तिरंगे का अपमान करने वालों के खिलाफ सिख समाज ने खोला मोर्चा

  
Last Updated:  March 21, 2023 " 11:25 pm"

इंदौर में सिख समाज के लोगों ने किया जंगी प्रदर्शन।

ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका में कतिपय तत्वों द्वारा की गई हरकत की कड़ी निन्दा की।

तिरंगे की शान और भारत के स्वाभिमान की हर कीमत पर रक्षा करने का किया ऐलान।

देश की एकता और अखंडता के लिए बलिदान देने का जताया संकल्प।

इंदौर : पश्चिमी देशों ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, ब्रिटेन और अमेरिका में भारत विरोधी तत्वों द्वारा मंदिरों और भारतीय दूतावासों में की गई तोड़फोड़ व तिरंगे झंडे के अपमान को लेकर देश भर में आक्रोश व्याप्त है। सिख समाज ऐसे देशविरोधी तत्वों की हरकतों के खिलाफ खुलकर सामने आ गया है। इंदौर के सिख समाज ने इस मामले में पहल करते हुए रीगल तिराहा पर जंगी प्रदर्शन किया। हाथों में तिरंगा थामें सिख समाज के युवा, बुजुर्ग और महिलाओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम और जो बोले सो निहाल,सतश्री अकाल के नारों से आसमान गूंजा दिया। वे हाथों में तख्तियां भी लिए हुए थे, जिनपर लिखा था ‘तिरंगा हमारी शान है, भारत स्वाभिमान है।’ बड़ी संख्या में एकत्रित सिख समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन के साथ गांधी प्रतिमा सर्कल का चक्कर लगाया और ऐलान किया कि वे देश की एकता और अखंडता पर कोई आंच नहीं आने देंगे। विदेश में बैठकर भारत को तोड़ने का ख्वाब देखने वालों को वे मुंहतोड़ जवाब देंगे।

भारतीयों में फुट डालने की कोशिश कर रहीं विदेशी ताकतें।

प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे श्री गुरुसिंघ सभा, इंदौर के अध्यक्ष मनजीत सिंह भाटिया ने कहा कि ब्रिटेन व अन्य देशों में हमारे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का अपमान और मंदिरों व दूतावासों में तोड़फोड़ पाकिस्तान और अन्य भारत विरोधी ताकतों की साजिश है। हम इसकी कड़ी निन्दा करते हैं।ऐसा करके वे हम भारतीयों में फुट डालने की कोशिश कर रहे हैं पर उनकी ये साजिश कभी सफल नहीं होगी।

सिख समाज तिरंगे की शान और भारत के स्वाभिमान की रक्षा करेगा।

श्री भाटिया ने कहा कि सिख समाज ने देश की आजादी के लिए असंख्य कुर्बानियां दी हैं। तिरंगा हमारी शान और भारत हमारा स्वाभिमान है। इसकी आन, बान और शान की रक्षा के लिए सिख समाज सदैव तत्पर है। देश की एकता और अखंडता के लिए हम हर कुर्बानी देने को तैयार हैं।

चंद असामाजिक तत्व सिख समाज को कर रहे बदनाम।

वरिष्ठ नेता और सिख समाज के प्रतिनिधि नरेंद्र सलूजा ने कहा कि इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका में तिरंगे के अपमान के साथ भारतीय दूतावासों और मंदिरों में चंद असामाजिक तत्वों द्वारा की गई हरकत बेहद निंदनीय है। ये तत्व सिख समाज को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे तत्वों को जवाब देने के लिए यह प्रदर्शन किया गया। देश के अंदर और बाहर ऐसे तत्व जो देशविरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग हम सरकार से करते हैं।

प्रदर्शन में हरप्रीत सिंह बख्शी, ऋषि खनूजा सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के प्रबुद्धजन, गुरुसिंघ सभा के अन्य पदाधिकारी और अन्य समाजजन उपस्थित थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *