान को लेकर रविवार सुबह निकली भव्य कलश यात्रा ने अन्नपूर्णा आश्रम से दशहरा मैदान तक समूचे मार्ग को राममय, भक्तिमय एवं उत्सवमय बना दिया। सैकड़ो महिलाएं बैंड बाजों की मंगल ध्वनि एवं भजनों के बीच नाचते-गाते, झूमते हुए सिर पर कलश धारण कर इस यात्रा में शामिल हुई।इस दौरान आम लोगों को महोत्सव में आने न्योता भी दिया गया।
सबके राम लोक कल्याण समिति के संयोजक महेंद्रसिंह चौहान एवं श्रीमती प्रवीणा पंकज अग्निहोत्री ने बताया कि कलश यात्रा का शुभारंभ अन्नपूर्णा आश्रम के संचालक स्वामी जयेंद्रानंद गिरि एवं आचार्य पंडित किशोर जोशी द्वारा पवित्र नदियों के जल से भरे कलशों के पूजन के साथ हुआ। लाल एवं पीतांबर वस्त्रों में सजी-धजी महिलाओं ने भजन गाते हुए सिर पर कलश धारण किए और ‘अवध लोक’ तक पूरे मार्ग को भक्ति-भावना के रंग में डूबो दिया।
दशहरा मैदान पर श्रीराम जन्मोत्सव महायज्ञ की यज्ञशाला एवं रामलला मंदिर की प्रतिकृति का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। बंगाल से आए 40 कारीगरों ने पिछले 20 दिनों में मैराथन प्रयासों के बाद इन दोनों निर्माण कार्यों का 90% हिस्सा पूरा कर लिया है। अब गुड़ी पड़वा, 9 अप्रैल को सुबह 151 फीट ऊंची गुड़ी पूजन के साथ विशिष्ट अतिथि इस अनुष्ठान का शुभारंभ करेंगे।