रंगपंचमी पर रंगों की मस्ती में डूबे लाखों इंदौरी

  
Last Updated:  April 1, 2024 " 01:04 pm"

गेरो ने मिटाया अपनों और गैरों का फर्क।

मुख्यमंत्री मोहन यादव भी हिंद रक्षक फाग यात्रा में हुए शामिल।

जमीन से अंबर तक छाई रंगों की सतरंगी छटा।

इंदौर : रंगपंचमी यूं तो देश के अनेक हिस्सों में मनाई जाती है पर पर इंदौरियों के लिए यह दिन किसी उत्सव से कम नहीं होता। लाखों लोग एकसाथ रंगों की ऐसी धमाल मचाते हैं कि जमी से आसमां तक रंगों की छटा बिखरी नजर आती है। इसके पीछे है बरसों से चली आ रही गेर की परंपरा। शहर के पश्चिम क्षेत्र में निकलने वाली गेरो व राधाकृष्ण फाग यात्रा में बच्चे, बुजुर्ग, युवा,महिलाएं और युवतियों सहित हर उम्र के लाखों लोग शिरकत कर इस रंगपर्व का पूरा लुत्फ उठाते हैं। कुछ ऐसा ही नजारा इस बार भी देखने को मिला। मिसाइलों से रंग बरसाती निकली गेर व हिंदरक्षक फाग यात्रा ने रंगों का ऐसा इंद्रधनुषी संसार रच दिया कि प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव भी इस सतरंगी माहौल का हिस्सा बनने के लिए खींचे चले आए। यही नहीं सात समंदर पार रहने वाले इंदौरी भी रंगोत्सव की इस मस्ती में डूबने के लिए खास तौर पर इंदौर आए। रंगों की रंगीनियत में झूमते, नाचते, गाते लाखों इंदौरियोँ ने एक एंबुलेंस को रास्ता देकर अपनी संवेदनशीलता का भी परिचय दिया।

हिंदरक्षक की फाग यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्व. लक्ष्मण सिंह गौड़ द्वारा स्थापित फाग यात्रा में शामिल हुए। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विधायक मालिनी गौड़, फाग यात्रा संयोजक एकलव्य गौड़ व अन्य नेताओं के साथ हजारों की तादाद में बच्चे, बुजुर्ग, युवा और मातृशक्तियां इस फाग यात्रा में शामिल होकर बरसते रंग – गुलाल में भीगते हुए रंगपर्व के उल्लास में डूबे हुए थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव लोगों का अभिवादन करने के साथ खुद भी रंगों की बौछार कर रंगोत्सव का पूरा मजा ले रहे थे। बाद में उन्होंने अन्य गेरों में भी भाग लेकर आयोजकों का उत्साह वर्धन किया। सीतलामाता बाजार से निकली फाग यात्रा के अलावा संगम कॉर्नर की गेर गोराकुंड से, रसिया कॉर्नर की गेर ओल्ड राजमोहल्ला से और मोरल क्लब की गेर छीपा बाखल से निकली। ये सभी गेर व फाग यात्रा रंगों की बौछार करती हुई खजुरी बाजार, एमजी रोड होते हुए राजवाड़ा पहुंची।

राजवाड़ा पर देखते ही बन रही थी रंगों की छटा।

सभी गेर और फाग यात्रा का केंद्र बिंदु राजवाड़ा चौक रहा। यहां जहां तक नजर दौड़ाई जाए, फिजा में बिखरते, घुलते रंग अद्भुत नजारा पेश कर रहे थे। लाखों लोग बैंड बाजे, ढोलक और डीजे की धुन पर नाचते, गाते, झूमते, थिरकते रंगों में रंगने, भीगने का आनंद ले रहे थे। जमी से अंबर तक रंग इस तरह बिखर रहे थे मानों कुदरत की सतरंगी छटा राजवाड़ा पर सिमट आई हो। लाखों इंदौरियोंं की इस भीड़ में न कोई पराया नहीं था। अपनों और गैरों का फर्क मिट गया था। सभी रंगोत्सव के उल्लास और मस्ती में जैसे डूब जाना चाहते थे।

महापौर भी डूबे रंगों की मस्ती में।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव एमआईसी सदस्यों के साथ गेर में शामिल होकर रंगों की धमाल मचाते दिखाई दिए। उन्होंने लोगों पर जमकर रंग उड़ाए और मस्ताने अंदाज में रंगपर्व की खुशियां बांटी।

एंबुलेंस को दिया रास्ता।

हुरियारों से ठसाठस भरे राजवाड़ा क्षेत्र में एकाएक एंबुलेंस आ गई। इस पर बिना समय गंवाए लोगों ने एंबुलेंस को रास्ता देकर अपने संवेदनशील होने का भी परिचय दिया।

झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र।

गेर व फाग यात्रा में राम मंदिर की प्रतिकृति, रामभक्त हनुमान और राधा- कृष्ण की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रही।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम।

रंगपंचपी पर निकली गेर व फाग यात्रा में एक अनुमान के मुताबिक पांच लाख से अधिक लोग शामिल हुए। बावजूद इसके,कड़े सुरक्षा इंतजामों के चलते कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। करीब दो हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए गए थे। ड्रोन की मदद से भी गेर मार्ग पर नजर रखी जा रही थी। जगह – जगह चेक प्वाइंट्स भी बनाएं गए थे। कलेक्टर आशीष सिंह और पुलिस कमिश्नर राकेश गुप्ता अस्थाई कंट्रोल रूम में बैठकर समूचे हालात पर नजर रखे हुए थे।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *