स्कूली बच्चों से भरे ट्रैक्स वाहन को ट्रक ने टक्कर मारी, 4 बच्चों की मौत, 11 घायल

  
Last Updated:  August 22, 2022 " 02:59 pm"

ट्रैक्स में फंसे घायल बच्चों को बमुश्किल बाहर निकाला।

उज्जैन : नागदा में उन्हेल मार्ग पर सोमवार सुबह 7 बजे भीषण हादसा हो गया। बच्चों को स्कूल ले जा रही ट्रैक्स तूफान गाड़ी को ट्रक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई जबकि 11 बच्चे गंभीर घायल हैं। एम्बुलेंस नहीं मिलने के कारण घायलों को बस में नीचे लेटाकर अस्पताल पहुंचाया गया।
तीन बच्चों को गंभीर हालत में इंदौर रैफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज अलग – अलग अस्पतालों में जारी है। ट्रैक्स में सवार अधिकांश बच्चे नागदा के फातिमा कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ते थे।
कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि एक्सीडेंट के दौरान ट्रैक्स में 15 बच्चे सवार थे। ये सभी बच्चे 5वीं से 7वीं क्लास के हैं, जिनकी उम्र 5 से 15 साल के बीच है। घायलों का इलाज उज्जैन के ऑर्थो, संजीवनी, इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल और नागदा में चल रहा है। प्रशासन बच्चों के किए जा रहे इलाज पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

उन्हेल में छाया मातम।

हादसे में मारे गए चारों स्कूली बच्चे उन्हेल के थे। इस घटना से उन्हेंल में मातम छा गया। पूरा शहर गमगीन है। शोकस्वरूप बाजार बंद रखे गए हैं।

इन बच्चों की हुई मौत।

भाव्यांश पिता सतीश जैन (13), निवासी उन्हेल,
सुमित (18) पिता सुरेश,
उमा (15) पिता ईश्वरलाल धाकड़, निवासी उन्हेल,
इनाया पिता रमेश नन्देदा (6), निवासी उन्हेल​​​​।

रस्सी से खींचकर गाड़ी को सीधा किया।

नागदा के फातिमा कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों से भरी ट्रैक्स गाड़ी को झिरनिया फाटे के समीप ट्रक ने इतनी जबरदस्त टक्कर मारी कि तूफान वाहन पूरी तरह से पिचककर पलट गया। हादसे के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने ट्रैक्स को रस्सी से खींचकर सीधा किया।
एम्बुलेंस चालक शिवनारायण व्यास का दावा है कि सूचना के 10 से 15 मिनट बाद ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई थी। एक्सीडेंट के बाद बच्चे गाड़ी में फंसे हुए थे। उनको निकालकर नागदा जनसेवा अस्पताल भेजा गया।

स्कूली वाहन में सवार बच्चों व ड्राइवर के नाम।

  1. सुमित मदारिया (क्लास-11th) निवासी उन्हेल
  2. निहारिका मदारिया (क्लास-10th)
  3. पर्व जैन (क्लास-3rd)
  4. दर्शन जैन (क्लास-5th)
  5. अनुष्का सेकवाडिया (क्लास-10th)
  6. भव्यांश जैन (क्लास-6th)
  7. प्रयाग जैन (क्लास-5th)
  8. उमा वाकतलिया (क्लास-8th)
  9. हरीश वाकतलिया (क्लास-6th)
  10. हिमांशु मंडावलिया (क्लास-4th)
  11. प्रियांशी मंडावलिया (क्लास-2nd)
  12. अक्षत ढोढरिया (क्लास-3rd)
  13. तनिषा पिता राजेश मेहता (एगोशदीप स्कूल नागदा)
  14. श्रेयांस पिता राजेश मेहता (एगोशदीप स्कूल नागदा
  15. आदित्य, उन्हेल बताए गए हैं।

ट्रैक्स तूफान के ड्राइवर का नाम तैय्यब निवासी ग्राम पासलोद और आरोपी ट्रक ड्राइवर का नाम फकीर पिता ईशे बताया गया है।

स्कूल प्रबंधन ने जिम्मेदारी लेने से पल्ला झाड़ा।

हादसे के बाद फातिमा स्कूल प्रबंधन ने एक पत्र जारी करते हुए हादसे में घायल अपने स्कूल के छात्रों की जानकारी दी। साथ ही हादसे से भी अपना पल्ला झाड़ लिया। पत्र में स्कूल प्रबंधन ने लिखा, फातिमा कॉन्वेंट स्कूल के छात्र-छात्राएं सुबह स्कूल आ रहे थे, विद्यालय से किसी भी वाहन स्वामी का कोई अनुबंध नहीं है। अभिभावक स्वयं अपनी जिम्मेदारी पर बच्चों को विद्यालय भेजते हैं। फातिमा परिवार इस घटना से स्तब्ध है और सभी विद्यार्थियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता है।

(ये खबर सूत्रों से मिली जानकारी पर आधारित है।)

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *