रेड चर्च सहित सभी कैथोलिक चर्चों में होगी विशेष प्रार्थना सभाएं।
इंदौर : ईसाई समाज के आराध्य प्रभु ईसा मसीह का अवतरण दिवस क्रिसमस के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर गिरजाघरों में व्यापक तैयारियां की गई हैं। रेड चर्च सहित सभी गिरजाघरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इस मौके पर कैरोल गीत गाए जाने के साथ विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाएंगी। प्रभु ईसा मसीह का अवतरण होते ही समाजजन एक – दूसरे को शुभकामनाएं देंगे।
बिशप थामस ने बताया कि शहर में नौ कैथोलिक गिरजाघर हैं जहां मंगलवार, 24 दिसंबर की मध्यरात्रि को विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाएंगी। रेड चर्च में प्रभु ईसा मसीह का अवतरण दिवस क्रिसमस धूमधाम से मनाया जाएगा। इसको लेकर तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कैरोल गीत गायन के साथ प्रभु ईसा मसीह के जन्म पर केंद्रित नाटिका का मंचन किया जाएगा। बाद में पवित्र मिस्सा बलिदान का शुभारंभ होगा। इसी के साथ पवित्र वेदी के सामने बनी चरनी में बालक यीशु की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा।
समाज के जनसंपर्क अधिकारी फादर सुमित ताहिर ने बताया कि बुधवार, 25 दिसंबर को सुबह 07 बजे पहली मिस्सा और 08.30 बजे दूसरी मिस्सा होगी। इसके बाद सुबह 10 बजे से चर्च के गेट सभी आम श्रध्दालुओं के लिये खोल दिए जाएंगे।उन्होंने बताया कि नव वर्ष की पूर्व संध्या पर 31 दिसंबर को भी जन सामूहिक विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन होगा।