हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव का ऐलान, 12 नवंबर को होगा मतदान

  
Last Updated:  October 14, 2022 " 09:38 pm"

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव का ऐलान हो गया है। चुनाव आयोग ने तारीखों की घोषणा कर दी है। चुनाव आयोग के अनुसार हिमाचल की 68 विधानसभा सीटों के लिए 12 नवंबर को एक ही चरण में मतदान होगा। मतों की गिनती 8 दिसंबर को होगी। नामांकन 25 अक्टूबर तक दाखिल किए जा सकेंगे। 27 अक्टूबर तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 29 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। इस बार विधानसभा चुनाव में 55 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव के तारीख की घोषणा के साथ ही हिमाचल प्रदेश में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है।

80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग, दिव्यांग घर बैठे कर सकेंगे मतदान।

चुनाव आयोग के अनुसार 80 साल से ज्यादा उम्र के लोग, दिव्यांग या कोविड पॉजिटिव लोगों से एक फॉर्म भरवाया जाएगा। अगर वे पोलिंग बूथ पर नहीं आ सकते हैं तो निर्वाचन अधिकारी और कर्मी उनके घर पर जाकर मतदान करवाएंगे।

बहुमत के लिए 35 सीटों की दरकार।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में कुल 68 विधानसभा सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए 35 सीटें जीतने की दरकार होती है। हिमाचल विधानसभा की 68 सीटों के लिए 2017 में हुए चुनाव में भाजपा ने 44 सीटों पर जीत दर्ज की थी जबकि, कांग्रेस ने 21 सीटें हासिल की थी। बीजेपी ने जयराम ठाकुर को मुख्यमंत्री बनाया था।

55 लाख से अधिक हैं मतदाता।

हिमाचल प्रदेश में कुल 68 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 55,07,261 वोटर हैं। इनमें 27,80,208 पुरुष, 27,27,016 महिला मतदाता और 37 तृतीय लिंग के हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या बढ़कर 56 हजार हो गई है। इस बार 1470 नए दिव्यांग वोटर जुड़े हैं, जबकि वोटर लिस्ट के संशोधन के दौरान मृत्यु, स्थानांतरण तथा पंजीकरण के दोहराव आदि के कारण से 45,073 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।

Facebook Comments

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *