दुबई,जयपुर,ग्वालियर,भोपाल,जोधपुर और इंदौर की कथाकारों ने जीता पुरस्कार।
साहित्यकार डॉ.प्रेम कुमारी नाहटा के सौजन्य से आयोजित कहानी प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण समारोह वामा साहित्य मंच के बैनर तले हिंदी साहित्य समिति में संपन्न हुआ।देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. रेणु जैन कार्यक्रम की मुख्य अतिथि थीं। उन्होंने प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। दुबई, जयपुर, ग्वालियर, भोपाल, जोधपुर और इंदौर की कथाकारों ने पुरस्कार जीते। प्रतियोगिता में देश – विदेश से 74 प्रविष्ठियां आई थीं। इनमें से 10 कहानियों का चयन पुरस्कार के लिए किया गया। स्पर्धा की निर्णायक थीं मंगला रामचंद्रन, पद्मा सिंह और सीमा व्यास।
कहानियां अंतर्मन को झकझोर देती हैं।
इस मौके पर कुलपति डॉ. रेणु जैन ने कहा कि कहानियों का अपना संसार होता है। कई कहानियां मन को झकझोर देती हैं। श्रेष्ठ कहानीकारों की कहानियों को पुरस्कृत करने का यह उपक्रम सराहनीय है।
कार्यक्रम के आरंभ में अतिथि का स्वागत जयश्री नाहटा और रागिनी सिंह ने किया। स्वागत उद्बोधन अध्यक्ष इंदु पाराशर ने दिया। डॉ. प्रेम कुमारी नाहटा ने आत्मकथ्य प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता प्रभारी पद्मा राजेंद्र ने रूपरेखा प्रस्तुत की। निर्णायकों ने भी अपनी बात रखीं। सरस्वती वंदना संगीता परमार ने पेश की। संचालन स्मृति आदित्य ने किया। आभार डॉ. मुक्ता जैन ने माना। इस अवसर पर शहर के कई साहित्यकार उपस्थित रहे।