बंदियों के हित में चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों का लिया जायजा।
हाइकोर्ट की इंदौर खंडपीठ के न्यायाधीश विवेक रुसिया सहित अन्य अतिथिगण रहे मौजूद।
इंदौर : केंद्रीय जेल इंदौर में मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार केथ उच्च न्यायालय खंडपीठ इंदौर के न्यायमूर्ति विवेक रूसिया ने बुधवार को केंद्रीय जेल, इंदौर का निरीक्षण किया। प्रिंसिपल रजिस्टर श्री त्रिपाठी जिला कलेक्टर आशीष सिंह एडिशनल सीपी अमित सिंह, जिला जज मोहम्मद अब्बासी एवं अन्य अतिथि भी इस दौरान मौजूद रहे। न्यायमूर्ति कैथ और रुसिया ने विभिन्न बैरकों में जाकर बंदियों से विधिक सहायता व अन्य समस्याओं को लेकर चर्चा की। बंदियों द्वारा कोई समस्या नहीं होना बताया गया। न्यायमूर्तियों ने केंद्रीय जेल इंदौर द्वारा बंदियों को दी जा रही नि:शुल्क विधिक सहायता की सराहना की। जेल अधीक्षक श्रीमती अलका सोनकर ने मुख्य न्यायाधीश कैथ व न्यायाधीश रुसिया को जेल में चलाए जा रहे उद्योग व उत्पाद निर्माण की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। न्यायमूर्तिगणों ने जेल चिकित्सालय एवं जेल किचन का भी निरीक्षण किया। हाइजीन के उच्च मानकों का अनुपालन किये जाने पर उन्होंने केंद्रीय जेल प्रशासन एवं जेल अधीक्षक की सराहना की।
इसी क्रम में मध्य प्रदेश जेल विभाग में प्रथम प्रयास के तौर पर महिला बंदिनियों के कौशल विकास हेतु केंद्रीय जेल इंदौर में नवनिर्मित महिला हथकरघा केंद्र का अतिथि न्यायाधीशगणों ने शुभारंभ किया। उन्होंने जेल उत्पादों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
जबलपुर हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एवं अन्य अतिथिगण केंद्रीय जेल इंदौर के सभागृह में आयोजित समारोह में भी सम्मिलित हुए। केंद्रीय जेल अधीक्षक श्रीमती अलका सोनकर ने अतिथियों को केंद्रीय जेल इंदौर में बंदियों के लिए संचालित गतिविधियों से परिचित कराया।
अपने उद्बोधन में मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैथ ने केंद्रीय जेल इंदौर की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए बंदियों के हित में लगातार प्रयास किए जाने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन उप जेल अधीक्षक संतोष लड़िया द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप अधीक्षक नागर व रघुवंशी, वरिष्ठ परीक्षा कल्याण अधिकारी अभिषेक दांगी एवं अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।