सेवा वही कर सकता है, जिसमें वात्सल्य और समर्पण का भाव हो- मुरलीधर राव

  
Last Updated:  October 6, 2021 " 09:41 pm"

इंदौर : एक गरिमामय एवं आत्मीय समारोह में भाजपा के मध्यप्रदेश के प्रभारी मुरलीधर राव , पूर्व राज्य सभा सदस्य रघुनन्दन शर्मा, पूर्व शिक्षा मंत्री दीपक जोशी, डॉक्टर रजनी भंडारी ने मध्यप्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में थैलेसीमिया एंड चाइल्ड वेलफेयर ग्रुप के रजत जयंती विशेषांक का लोकार्पण किया। इस मौके पर विधायक रमेश मेंदोला, समाजसेवी भगवानदास सबनानी विशेष रूप से उपस्थित थे।

सेवा वही कर सकता है, जिसमें वात्सल्य का भाव हो।

इस मौके पर अपने संबोधन में मुरलीधर राव ने थैलेसीमिया ग्रुप द्वारा गत 25 वर्षों से किये जा रहे सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवा वही कर सकता है जिसमें प्रेम और वात्सल्य के साथ समर्पण का भाव हो। यह कार्य डॉ. रजनी भंडारी विपरीत परिस्थितियों में रहकर भी कर रही है, जो प्रशंसनीय है। समाज से थैलेसीमिया जैसी बीमारी का खात्मा होना चाहिए क्योंकि ये खतरनाक बीमारी है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. यादव ने कहा कि किसी संस्था को 25 वर्ष तक चलाना और निरंतर कार्य करना आसान नहीं है। थैलेसीमिया ग्रुप के माध्यम से कई थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य मिल रहा है। यह एक मिसाल है। पूर्व राज्य सभा सांसद रघुनन्दन शर्मा ने कहा कि डॉ. रजनी भंडारी सेवा कार्य बगैर शोर शराबे और पूरी हिम्मत के साथ कर रही हैं। इस कार्य में उनका परिवार भी सहयोग कर रहा है।
पूर्व शिक्षा मंत्री दीपक जोशी ने कहा कि थैलेसीमिया ग्रुप ने अपने रजत जयंती वर्ष को भी अनंता नाम देकर समाज को सन्देश दिया की सेवा कार्य कभी रुकना नहीं चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. रजनी भंडारी ने बताया कि संस्था के पास 150 से अधिक थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे रजिस्टर्ड हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है और दवाइयां भी दी जा रही है। कुछ बच्चों के ऑपरेशन भी किए गए। यह कार्य कभी भी थमा नहीं। इस मौके पर आजादी के अमृत महोत्सव पर आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन नाहिदा परवेज ने किया। अंत में आभार पूर्णिमा रावत ने माना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *