सितंबर- अक्टूबर में हो सकते हैं नगरीय निकाय चुनाव, राज्य निर्वाचन आयुक्त ने की चुनाव की तैयारी की समीक्षा

  
Last Updated:  July 16, 2021 " 12:40 am"

इंदौर : नगरीय निकायों के चुनांव सितंबर – अक्टूबर में कराए जा सकते हैं। गुरुवार को राज्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा आम निर्वाचन की तैयारी की समीक्षा बैठक में इस बात के संकेत मिले।बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन से संबंधित जो कार्रवाई शेष है, उसकी सूची बनाएं। प्रत्येक कार्य समय पर करें। तैयारी पूरी होते ही आम निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।

कोरोना पर नियंत्रण को देखते हुए कराए जा सकते हैं निकाय चुनाव।

राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण के प्रभावी नियंत्रण और टीकाकरण की स्थिति के मद्देनजर वर्तमान में आम निर्वाचन करवाया जाना संभव है। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण पहले से ही आम निर्वाचन बहुत लेट हो चुके हैं। निर्वाचन आयुक्त सिंह ने कहा कि पहले नगरीय निकायों के निर्वाचन करवाए जाएंगे उसके बाद त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचन होंगे।

समूची व्यवस्थाएं करें मुकम्मल।

बीपी सिंह ने प्रत्येक सेक्शन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नई अमिट स्याही क्रय करने के आदेश जल्द जारी करें। नगरीय निकायों में बनने वाले स्ट्राँग रूम में सीसीटीव्ही कैमरे लगवाने की व्यवस्था करें। कोविड अनुकूल व्यवहार का पालन हर स्तर पर किया जाए।

347 नगरीय निकायों में होंगे चुनाव..

बैठक में जानकारी दी गई कि प्रदेश में कुल 407 नगरीय निकाय हैं। इनमें से 347 में आम निर्वाचन कराए जाना है। दो चरण में मतदान होगा। प्रथम चरण में 155 और दूसरे चरण में 192 नगरीय निकायों में मतदान कराया जाएगा।

अप्रत्यक्ष प्रणाली से होगा महापौर व अध्यक्ष निर्वाचन।

समीक्षा बैठक में महापौर/अध्यक्ष का निर्वाचन अप्रत्यक्ष प्रणाली से करवाए जाने की बात कही गई। इन 347 नगरीय निकायों में सभी 16 नगर निगम शामिल हैं। कुल 19 हजार 955 मतदान केन्द्र बनाए जाएंगे। फिलहाल 60 नगरीय निकायों का कार्यकाल बाकी है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 मार्च 2021 को हो चुका है। नगरीय निकायों में मतदान ई.व्ही.एम. से कराए जाएंगे।

तीन चरणों में होंगे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव।

पंचायत आम निर्वाचन 3 चरणों में करवाए जाएंगे। त्रि-स्तरीय पंचायतों में पंच के 3 लाख 77 हजार 551, सरपंच के 23 हजार 912, जनपद पंचायत सदस्य के 6 हजार 833, जिला पंचायत सदस्य के 904, उप सरपंच के 23 हजार 912, जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के 313 और जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के 52 पदों का निर्वाचन कराया जाएगा।
बैठक में सचिव राज्य निर्वाचन आयोग दुर्ग विजय सिंह, उप सचिव अरूण परमार एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *